चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव हो चुका है। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पार्टी सूत्रों ने बताया कि विजय नई सरकार में गृह, पुलिस और सामान्य प्रशासन जैसे अहम विभाग अपने पास रख सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयत की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने शनिवार रात 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का दावा पेश करने के बाद विजय को औपचारिक रूप से सरकार बनाने का न्योता दिया।
विजय के साथ 9 मंत्री ले सकते हैं शपथ
सूत्रों के मुताबिक, विजय के साथ पहले चरण में नौ मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण से पहले संभावित मंत्रियों और उनके विभागों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ नेता के.ए. सेंगोट्टैयन को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जिम्मेदारी मिल सकती है, जबकि एन. आनंद को नगर प्रशासन विभाग सौंपे जाने की संभावना है। सी.टी.आर. निर्मल कुमार बिजली विभाग का कार्यभार संभाल सकते हैं।
इसके अलावा, आधव अर्जुन को खेल विकास मंत्रालय, राज मोहन को आदि द्रविड़ कल्याण विभाग और वी.एन.एस. मुस्तफा को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। पी. वेंकटरमणन को स्कूल शिक्षा विभाग मिल सकता है, जबकि अरुण राज को वाणिज्यिक कर एवं पंजीकरण विभाग सौंपा जा सकता है।
नई सरकार में कांग्रेस को भी प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता राजेश कुमार और विश्वनाथन को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।
तमिलनाडुः विजय ने राज्यपाल को 120 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा, आज लेंगे शपथ
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि वह अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई-एम, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने विजय को समर्थन दिया। सहयोगी दलों के समर्थन से गठबंधन की कुल संख्या 120 विधायकों तक पहुंच गई, जो बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से अधिक है। विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही तमिलनाडु में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।
आईएएनएस इनपुट के साथ



