Home भारत दिल्ली BJP मुख्यालय पर आतंकी हमले का अलर्ट, खुफिया इनपुट के बाद...

दिल्ली BJP मुख्यालय पर आतंकी हमले का अलर्ट, खुफिया इनपुट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली में हाल के महीनों में धमकी भरे संदेशों और बम अलर्ट की घटनाएं बढ़ी हैं। 13 अप्रैल को दिल्ली विधानसभा को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

0
bjp, delhi bjp headquarter,
संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर व्यापक निगरानी शुरू कर दी है।

नई दिल्लीः भाजपा (BJP) के प्रदेश मुख्यालय समेत कुछ अहम राजनीतिक और सरकारी परिसरों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद राजधानी के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर व्यापक निगरानी शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि आतंकी संगठन किसी बड़े हमले की साजिश रच सकते हैं। इनपुट में सुसाइड अटैक, कार बम, शूटआउट या आईईडी प्लांट किए जाने जैसे खतरे का जिक्र किया गया है। हालांकि अब तक इस संबंध में दिल्ली पुलिस या गृह मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इलाकों में सुरक्षा घेरा मजबूत

एहतियात के तौर पर भाजपा मुख्यालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर इनपुट को गंभीरता से लेते हुए किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी में जुटी हैं।

दिल्ली में हाल के महीनों में धमकी भरे संदेशों और बम अलर्ट की घटनाएं बढ़ी हैं। 13 अप्रैल को दिल्ली विधानसभा को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ईमेल में दावा किया गया था कि विधानसभा परिसर में साइनाइड गैस से भरे 15 आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो कुछ घंटों के भीतर विस्फोट कर सकते हैं। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की जांच की थी, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

इससे पहले 25 मार्च को भी दिल्ली विधानसभा को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और पुलिस की टीमों ने विधानसभा परिसर की गहन तलाशी ली थी, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ था।

राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता के बीच हाल ही में पंजाब में भी संदिग्ध विस्फोटों की घटनाएं सामने आई हैं। 5 मई को पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए कम तीव्रता वाले धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ज्यादा सतर्क हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने आशंका जताई थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर सकती है। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को हल्के में नहीं ले रही हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version