Home खेलकूद फुटबॉल फैंस के लिए खुशखबरी, भारत में इस नए चैनल पर होगा...

फुटबॉल फैंस के लिए खुशखबरी, भारत में इस नए चैनल पर होगा फीफा वर्ल्ड कप-2026 का प्रसारण

फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत 11 जून से हो रही है। इसका आयोजन इस बार अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में किया जा रहा है। पिछले कई दिनों से फीफा वर्ल्ड कप के भारत में प्रसारण को लेकर संशय बना हुआ था।

FIFA World Cup

नई दिल्ली: भारत में फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। अब यह आधिकारिक तौर पर साफ हो गया है कि फीफा वर्ल्ड कप-2026 और इसके बाद होने वाले आगामी संस्करणों का प्रसारण भारत में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के नए लॉन्च Unite8 Sports टीवी चैनलों पर किया जाएगा। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म की बात करें फैंस वर्ल्ड कप के मैच Zee5 पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकेंगे। फीफा वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

वर्ल्ड कप की शुरुआत 11 जून से हो रही है। इसका आयोजन अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में किया जा रहा है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह 2026 और 2030 फीफा वर्ल्ड कप, 2027 फीफा महिला वर्ल्ड कप और 2034 तक होने वाले अन्य प्रमुख फीफा आयोजनों के प्रसारण अधिकार भी अपने पास रखेगी। इसके साथ ही फीफा से जुड़े डॉक्यूमेंट्री और डॉक्यू-सीरीज कंटेंट भी भारतीय दर्शकों को उपलब्ध कराया जाएगा।

ZEE दिखाएगा फीफा के कई और इवेंट

पुरुष और महिला फीफा वर्ल्ड कप के अलावा जी के चैनलों पर अंडर-17 वर्ल्ड कप, महिला अंडर-17 वर्ल्ड कप, अंडर-20 वर्ल्ड कप, महिला अंडर-20 वर्ल्ड कप, फुटसल वर्ल्ड कप, महिला फुटसल वर्ल्ड कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप जैसे टूर्नामेंट भी दिखाए जाएंगे।

ZEEL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पुनीत गोयनका ने कहा, ‘हम दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। फुटबॉल क्षेत्र और डेमोग्राफी की सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ता है। मीडिया अधिकार हासिल करने और समर्पित खेल चैनल शुरू करने में किया गया निवेश इस खेल की दीर्घकालिक संभावनाओं में हमारे विश्वास को दर्शाता है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी रणनीति हमेशा ऐसे खेल आयोजनों में निवेश करने की रही है जिनकी वर्तमान में प्रासंगिकता हो और भविष्य में विकास की संभावनाएं भी मौजूद हों। फीफा के साथ हमारी साझेदारी हमें इस खेल के वास्तविक मूल्य को सामने लाने में मदद करेगी। साथ ही यह हमारी ग्रोथ और लाभप्रदता पर केंद्रित रणनीति के अनुरूप भी है तथा हर फुटबॉल प्रशंसक के लिए खेल के रोमांच को बढ़ाएगी।’

गौरतलब है कि फीफा और जियोस्टार (JioStar) के बीच मौजूदा और भविष्य के टूर्नामेंटों के प्रसारण अधिकारों की कीमत को लेकर सहमति नहीं बन पाने के बाद ZEEL इस सौदे में शामिल हुआ।

बहरहाल, दिलचस्प बात यह है कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप के प्रसारण अधिकारों की घोषणा टूर्नामेंट शुरू होने से दो सप्ताह से भी कम समय पहले हुई है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मेक्सिको सिटी में मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। अधिकांश मुकाबलों की तरह यह मैच भी भारतीय समयानुसार आधी रात के बाद शुरू होगा।

पैसों की वजह से लंबे समय तक रहा संशय

भारतीय दर्शकों के लिए कठिन टाइम जोन को लंबे समय से प्रसारकों की कम रुचि का एक प्रमुख कारण माना जाता रहा है। वैसे, कतर में आयोजित 2022 फीफा वर्ल्ड कप का समय भारतीय दर्शकों के लिए अनुकूल था और उसके प्रसारण अधिकार Viacom18 (जो अब जियोस्टार का हिस्सा है) ने 6.2 करोड़ डॉलर में खरीदे थे।

रिपोर्टों के मुताबिक, फीफा भारत में प्रसारण अधिकारों के लिए लगभग 10 करोड़ डॉलर की मांग कर रहा था, हालांकि वह इसे घटाकर 6 करोड़ डॉलर तक लाने को तैयार था। चीन में प्रसारण अधिकार हासिल करने वाले China Media Group ने कथित तौर पर आगामी संस्करण के लिए 6.2 करोड़ डॉलर का भुगतान किया है।

वहीं, जियोस्टार ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप के भारतीय प्रसारण अधिकारों का मूल्यांकन करीब 2 करोड़ डॉलर लगाया था, जो फीफा को स्वीकार नहीं था। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो पाया।

ZEE की खेल प्रसारण में वापसी

ZEEL ने पिछले वर्ष खेल प्रसारण क्षेत्र में दोबारा प्रवेश करने की अपनी योजना की घोषणा की थी। यह कदम उसने अपने स्पोर्ट्स चैनलों को आठ वर्ष पहले Culver Max Entertainment Private Limited (सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया का कॉर्पोरेट नाम) को बेचने के बाद उठाया था।

गौरतलब है कि ZEEL ने पहली बार 2005 में Zee Sports के साथ खेल प्रसारण क्षेत्र में कदम रखा था। इसके एक वर्ष बाद कंपनी ने Ten Sports का अधिग्रहण कर अपनी मौजूदगी को और मजबूत किया था।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version