भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने विराट कोहली और मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच कथित रूप से मतभेद या संवादहीनता की अटकलों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में गुरुवार खेले गए दूसरे वनडे के दौरान दोनों ने करीब 10 बार बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनके बीच (गंभीर और कोहली) किसी तरह के ‘ब्रिज’ या मध्यस्थ की जरूरत नहीं है।
कार्डिफ वनडे में भारत की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब कोटक से पूछा गया कि क्या वह विराट और गंभीर के बीच ‘ब्रिज’ की भूमिका निभा रहे हैं, तो उन्होंने इस बात को सिरे से नकार दिया।
कोटक ने कहा, ‘विराट और गौतम ने आज कम से कम 10 बार बात की होगी। मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी ब्रिज की जरूरत है। बल्लेबाजी के लिए मैदान पर जाने से पहले विराट ने मुझसे कुछ तकनीकी बातें की थीं। एक बल्लेबाजी कोच के तौर पर जब तक खिलाड़ी खुद कुछ महसूस न करे या आपको कोई तकनीकी समस्या न दिखे, तब तक उसकी बल्लेबाजी में ज्यादा दखल नहीं देना चाहिए। हमने मुख्य रूप से उनके फुटवर्क और कुछ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की थी। नेट्स के बाद भी हमारी बातचीत हुई। इसके अलावा जो अफवाहें चल रही हैं, वे कहां से आती हैं, मुझे नहीं पता, लेकिन आती जरूर हैं।’
बर्मिंघम के अभ्यास सत्र के बाद शुरू हुई थीं अटकलें
कोटक का यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले बर्मिंघम में पहले वनडे से पहले भारतीय टीम के अभ्यास सत्र की टीवी फुटेज के बाद सोशल मीडिया पर विराट कोहली और गौतम गंभीर के रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि अभ्यास के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत नहीं की, जिसके बाद उनके बीच पुराने मतभेद फिर चर्चा में आ गए। हालांकि, विराट और गंभीर पहले भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उनके बीच कोई समस्या नहीं है।
‘मैच के दौरान कोहली ने ड्रेसिंग रूम को भेजा था संदेश’
कोटक ने ये भी बताया दूसरे वनडे के दौरान कार्डिफ की पिच को लेकर बल्लेबाजी के दौरान विराट कोहली ने ड्रेसिंग रूम और मुख्य कोच गौतम गंभीर को संदेश भेजकर पिच के व्यवहार की जानकारी दी थी।
उन्होंने कहा, ‘जब पिच पर अलग-अलग गति और उछाल मिल रही हो तो बल्लेबाजों को जल्दी तालमेल बैठाना पड़ता है। विराट ने बल्लेबाजी करते समय हमें और मुख्य कोच को संदेश भेजा कि शॉर्ट गेंदें उम्मीद के मुताबिक तेजी से नहीं आ रही हैं। इससे हमें पिच को समझने में मदद मिली।’
कोटक ने वॉशिंगटन सुंदर की चोट पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसा लगा कि पहला रन लेते समय उनके हैमस्ट्रिंग में चोट लगी और यह गंभीर चोट प्रतीत हो रही थी। इसके तुरंत बाद वह आउट हो गए। इसके बाद टीम को साझेदारी की जरूरत थी, लेकिन अक्षर पटेल और शिवम भी जल्दी आउट हो गए।
कोहली और गंभीर के बीच विवाद की कहानी
विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच आईपीएल 2023 में उस समय तीखी बहस देखने को मिली थी, जब गंभीर लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर थे। यह विवाद काफी चर्चा में रहा था। हालांकि, आईपीएल 2024 में गंभीर के कोलकाता नाइट राइडर्स में लौटने के बाद दोनों खिलाड़ियों को मैदान पर गले मिलते हुए देखा गया था, जिसके बाद माना गया कि दोनों के बीच पुराने मतभेद खत्म हो चुके हैं।
जुलाई 2024 में भारतीय टीम के मुख्य कोच बनने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी गौतम गंभीर ने इस मुद्दे पर कहा था कि उनके और विराट के रिश्ते को लेकर बेवजह चर्चा होती है। गंभीर ने कहा था, ‘यह टीआरपी के लिए अच्छा विषय हो सकता है, लेकिन मेरा और विराट का रिश्ता सार्वजनिक चर्चा का विषय नहीं है। दो परिपक्व लोगों के बीच कैसा रिश्ता है, यह हमारे बीच की बात है। मैदान पर हर खिलाड़ी अपनी टीम और अपनी जर्सी के लिए पूरी ताकत से लड़ता है और जीतना चाहता है। मैदान पर जो होता है, वह वहीं तक सीमित रहता है।’
वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जता चुके हैं विराट
विराट कोहली ने इस साल मई में आरसीबी पॉडकास्ट पर कहा था कि वह 2027 वनडे विश्व कप खेलना चाहते हैं, लेकिन तभी तक खेलेंगे जब तक उन्हें लगेगा कि वह टीम के लिए योगदान दे सकते हैं।
कोहली ने कहा था, ‘मुझसे कई बार पूछा गया कि क्या मैं 2027 का विश्व कप खेलना चाहता हूं। अगर मैं क्रिकेट खेल रहा हूं तो जाहिर है मैं आगे भी खेलना चाहता हूं। भारत के लिए विश्व कप खेलना हमेशा खास होता है। लेकिन अगर मुझे यह महसूस कराया गया कि मुझे अपनी अहमियत साबित करनी पड़ेगी, तो मैं उस स्थिति में नहीं रहना चाहूंगा। जब तक मुझे और टीम को लगेगा कि मैं योगदान दे सकता हूं, तब तक खेलता रहूंगा।’
बता दें कि कार्डिफ वनडे में विराट कोहली ने 65 रन की पारी खेली, हालांकि वह जोफ्रा आर्चर की गेंद पर टॉप एज लगने के कारण आउट हो गए।
मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से कोहली वनडे क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में शतक लगाया था, जबकि जनवरी 2026 में इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शतकीय पारी खेली थी।
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे और अंतिम वनडे के बाद विराट कोहली का अगला लक्ष्य सितंबर में घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी।
यह भी पढ़ें- इंग्लैंड पर रोमांचक जीत के बाद अर्जेंटीना की टीम के जश्न पर क्यों हुआ विवाद? फीफा कर सकता है कार्रवाई



