नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (4 मई) को ओडिशा की अदालतों द्वारा कुछ आरोपियों जिनमें ज्यादातर दलित और आदिवासी हैं को जमानत की शर्त के रूप में पुलिस स्टेशनों की सफाई करने का आदेश देने पर कड़ी आपत्ति जताई।
सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाला बागची की पीठ ने कहा कि ऐसे आदेश मानवाधिकारों का उल्लंघन करते हैं और व्यक्तियों की गरिमा पर प्रहार करते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
अदालत ने कहा कि “हम ओडिशा न्यायपालिका द्वारा प्रदर्शित प्रतिगामी मानसिकता से बेहद निराश और हताश हैं और इसकी कड़ी निंदा करते हैं जो स्पष्ट रूप से मानवाधिकारों का उल्लंघन है और अभियुक्तों की गरिमा पर आघात है।”
पीठ ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आदेश हाशिए पर पड़े समुदायों के खिलाफ जातिगत पूर्वाग्रह को उजागर करते हैं। अदालत ने अपनी टिप्पणी में कहा कि ” यह बात बिल्कुल सही है कि इससे न्यायपालिका का पूर्वाग्रह उजागर होता है क्योंकि आरोपी हाशिए पर स्थित समुदाय से हैं और इसलिए उन पर इस तरह की बोझिल शर्तें लगाना उचित है। यह तर्क दिया गया है कि संपन्न लोगों को जमानत देते समय ऐसी शर्तें नहीं लगाई जातीं। इन शर्तों का स्वरूप इतना क्रूर और घृणित है कि इससे ओडिशा की न्यायपालिका जाति आधारित प्रतीत होती है। संविधान के माध्यम से जनता द्वारा दिया गया सबसे अनमोल उपहार वास्तविक समानता के द्वारा जातिविहीन समाज था। न्यायपालिका से ऐसे अधिकारों की रक्षा करने की अपेक्षा की जाती है। संविधान के 75 वर्षों के सफर में न्यायपालिका ने यह सुनिश्चित किया है कि राज्य की शक्ति जनता के अधिकारों को कमजोर न कर सके। “
यह भी पढ़ें – विजय ने तमिलनाडु में वो कमाल कैसे कर दिखाया जिसे रजनीकांत और कमल हासन नहीं कर सके?
इसलिए इसने ओडिशा की अदालतों द्वारा लगाई गई ऐसी शर्तों को शून्य और अमान्य घोषित किया और आरोपी व्यक्तियों को ऐसी शर्तों को हटाने के लिए उच्च न्यायालय में जाने की स्वतंत्रता दी।
राज्य की अदालतों की शर्तों को अमान्य घोषित करते हैं
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ” हम राज्य की अदालतों द्वारा लगाई गई ऐसी सभी शर्तों और इसी तरह की अन्य शर्तों को अमान्य घोषित करते हैं। याचिकाकर्ता उड़ीसा उच्च न्यायालय से ऐसी शर्तों को तुरंत हटाने और उनके स्थान पर कोई अन्य समान शर्त न लगाने का अनुरोध करें। आरोपी जमानत पर रहेंगे। “
न्यायालय ने आगे कहा कि अदालतों को ऐसी शर्तें लगाने से बचना चाहिए जिनमें जातिगत रंग हो और जो सामाजिक तनाव पैदा कर सकें। पीठ ने आदेश दिया कि ” हमारा दृढ़ मत है कि किसी भी अन्य राज्य की न्यायपालिका को ऐसी जातिगत शर्तें नहीं लगानी चाहिए जिनसे सामाजिक तनाव उत्पन्न हो सके। अतः यह आदेश देश भर के सभी न्यायिक अधिकारियों को भेजा जाए ताकि वे ऐसी शर्तें न लगाएं। “
यह भी पढ़ें – तमिलनाडुः स्टालिन नहीं बचा पाए अपनी सीट, पुराने सहयोगी ने दी मात
ओडिशा की अदालतों द्वारा लगाई गई जमानत की शर्तों को लेकर विभिन्न समाचार रिपोर्टों के सामने आने के बाद अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एक मामले की सुनवाई शुरू की। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, ओडिशा उच्च न्यायालय सहित विभिन्न अदालतों ने आरोपियों को जमानत पर रिहाई के लिए पुलिस स्टेशनों की सफाई करने का निर्देश दिया था।
ऐसे कई मामलों में दलित और आदिवासी शामिल थे जो राज्य में खनन विरोधी प्रदर्शनों में शामिल थे। बार एंड बेंच की खबर के मुताबिक, अकेले ओडिशा उच्च न्यायालय ने पिछले छह महीनों में ऐसे 50 आदेश पारित किए हैं।
सुप्रीम कोर्ट में आज जब स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई हुई तब पीठ ने कहा कि ओडिशा की अदालतों द्वारा लगाई गई शर्तें आपत्तिजनक थीं।

