नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के साथ-साथ असम में भी भाजपा की हैट्रिक के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम समर्थकों को दिल्ली में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल खिल गया है। पीएम मोदी ने अपने भाषणा के दौरान चुनाव आयोग, वोटिंग प्रक्रिया में शामिल लोगों और सुरक्षाकर्मियों को भी धन्यवाद दिया और कहा कि भारतीय लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने में उनके योगदान को इतिहास हमेशा याद रखेगा।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय से समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, तब मैंने इसी जगह से, कहा था कि गंगा बिहार से आगे गंगासागर तक बहती है। और आज बंगाल में जीत के साथ, गंगोत्री से गंगासागर तक, हर जगह कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल, आज गंगा के ईर्दगिर्द बसे राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘2013 में, जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में जिम्मेदारी सौंपी और जब मैं काशी में अपना नामांकन दाखिल करने गया, तो पत्रकारों ने मुझे घेर लिया। उस समय मेरे हृदय में एक सहज भावना जागी और मैंने कहा था कि मैं न खुद से आया हूँ, न ही किसी ने मुझे भेजा है, माँ गंगा ने मुझे बुलाया है। और आज, हर पल, मुझे ऐसा लगता है कि माँ गंगा का आशीर्वाद हम सब पर निरंतर बरस रहा है।’
पीएम ने आगे कहा, ‘मां गंगा के साथ-साथ हमें ब्रह्मपुत्र का भी आशीर्वाद मिला है। माँ कामाख्या ने भी हमें आशीर्वाद दिया है। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा और एनडीए पर अपना विश्वास जताया है, यह एक हैट्रिक है।’
चुनाव आयोग का अभिनंदन करता हूं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं। भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।’
‘बदला नहीं बदलाव की बात होनी चाहिए’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज जब बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया है, तो मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहता हूं, बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो गईं। मेरा स्पष्ट मानना है कि आज से बंगाल की इन चुनावी आदतों में बदलाव आना चाहिए। आज जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।’

पीएम ने अपने संबोधन में केरल के नतीजों का जिक्र करते हुए यूपी की भी चर्चा छेड़ी। पीएम ने कहा, ‘केरलम में लेफ्ट के 10 सालों के कुशासन का फायदा कांग्रेस को जरूर मिला है। लेकिन मुझे विश्वास है कि केरलम की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगीं। जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोका है, उसे भी उत्तर प्रदेश की महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा। महिला विरोधी समाजवादी पार्टी कुछ भी कर ले, लेकिन अपने पाप को कभी धो नहीं पाएगी।’
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में BJP ने कैसे दिया ममता बनर्जी को झटका, ये हैं जीत की 5 बड़ी वजहें

