Home विश्व पाकिस्तान: क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास ‘फिदायीन’ हमला, 24 की मौत;...

पाकिस्तान: क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास ‘फिदायीन’ हमला, 24 की मौत; बीएलए ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रेलवे ट्रैक के पास फिदायीन हमला हुआ। हमले की जिम्मेदारी बलोच लिब्रेशन आर्मी (बीएलए) ने ली।

pakistan-suicide-attack-in-quetta-two-dozens-dead-many-injured, पाकिस्तान, क्वेटा
फोटोः आईएएनएस

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रविवार (24 मई) रेलवे ट्रैक के पास पास एक भीषण विस्फोट हुआ। इसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमला हुआ। हमले की जिम्मेदारी बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ली। देश की सरकारी न्यूज एजेंसी एपीपी ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से लिखा कि यह हमला शटल ट्रेन पर हुआ। यह शटल ट्रेन क्वेटा कैंट से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। सुबह 8 बजे के करीब चमन फाटक के पास इसे निशाना बनाया गया।

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, यह धमाका चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। धमाके के तुरंत बाद प्रतिबंधित बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि यह एक ‘फिदायीन’ यानी आत्मघाती हमला था जिसके निशाने पर पाकिस्तानी सैन्यकर्मी थे।

बीएलए ने ली हमले की जिम्मेदारी

बीएलए ने अपने बयान में कहा कि उसकी मजीद ब्रिगेड जिसे समूह की आत्मघाती इकाई बताया जाता है ने एक “बहुत ही सुनियोजित” हमला किया। इस हमले में कथित तौर पर क्वेटा कैंट से सैन्यकर्मियों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाया गया।

बीएलए ने कहा, “आज (24 मई) सुबह, बलोच लिबरेशन आर्मी की फिदायीन इकाई मजीद ब्रिगेड ने क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को एक अत्यंत संगठित फिदायीन हमले में निशाना बनाया। बलोच लिबरेशन आर्मी इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करती है। ऑपरेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी, तथा दुश्मन को हुए भौतिक और मानवीय नुकसान का विवरण जल्द ही एक आधिकारिक बयान में मीडिया को जारी किया जाएगा।”

यह भी पढ़ें – अमेरिका-ईरान 60 दिन के संघर्ष विराम पर सहमत! खुल सकता है होर्मुज स्ट्रेटः रिपोर्ट

सरकार या स्थानीय मीडिया ने हालांकि इसे आत्मघाती बताने से परहेज किया है। धमाके की पुष्टि करते हुए पाकिस्तान रेलवे ने कहा कि राहत कार्यों के लिए रेस्क्यू ट्रक और एक राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई है। पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें इंजन भी शामिल है जबकि दो डिब्बे पलट गए।

सुरक्षा बलों ने शुरू किया बचाव कार्य

सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर बचाव अभियान शुरू किया। रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने इस हमले की निंदा की। अब्बासी ने हमले को कायरतापूर्ण आतंकवादी कार्रवाई बताया और कहा कि इससे देश का आतंकवाद के खिलाफ संकल्प कमजोर नहीं होगा। उन्होंने इसका ठीकरा भी पड़ोसी मुल्क (भारत) पर डाल दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना पर तुरंत रि पोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने आगे यह भी कहा कि हमले के बावजूद पाकिस्तान रेलवे की परिचालन गतिविधियां बिना रुकावट जारी रहेंगी। वहीं, जियो न्यूज ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से बताया कि धमाके के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।

गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने कहा कि शहर में हुए विस्फोट के बाद सभी संबंधित संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सुरक्षा कारणों से घटनास्थल के पास एकत्र न हों ताकि आपातकालीन टीमें बिना किसी बाधा के राहत और बचाव कार्य कर सकें।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version