Home विश्व एंडी बर्नहैम चुने गए लेबर पार्टी के नेता, ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री...

एंडी बर्नहैम चुने गए लेबर पार्टी के नेता, ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के रूप में लेंगे शपथ

andy-burnham-elected-labour-party-leader will become next pm of britain, एंडी बर्नहैम
फोटोः एक्स

लंदन: यूनाइटेड किंगडम में एंडी बर्नहैम को शुक्रवार (17 जुलाई) को लेबर पार्टी का नेता चुना गया है। वह ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बनेंगे। सोमवार (20 जुलाई) को उनके शपथ लेने की संभावना है। केंद्रीय लंदन में एक विशेष कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्हें पार्टी का नेता चुना गया है। लेबर पार्टी ने उन्हें पार्टी का नेता चुने जाने पर बधाई दी।

द गार्जियन की खबर के मुताबिक, होम सेक्रेटरी शबाना महमूद ने बर्नहैम के नए लेबर नेता बनने की पुष्टि करते हुए कहा कि ” दोस्तों, यह कोई बहुत कड़ा मुकाबला नहीं था। ” उन्होंने कहा कि एक अकेले सांसद (नील कॉयल, जिन्होंने कैथरीन वेस्ट को नॉमिनेट किया था) की कोशिशों के बावजूद, सिर्फ एक ही योग्य उम्मीदवार था।

ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बनेंगे एंडी बर्नहैम

लेबर पार्टी में अपने पहले भाषण के दौरान एंडी बर्नहैम ने कहा कि वह ” पार्टी की अगुवाई करने और कीर स्टार्मर द्वारा रखी गई नींव को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। ” उन्होंने कहा कि स्टार्मर के नेतृत्व में पार्टी अपनी सबसे खराब हार से सबसे अच्छी जीत तक पहुंची और लेबर पार्टी को लोगों की जिंदगी बदलने की स्थिति में ला खड़ा कर दिया।

एंडी बर्नहैम अपने भाषण के दौरान अपने पूर्ववर्ती कीर स्टार्मर की कई उपलब्धियों का जिक्र करते हैं। इनमें NHS में इंतजार का समय कम होना और दुनिया भर में ब्रिटेन की साख को फिर से बनाना शामिल है। बता दें कि एनएचएस वेटिंग यूके में सरकारी स्वास्थ्य तंत्र में किसी मरीज के उपचार के लिए इंतजार का समय होता है।

बर्नहैम ने अपने भाषण में कहा कि ” मैं नेतृत्व करने और उस नींव को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हूं जिसे किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में एक व्यक्ति ने सबसे ज्यादा मजबूत किया है। कीर स्टार्मर के नेतृत्व में हमने अपनी सबसे बुरी हार से उबरकर इतिहास की सबसे शानदार जीतों में से एक हासिल की। “

उन्होंने आगे कहा कि कीर ने लेबर पार्टी को फिर से लोगों की जिंदगी बदलने की स्थिति में पहुंचाया और पिछले दो सालों से हम यही काम कर रहे हैं।

बर्नहैम की टीम में किसके शामिल होने की उम्मीद?

बर्नहैम का कहना है कि पार्टी को यह मानकर शुरुआत करनी चाहिए कि ” नेताओं की यह पीढ़ी ” उस राजनीतिक संस्कृति और आर्थिक मॉडल को चुनौती देने में नाकाम रही है जो ” आम लोगों के लिए ठीक से काम नहीं करता। ” वे कहते हैं कि ” हम उनसे बेहतर बनने का वादा करते हैं। “

उन्होंने कहा कि वह सभी तरह की राय का सम्मान करते हुए एकता बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि उनकी टॉप टीम में कौन-कौन होगा लेकिन टीम में पार्टी के सभी वर्गों की आवाज शामिल होगी।

यह भी पढ़ें – बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर फिर हमला , BLA का दावा- 45 सैनिक मारे गए

कीर स्टार्मर ने हाल में प्रधानमंत्री पद से दिया था इस्तीफा

गौरतलब है कि हाल ही में कीर स्टार्मर द्वारा प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के चलते लेबर पार्टी में नेता का चुनाव होना था। उन्होंने 22 जून 2026 को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा की थी। गौरतलब है कि स्टार्मर बीते 10 सालों में ब्रिटेन के पीएम पद से इस्तीफा देने वाले सातवें व्यक्ति हैं।

स्टार्मर के सबसे सीनियर मंत्रियों में से एक येवट कूपर ने पिछले हफ्ते के अंत में स्टार्मर को प्राइवेट तौर पर यह मैसेज दिया। समर्थकों से बात करते हुए कीर स्टार्मर ने कहा था कि उन्होंने जो भी फैसले लिए, वे देश को सबसे पहले रखने की इच्छा से लिए थे। उन्होंने कहा कि ” मैंने अपनी पार्टी से जवाब सुना है और मैं उस जवाब को खुशी-खुशी स्वीकार करता हूं।”

स्टार्मर के इस्तीफे के बाद से ही एंडी बर्नहैम के ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने की अटकलें तेज हो गईं थीं। हाल ही में बर्नहैम ने उत्तरी इंग्लैंड के मेकरफील्ड निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में अच्छी खासी जीत हासिल की। इतना ही नहीं उन्होंने अपने टक्कर में खड़े रिफॉर्म यूके के कैंडिडेट को पराजित किया। वो भी ऐसे समय में जब लेबर पार्टी की साख लगातार गिर रही है। इससे पहले वे ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर के रूप में कार्यरत थे जो ब्रिटेन के सबसे बड़े और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों में से एक है।

56 वर्षीय बर्नहैम को अब लेबर पार्टी के भीतर एक ऐसे नेता के रूप में देखा जा रहा है जो ब्रिटेन की आर्थिक दिशा को नए सिरे से परिभाषित करने की क्षमता रखते हैं। उनके समर्थक उनके दृष्टिकोण को “मैनचेस्टरिज्म” नाम दे रहे हैं जो मैनचेस्टर के तीव्र आर्थिक विकास और शहरी पुनर्निर्माण के अनुभवों पर आधारित एक मॉडल है।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version