Home भारत कुवैत एयरपोर्ट पर हुए हमले की भारत ने की निंदा, एक भारतीय...

कुवैत एयरपोर्ट पर हुए हमले की भारत ने की निंदा, एक भारतीय नागरिक की भी मौत; विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

mea condemns attack on quwait airport, भारतीय विदेश मंत्रालय, कुवैत
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्ली: कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार (3 जून को) हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए अपनी अपील को दोहराया।

भारत सरकार ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही वह लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि नागरिक आबादी और नागरिक बुनियादी ढांचे को किसी भी परिस्थिति में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से ऐसे हमलों को तुरंत रोकने और संयम बरतने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय ने मृतक भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत उनके साथ खड़ा है। साथ ही घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कुवैत स्थित भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

यह भी पढ़ें – ‘हम असली विपक्ष’, TMC के बागी गुट को स्पीकर की मंजूरी, ऋतब्रत बनर्जी बने नेता प्रतिपक्ष

बयान के मुताबिक भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और घायल भारतीयों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। दूतावास द्वारा चिकित्सा सहायता, आवश्यक दस्तावेजी सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

दूतावासों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

भारत सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थित सभी भारतीय मिशनों और दूतावासों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय समुदाय की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए मिशन लगातार सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्रदान कर रहे हैं।

बुधवार (3 जून) तड़के कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। कुवैत के विदेश मंत्रालय के अनुसार ईरान ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया। दावा किया कि बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के माध्यम से “क्रूर हमले” जारी रखे गए।

यह भी पढ़ें – डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जी. परमेश्वर बने उपमुख्यमंत्री

इससे पहले कुवैती रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल-1 (टी1) को कई ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया, जिससे टर्मिनल भवन को भारी नुकसान पहुंचा और कई लोग घायल हो गए।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version