Home मनोरंजन ‘आवारापन 2’, ‘मातृभूमि’, ‘टॉक्सिक’ और ‘किंग’…जुलाई से दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर...

‘आवारापन 2’, ‘मातृभूमि’, ‘टॉक्सिक’ और ‘किंग’…जुलाई से दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगी ये बड़ी फिल्में

24 जुलाई को एक साथ पांच हिंदी फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिससे साल का पहला बड़ा मल्टी-फिल्म क्लैश देखने को मिलेगा। सबसे चर्चित फिल्मों में ‘द इंडिया स्टोरी’ शामिल है।

0
box office clash, box office clash 2026, 2026 box office clash
जुलाई से दिसंबर तक..बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश दिखने को मिलेगा।

साल 2026 की दूसरी छमाही भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बेहद अहम होने जा रही है। जुलाई से दिसंबर के बीच सिनेमाघरों में एक के बाद एक कई मेगा बजट और चर्चित फिल्में रिलीज होने वाली हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई फिल्में एक ही तारीख पर आमने-सामने होंगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। शाहरुख खान, सलमान खान, यश, इमरान हाशमी, सनी देओल, राजकुमार राव, अक्षय कुमार, सैफ अली खान और कार्थि जैसे सितारे इस दौर में अपनी फिल्मों के साथ दर्शकों के सामने होंगे।

24 जुलाई से शुरू होने वाला यह क्लैश दिसंबर के क्रिसमस वीकेंड तक जारी रहेगा। कहीं पांच फिल्में एक ही दिन रिलीज हो रही हैं तो कहीं दो बड़े सुपरस्टार आमने-सामने हैं। स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी, दशहरा, दिवाली और क्रिसमस जैसे बड़े त्योहारों पर भी निर्माता अपनी फिल्मों को उतार रहे हैं, जिससे सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए विकल्प तो बढ़ेंगे, लेकिन फिल्मों के बीच कमाई और कंटेंट के लिहाज से कड़ा मुकाबला भी देखने को मिल सकता है।

24 जुलाई: पांच फिल्मों का सबसे बड़ा मुकाबला

24 जुलाई को एक साथ पांच हिंदी फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिससे साल का पहला बड़ा मल्टी-फिल्म क्लैश देखने को मिलेगा। सबसे चर्चित फिल्मों में ‘द इंडिया स्टोरी’ शामिल है। चेतन डीके के निर्देशन में बनी इस सामाजिक-मानवीय ड्रामा फिल्म में काजल अग्रवाल, श्रेयस तलपड़े, मुरली शर्मा, मनीष वाधवा और अतुल तिवारी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म बदलते सामाजिक परिवेश में आम लोगों के संघर्ष की कहानी कहती है।

इसी दिन मिलाप जावेरी निर्देशित फैमिली ड्रामा ‘तेरा यार हूं मैं’ भी रिलीज होगी। परेश रावल, जॉनी लीवर, सुप्रिया पिलगांवकर, मृणाल कुलकर्णी और अमन इंद्र कुमार अभिनीत यह फिल्म दोस्ती और पारिवारिक रिश्तों की भावनात्मक कहानी है।

राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश पहली बार ‘रफ्तार’ में साथ नजर आएंगे। आदित्य निम्बालकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म महत्वाकांक्षा, रिश्तों और जिंदगी की तेज रफ्तार के बीच संघर्ष को दिखाएगी।

पौराणिक और एडवेंचर शैली की ‘इंद्रजाल’ और ‘दुल्हिनिया ले जाएंगे’ भी 24 को ही रिलीज होगी। इंद्रजाल प्राचीन भारतीय इतिहास और नीलवंती की रहस्यमयी कथा पर आधारित है, जबकि ‘दुल्हनिया ले आएगी’ एक पारिवारिक कॉमेडी है, जिसमें खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पीयूष मिश्रा प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

अगस्त: सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस रण

फिल्मों के लिराज से अगस्त भी इस साल का सबसे व्यस्त महीना माना जा रहा है। 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की देशभक्ति फिल्म ‘बंटवारा 1947’ आमने-सामने होंगी। दोनों फिल्मों का अपना मजबूत दर्शक वर्ग है और ट्रेड विशेषज्ञ इसे साल के सबसे बड़े क्लैश में से एक मान रहे हैं।

इसी दौरान सलमान खान की बहुचर्चित फिल्म ‘मातृभूमि’ भी रिलीज के लिए तैयार है। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘बंटवारा 1947’ और ‘मातृभूमि’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट स्वतंत्रता दिवस के माहौल को और दिलचस्प बना सकते हैं।

वास्तविक घटनाओं से प्रेरित राजकुमार राव की ‘प्रहार’ भी अगस्त में रिलीज होगी। वहीं, 26 अगस्त को लंबे समय से चर्चा में रही यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में पहुंचेगी। पहले इसकी रिलीज कई बार टल चुकी है। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में हैं।

इसके दो दिन बाद 28 अगस्त को भी तीन फिल्मों का मुकाबला होगा। अनुपम खेर और बोमन ईरानी की ‘खोसला का घोसला 2’, श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘विवान’ एक ही दिन रिलीज होंगी। ‘ईठा’ प्रसिद्ध लावणी कलाकार के जीवन पर आधारित फिल्म है।

सितंबर: दक्षिण से बॉलीवुड तक मुकाबला

सितंबर में तमिल और हिंदी फिल्मों के बीच भी दिलचस्प टक्कर देखने को मिलेगी। कार्थि की स्पाई एक्शन थ्रिलर ‘सरदार 2’ और लोकप्रिय हॉरर फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी ‘डेमोंटे कॉलोनी 2’ क्रमशः 10 और 11 सितंबर को रिलीज होंगी।

इसी महीने लोकप्रिय वेब सीरीज का फिल्म संस्करण ‘मिर्जापुर द मूवी’ बड़े पर्दे पर आएगा। इसके अलावा ऐतिहासिक फिल्म ‘रणबाली’ और अक्षय कुमार तथा सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ भी रिलीज के लिए तैयार हैं।

दिवाली पर मेगा बजट फिल्मों की एंट्री

साल के सबसे बड़े त्योहार दिवाली पर भी बड़े बैनर अपनी फिल्में रिलीज करने की तैयारी में हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा ‘रामायण’ को लेकर है। फिल्म के पैमाने और स्टारकास्ट को देखते हुए ट्रेड को इससे रिकॉर्डतोड़ कारोबार की उम्मीद है।

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस पौराणिक महाकाव्य में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (सीता) और यश (रावण) मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की पहली झलक या टीजर हनुमान जयंती के अवसर पर 2 अप्रैल, 2026 को आधिकारिक तौर पर जारी किया गया था। फिल्म के नवंबर के शुरुआती हफ्ते में रिलीज की संभावना है।

क्रिसमस पर शाहरुख की वापसी

24 दिसंबर को क्रिसमस वीकेंड पर शाहरुख खान लगभग तीन साल बाद ‘किंग’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म साल की सबसे बड़ी रिलीज में गिनी जा रही है।

इसी दिन हॉरर फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ भी रिलीज प्रस्तावित है। हालांकि ट्रेड रिपोर्ट्स में चर्चा है कि ‘किंग’ के सामने टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज टाली जा सकती है, लेकिन अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

फिल्म कारोबार से जुड़े जानकारों का मानना है कि 2026 की दूसरी छमाही हिंदी सिनेमा के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। बड़े सितारों की मौजूदगी, विविध विषयों पर आधारित कहानियां और त्योहारों के दौरान रिलीज होने वाली फिल्मों से सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

हालांकि, लगातार बड़े क्लैश का असर फिल्मों की कमाई पर भी पड़ सकता है। एक ही सप्ताह या एक ही दिन कई चर्चित फिल्मों के रिलीज होने से स्क्रीन शेयरिंग, शो टाइम और शुरुआती बॉक्स ऑफिस कलेक्शन प्रभावित हो सकते हैं।

छत्तीसगढ़: पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, दुर्ग में अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version