Home मनोरंजन छत्तीसगढ़: पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, दुर्ग में अंतिम दर्शन के...

छत्तीसगढ़: पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, दुर्ग में अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग

तीजन बाई छत्तीसगढ़ की महान लोक गायिका थीं जिन्होंने पंडवानी गायन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। तीजन बाई अपनी सशक्त आवाज, प्रभावशाली अभिनय और अनोखी प्रस्तुति शैली के लिए जानी जाती थी।

chhattisgarh folk singer teejan bai passed away at 70 pm modi and cm vishnu deo sai expressed grief, छत्तीसगढ़
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

दुर्ग: पंडवानी गायिका तीजन बाई का रायपुर स्थित एम्स में निधन हो गया। पद्मविभूषण से सम्मानित गायिका ने 70 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को दुर्ग स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे। कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी कला को याद करते हुए भावुक नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

तीजन बाई छत्तीसगढ़ की महान लोक गायिका थीं जिन्होंने पंडवानी गायन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। तीजन बाई अपनी सशक्त आवाज, प्रभावशाली अभिनय और अनोखी प्रस्तुति शैली के लिए जानी जाती थी। उन्होंने पंडवानी गायन को देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक में नई पहचान दिलाई। महाभारत की कथाओं को सुनाने की प्रेरणा उन्हें नाना से मिली थी, जिससे बचपन से ही वह कला के क्षेत्र में अग्रणी रहीं।

छत्तीसगढ़ की लोकगायिका तीजन बाई का निधन

भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह हमारे देश और छत्तीसगढ़ दोनों के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि तीजन बाई को भारत सरकार द्वारा पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण, तीनों सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा गया। उनके जैसे विरले कलाकार सदियों में जन्म लेते हैं। एक छोटे से गांव में पली-बढ़ीं तीजन बाई ने अपनी लोक कला के माध्यम से न केवल अपना, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया। उन्होंने दुनिया के 26 देशों में पंडवानी कला की प्रस्तुति देकर भारतीय लोक संस्कृति का परचम लहराया।”

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए आगे कहा, “तीजन बाई की बुलंद आवाज, उनकी अद्वितीय कला और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा एक महान प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।”

पीएम मोदी और सीएम विष्णु देव साय ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीजन बाई के निधन पर शोक जताया। उन्होंने X पर लिखा कि ” उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक कला को अपनी भव्य प्रस्तुति से दुनियाभर में पहचान दिलाई। उनका जाना कला और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। “

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि पंडवानी के जरिए उन्होंने देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन किया।

गौरतलब है कि रायपुर एम्स में लंबे समय से बीमार चल रहीं तीजन बाई ने शनिवार (4 जुलाई) देर रात अंतिम सांस ली थी। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर दुर्ग लाया गया लोग उन्हें अंतिम बार देखने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े। कई लोगों ने उनकी तस्वीरों और यादों के साथ श्रद्धांजलि दी।

तीजन बाई का जन्म छत्तीसगढ़ के भिलाई क्षेत्र में हुआ था और बचपन से ही उनका जुड़ाव लोक कला पंडवानी से रहा। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही मंच पर प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी दमदार आवाज, मंच पर जीवंत अभिनय और महाभारत की कथाओं को प्रस्तुत करने का अनोखा अंदाज उन्हें अन्य कलाकारों से अलग बनाता था।

यह भी पढ़ें – इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण वाले विज्ञापनों को लेकर Meta को केंद्र सरकार का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version