Home खेलकूद IND Vs IRE: वैभव सूर्यवंशी को पहले T20 में क्यों नहीं मिला...

IND Vs IRE: वैभव सूर्यवंशी को पहले T20 में क्यों नहीं मिला डेब्यू का मौका, कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या बताया?

वैभव सूर्यवंशी को पहले टी20 में मौका नहीं मिला, लेकिन वे अब भी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिखने के बेहद करीब हैं। आने वाले दिनों में वे भारत की पुरुष टीम के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। अभी ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के पास है।

0
Vaibhav Suryavanshi
फाइल फोटो- IANS

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते नए सितारे वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण देखने का इंतजार फिलहाल और बढ़ गया है। आयरलैंड के खिलाफ शुक्रवार को बेलफास्ट में पहले टी20 मुकाबले में 15 साल के बल्लेबाज को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले से ही वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर चर्चा चल रही है। पहले टी20 में हालांकि टॉस के साथ ही टीम इंडिया के नए कप्तान श्रेयस अय्यर इस पर चल रही अटकलों को खत्म करते हुए साफ कर दिया कि वैभव इस मैच में नहीं खेलेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि युवा बल्लेबाज टीम की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं और उन्हें जल्द ही मौका मिलेगा।

वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिली जगह?

टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है क्योंकि बेलफास्ट की परिस्थितियां और पिच भारतीय खिलाड़ियों के लिए नई हैं। उन्होंने कहा, ‘यह हमारे लिए नई पिच है और हम पहली बार बेलफास्ट में खेल रहे हैं। यहां की परिस्थितियों और विकेट को देखते हुए हमने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। हम एक-एक मैच पर ध्यान देना चाहते हैं और चीजों को जरूरत से ज्यादा जटिल नहीं बनाना चाहते।’

जब उनसे पूछा गया कि क्या वैभव सूर्यवंशी आज डेब्यू करेंगे, तो अय्यर ने संक्षिप्त जवाब दिया, ‘दुर्भाग्य से नहीं।’

हालांकि, साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला खिलाड़ी की तैयारी को लेकर नहीं, बल्कि टीम के संतुलन को ध्यान में रखकर लिया गया है। अय्यर ने कहा, ‘वैभव को सही समय आने पर मौका मिलेगा। फिलहाल हम तीन तेज गेंदबाज और एक ऑलराउंडर के साथ उतर रहे हैं।’

बता दें कि बैटिंग कोच सीतांशु कोटक ने भी संकेत दिया था कि वैभव सूर्यवंशी को थोड़ा इंतजार और करना होगा। मौजूदा समय में भारत का टॉप-ऑर्डर बहुत मजबूत नजर आ रहा है। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन अभी ICC पुरुष टी20 में प्लेयर रैंकिंग में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर हैं, जबकि संजू सैमसन टीम के T20 वर्ल्ड कप जीतने वाले अभियान में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे थे।

बेलफास्ट में पहले मैच से एक दिन पहले मीडिया से बात करते कोटक ने कहा था, ‘मुझे यकीन है कि उन्हें (वैभव सूर्यवंशी) उनका हक और मौके ज़रूर मिलेंगे। लेकिन मुझे नहीं लगता कि सिर्फ उन्हें मौका देने के लिए हमें किसी ऐसे खिलाड़ी को बाहर करना चाहिए जो पहले से ही रन बना रहा है। ऐसा करना सही नहीं होगा।’

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर क्यों हो रही इतनी बातें?

वैभव सूर्यवंशी को हालांकि पहले टी20 में मौका नहीं मिला, लेकिन वे अब भी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिखने के बेहद करीब हैं। उनका डेब्यू हाल के कुछ दिनों या महीनों के भीतर होता है तो ये बेहद खास बात होगी। दरअसल, जैसे ही वह भारत के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगे, वह भारत की पुरुष टीम के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।

आईपीएल 2026 में किया था धमाकेदार प्रदर्शन

बिहार से आने वाले वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में जगह उनके शानदार आईपीएल 2026 प्रदर्शन के आधार पर मिली है। इस बार राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा। उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए, जो आईपीएल के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।

आईपीएल के बाद वैभव ने श्रीलंका में आयोजित इंडिया ए त्रिकोणीय शृखला में भी शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए के खिलाफ उन्होंने केवल 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक माना जा रहा है।

‘भारत की जर्सी पहनना सपना पूरा होने जैसा’

इससे पहले भारतीय टीम में पहली बार चुने जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा होने जैसा है। बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, ‘शब्दों में इसे बयां नहीं किया जा सकता। जिस दिन से मैंने बल्ला उठाया और अभ्यास के लिए मैदान जाना शुरू किया, उसी दिन से मेरा सपना भारत के लिए खेलना था। आज उस सफर का सबसे बड़ा पड़ाव पूरा हुआ है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘जब मैंने पहली बार भारत की जर्सी देखी, तो ऐसा लगा जैसे मैं सपना देख रहा हूं। मेरे चेहरे की मुस्कान रुक ही नहीं रही थी। कई बार जिंदगी में ऐसी चीजें हो जाती हैं, जिनकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होती।’

भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू देखने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर के बयान से साफ है कि यह इंतजार ज्यादा लंबा नहीं होगा और युवा बल्लेबाज को जल्द ही भारत की ओर से खेलने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें- पर्यावरण के लिए खतरा बन रहे बड़े खेल इवेंट? फीफा विश्व कप में ऐतिहासिक कार्बन उत्सर्जन के दावे वाली रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता!

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version