Home कला-संस्कृति विरासतनामा: लाइसेंसी पहरे और अकादमिक कब्जे के बीच कुलबुलाता दिल्ली का इतिहास 

विरासतनामा: लाइसेंसी पहरे और अकादमिक कब्जे के बीच कुलबुलाता दिल्ली का इतिहास 

जो बातें या इतिहास पहले से चली आ रही अकादमिक विचारधारा से मेल खाती हैं, उन्हें बिना किसी कड़े टेस्ट के मान लिया जाता है। लेकिन अगर कोई नया और अलग पहलू सामने रखता है, तो उसे बड़ी आसानी से गलत या गुमराह करने वाला कह दिया जाता है।

File Photo

दिल्ली के इतिहास को आम लोगों तक पहुँचाने में उन लोगों का बहुत बड़ा हाथ रहा है जिन्हें इतिहास से लगाव है जैसे स्वतंत्र शोधकर्ता, लेखक और हेरिटेज वॉक कराने वाले लोग। ये लोग सिर्फ तारीखें या राजाओं के नाम नहीं बताते, बल्कि दिल्ली के समाज, यहाँ के रहन-सहन और राजनीति की परतों को खोलकर सामने रखते हैं।

दिसंबर 2025 में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने एक नया आदेश जारी किया। इस नियम के मुताबिक, दिल्ली के लाल किले में अब बिना सरकारी लाइसेंस के कोई भी शख्स टूरिस्टों को गाइड नहीं कर सकता। यानी, अगर आपके पास सरकारी मान्यता नहीं है, तो आप वहाँ हेरिटेज वॉक नहीं करा सकते। सरकार की नज़र से देखें तो यह कदम टूरिज्म की व्यवस्था को ठीक करने के लिए उठाया गया है। ASI का कहना है कि ऐतिहासिक जगहों पर सिर्फ वही लोग जानकारी दें जिनके पास इसका सर्टिफिकेट या लाइसेंस हो। इससे यह फायदा होगा कि सैलानियों को सही, भरोसेमंद और अच्छी जानकारी मिलेगी और गाइडों की जिम्मेदारी भी तय होगी। यह बात अपनी जगह सही लगती है क्योंकि हर साल लाखों टूरिस्ट यहाँ आते हैं और उन्हें सही इतिहास पता होना चाहिए।

लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू यह भी है कि हेरिटेज वॉक कराने वाले कई गैर सरकारी लोग भले ही कोई बड़ी डिग्री या लाइसेंस न रखते हों, पर उन्हें इतिहास की बहुत गहरी समझ होती है। वे सालों से पूरी लगन के साथ यह काम कर रहे हैं। कई बार तो उनका अंदाज़ और जानकारी किताबी इतिहासकारों या सरकारी गाइडों से भी कहीं ज़्यादा बेहतर और असरदार होती है।

मगर यह भी गौरतलब है कि अकादमिक दुनिया से जुड़े इतिहासकार हमेशा इस बात पर जोर देते आए हैं कि इतिहास सबूतों और सही तरीकों से ही लिखा जाना चाहिए, जिसके लिए डिग्री होना ज़रूरी है। हालांकि यह भी सच है कि इतिहास सिर्फ कॉलेजों या यूनिवर्सिटी की चारदीवारी में नहीं बनता। हमारे सामने ऐसे ढेरों उदाहरण हैं जहाँ लेखकों, पत्रकारों और हेरिटेज वॉक कराने वालों ने इतिहास पर बहुत शानदार काम किया है और उनके काम की प्रामाणिकता पर सवाल नहीं उठाए जाते। 

Delhi Red Fort
दिल्ली का लाल किला

अक्सर सरकारी और अकादमिक स्तरों पर यही दोहरा रवैया देखने को मिलता है। जो बातें या इतिहास पहले से चली आ रही अकादमिक विचारधारा से मेल खाती हैं, उन्हें बिना किसी कड़े टेस्ट के मान लिया जाता है। लेकिन अगर कोई नया और अलग पहलू सामने रखता है, तो उसे बड़ी आसानी से गलत या गुमराह करने वाला कह दिया जाता है।

अब सवाल यह उठता है कि इतिहास को बयां करने का सही तरीका क्या है? क्या इसके लिए किसी लाइसेंस या डिग्री का होना ही ज़रूरी है?

इस बीच एक और दिलचस्प चीज़ देखने को मिलती है कि आजकल इंटरनेट पर लोग इतिहास से जुड़ी तरह-तरह की कहानियों को खूब पसंद कर रहे हैं। ‘दिल्ली देहात’ जैसे माध्यम दिल्ली के मूल गांवों का इतिहास सामने का रहे हैं वहीं कुछ स्वतंत्र शोधकर्ताओं ने विभाजन के बाद दिल्ली में बसे रिफ्यूजी समूहों के इतिहास और समाजिकी पर लिखना-बोलना शुरू किया है जिसे खूब व्यू मिल रहे हैं! ‘कारवां हेरिटेज’ जैसे प्लेटफार्म दिल्ली के गली-कूचों को सिनेमाई नज़र से दिखा रहे हैं। 

इससे पता चलता है कि आम लोग भी इतिहास की बहसों में शामिल होना चाहते हैं, खासकर तब जब उन्हें लगता है कि पुरानी संस्थाएँ उन्हें मौका नहीं दे रहीं। लोगों की इस दिलचस्पी को खारिज करने के बजाय, उन्हें सही दिशा दिखाने की जरूरत है ताकि इतिहास में सबकी भागीदारी हो सके।

लाल किले में पंजीकृत गाइडों से जुड़ा यह नया नियम सिर्फ एक सरकारी आदेश नहीं है, बल्कि यह एक रचनात्मक बहस का सृजन करता है कि क्या हम इतिहास को सिर्फ लाइसेंस, अकादमिक डिग्री और सरकारी मुहर तक ही सीमित रखना चाहते हैं? या फिर हम एक ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं जहाँ इतिहास पर अलग-अलग विचारों को भी जगह मिले, बशर्ते वे सबूतों और ईमानदारी से की गई रिसर्च पर आधारित हों?

आगे का रास्ता यही तय करेगा कि हमारा इतिहास सिर्फ कुछ चुनिंदा और तयशुदा कहानियों का हिस्सा बनकर रह जाएगा, या फिर एक खुला मैदान बनेगा जहाँ हर पहलू पर खुलकर और समझदारी से बात हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- विरासतनामा: हिमालय से गंगा के घाटों तक- भारत के आध्यात्मिक भूगोल को जोड़ने वाली अहिल्याबाई होलकर

author avatar
ऐश्वर्या ठाकुर
आर्किटेक्ट और लेखक; वास्तुकला, धरोहर और संस्कृति के विषय पर लिखना-बोलना।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version