Home भारत छत्तीसगढ़ में वेदांता प्लांट का बॉयलर फटने से 9 की मौत, गंभीर...

छत्तीसगढ़ में वेदांता प्लांट का बॉयलर फटने से 9 की मौत, गंभीर रूप से घायल कई कर्मचारी

छत्तीसगढ़ के वेदांता प्लांट में बॉयलर फटने से कम से कम नौ मजदूरों की मौत हो गई। सीएम साय ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

chhattisgarh vedanta power plant boiler blast causes labourers deaths many injured, छत्तीसगढ़, वेदांता
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

सक्तीः छत्तीसगढ़ के वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट में एक बड़ी दुर्घटना हुई। इसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार (14 अप्रैल) शाम को बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सक्ती जिले में हुई जहां संयंत्र के अंदर एक तेज विस्फोट हुआ जिससे कर्मचारी तुरंत सुरक्षा के लिए भागने लगे।

समाचार एजेंसी आईएएनएस ने पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के हवाले से लिखा कि वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट होने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है उनका इलाज जारी है।

घायलों को अस्पताल ले जाने की नहीं थी सुविधा

बॉयलर फटने के बाद कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और झुलस गए हैं। इसमें 20 मजदूर घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। आईएएनएस की खबर के मुताबिक, जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल में 18 घायल मजदूरों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है जबकि तीन घायलों को रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है।

वहीं, एक मजदूर ने बताया कि मैं पावर प्लांट में काम करता हूं। मैं वहां नहीं था, मेरा भतीजा काम पर गया था। वह अस्पताल में भर्ती है। 3 बजकर 20 मिनट पर ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कोई सुविधा नहीं थी। मजदूर ने ठेकेदार और अधिकारियों पर भी इस घटना के बाद दूरी बनाने का आरोप लगाया है।

दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाईः सीएम विष्णुदेव साय

सक्ती जिले में हुई इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख व्यक्त किया है। रायपुर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है। पीड़ितों के प्रति हमारी संवेदना है। घटना की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।…घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया है।

कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने एक्स पर लिखा कि सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। बॉयलर फटने से कई श्रमिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु और कई अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की खबरें मन को व्यथित कर रही हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति दे और पीड़ित परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।

यह भी पढ़ें – लालू के ‘साथ’ से भाजपा के भरोसेमंद सिपाही बनने तक, जानिए…कैसा रहा है सम्राट चौधरी का सियासी सफर

(आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version