Home विश्व बांग्लादेशः फिरौती मांगने के आरोप में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या,...

बांग्लादेशः फिरौती मांगने के आरोप में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने क्या बताया?

बांग्लादेश में एक युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि युवक पर हत्या समेत कम से कम दो मामले दर्ज थे।

bangladesh a hindu man lynched alleged extortion what did police said, बांग्लादेश
फोटोः एक्स/आईएएनएस

ढाकाः बांग्लादेश में अस्थिर हालातों के बीच एक और हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीते दिनों मेमनसिंह में दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद राजबाड़ी जिले में बुधवार, 24 दिसंबर को एक और युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि युवक के ऊपर स्थानीय थाने में हत्या समेत कम से कम दो मुकदमे दर्ज थे।

द डेली स्टार की खबर के मुताबिक, घटना बुधवार रात 11 बजे के करीब हुई। सहायक पुलिस अधीक्षक देब्रता सरकार ने पत्रकारों से बाचतीत में बताया कि घटना होसेनडांगा गांव में हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि ग्रामीणों ने एक युवक को पीटा है जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची।

मारे गए युवक की पहचान अमृत मंडल के नाम से हुई

लिंचिंग में मारे गए युवक की पहचान अमृत मंडल के नाम से हुई है जो कि सम्राट के नाम से जाना जाता था। वह भी उसी गांव का रहने वाला था। इस घटना के दौरान पुलिस ने उसके एक साथी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया और पास से दो अग्नि शस्त्र बरामद किए।

एएसपी ने बताया कि पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और सम्राट को गंभीर स्थिति में बचाया। गंभीर हालत में उसे पंगशा उपजिला हेल्थ कॉम्पलेक्स ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे सुबह दो बजे के करीब मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें – बांग्लादेशः दीपू चंद्र दास के परिवार की जिम्मेदारी लेने का वादा सरकार ने किया, पीट-पीटकर की गई थी हत्या

पुलिस ने बाद में सलीम के पास से एक पिस्तौल और एक वन-शूटर बंदूक भी बरामद की और उसे हिरासत में ले लिया। एएसपी ने बताया कि सम्राट के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया।

एएसपी ने यह भी बताया कि सम्राट के खिलाफ पंगशा पुलिस थाने में हत्या के एक मामले समेत कम से कम दो मामले दर्ज हैं।

ग्रामीणों ने क्या बताया?

बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट ने स्थानीय लोगों के हवाले से लिखा कि सम्राट ने एक आपराधिक गैंग बनाई थी और लंबे समय से जबरन वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।

भारत में लंबे समय तक रहने बाद वह हाल ही में गांव वापस आया था और कथित तौर पर गांव के ही रहने वाले शाहिदुल इस्लाम से फिरौती मांगी थी।

बीती रात सम्राट और उस समूह के सदस्य शाहिदुल इस्लाम के घर पैसा लेने के लिए गए। जब घरवालों ने “चोर” चिल्लाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पिटाई कर दी। उसके बाकी साथी भाग गए, हालांकि सलीम हथियारों के साथ पकड़ा गया।

यह भी पढ़ें – ‘आपने ही उसकी हत्या करवाई’, उस्मान हादी के भाई ने यूनुस सरकार पर यह आरोप लगाते हुए क्या चेतावनी दी?

गौरतलब है कि बांग्लादेश में बीते कुछ दिनों से हालात काफी अस्थिर बने हुए हैं। कुछ दिनों पहले मेमनसिंह में एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। दीपू पर कथित तौर पर ईशनिंदा का आरोप था। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह मामला ईशनिंदा का नहीं बल्कि मजदूरी के दौरान आपसी मतभेद का था।

इससे पहले इंकलाब मंच के नेता शरीफ हादी उस्मान पर नकाबपोश हमलावरों ने हमला कर दिया था। जिसके बाद सिंगापुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। हादी उस्मान की मौत के बाद देश में हालात बिगड़ गए और भीड़ ने सांस्कृतिक केंद्र छायानट के दफ्तर समेत अखबारों द डेली स्टार और प्रोथोम आलो के दफ्तरों में भी आगजनी की थी जिससे वहां मौजूद पत्रकार किसी तरह जान बचाकर निकले।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version