Home खेलकूद Women’s ODI World Cup 2025: जेमिमा रोड्रिग्स की निर्णायक पारी जिसने इतिहास...

Women’s ODI World Cup 2025: जेमिमा रोड्रिग्स की निर्णायक पारी जिसने इतिहास रच दिया…तीसरी बार फाइनल में भारत

भारतीय टीम आईसीसी वनडे महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में 7 बार के वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को हराया। जेमिमा रोड्रिग्स की नाबाद शतकीय पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर की 89 रनों की धमाकेदार पारी से यह संभव हो सका। भारतीय टीम ने 339 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया, जो कि महिला वर्ल्ड कप में एक रिकॉर्ड है।

0
Navi Mumbai: India’s Jemimah Rodrigues greets players after Team India’s victory over Australia in the ICC Women’s Cricket World Cup 2025 semi-final match against Australia at DY Patil Stadium in Navi Mumbai on Thursday, October 30, 2025. (Photo: IANS)

मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम…30 हजार से ज्यादा फैंस और टीवी पर नजरें गड़ाए करोड़ो प्रशंसक, प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार लेने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने जब अपनी बातें शुरू की…तो उनकी कही एक-एक लाइन कई लोगों को भावुक कर गई। रोड्रिग्स खुद बमुश्किल अपने आंसू रोक पा रही थीं। ICC महिला वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम 339 रनों का लक्ष्य हासिल करेगी, ईमानदारी से कहें तो इसकी उम्मीद बहुत कम थी लेकिन हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली इस टीम ने इतिहास रच दिया। इसमें सबसे बड़ी भूमिका रोड्रिग्स की रही जिन्होंने 134 गेंदों पर 127 रनों की नाबाद पारी खेली।

इससे पहले टीम में रोड्रिग्स की जगह को लेकर मंथन होने की खबरें आई, जो कि तब भी गैरजरूरी लगीं। इसी वर्ल्ड कप में उनके बल्लेबाजी क्रम फेरबदल हुआ और यहां तक इसी टूर्नामेंट में टीम से भी बाहर हुईं। कुल मिलाकर उनकी टीम में भूमिका को लेकर एक अनिश्चितता का माहौल तैयार हो रहा था लेकिन इस मुश्किल दौर में उन्होंने अपने बल्ले से ऐसी पारी खेली जो अब वर्ल्ड कप और महिला क्रिकेट के इतिहास में शायद ही कभी भुलाया जा सके।

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनसनीखेज तरीके से विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में भारत का मुकाबला रविवार को अब दक्षिण अफ्रीका से होगा।

जेमिमा रोड्रिग्स- गिटार से लेकर डांस और हर खेल की शौकीन

मुंबई की जेमिमा रोड्रिग्स हॉकी से लेकर क्रिकेट तक हर खेल की शौकीन हैं। वे गिटार भी बजाती हैं और इंस्टाग्राम पर कई रील्स पर हंसती-मुस्कुराती और डांस करती भी नजर आती हैं। मैदान पर भी जेमिमा ऐसे ही मौज-मस्ती करती नजर आती रही हैं।

जेमिमा पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम का हिस्सा नहीं बस सकी थीं। लेकिन जोश और विश्वास से भरी जेमिमा ने प्रयास नहीं छोड़ा आखिरकार इस वर्ल्ड कप के नॉकआउट में भारत के लिए सबसे यादगार पारी खेल डाली।

दिलचस्प ये भी कि जेमिमा 16 साल की उम्र में 2017 विश्व कप के फाइनल में हार कर लौटी टीम का स्वागत करने के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर कतार में खड़ी थी। उस समय वे एक उभरती हुई क्रिकेटर थीं। कुछ सालों तक जब उन्हें मौका नहीं मिला, तब भी वह उत्साहित रहीं, कोशिशें जारी रहीं और जेमिमा का यही जज्बा गुरुवार को सेमीफाइनल में भी दिखा।

प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार लेने के बाद जेमिमा ने कहा, ‘सबसे पहले, मैं ईसा मसीह का शुक्रिया अदा करना चाहती हूँ, क्योंकि मैं यह सब अकेले नहीं कर सकती थी। मुझे पता है कि उन्होंने आज मुझे इस मुश्किल दौर से निकाला। मैं अपनी माँ, अपने पिता, अपने कोच और हर उस व्यक्ति का शुक्रिया अदा करना चाहती हूँ जिन्होंने इस दौरान मुझ पर विश्वास किया। पिछले चार महीने वाकई बहुत मुश्किल रहे, लेकिन यह एक सपने जैसा लग रहा है और अभी तक पूरी तरह साकार नहीं हुआ है।’

जेमिमा ने कहा, ‘जब मैंने अपना अर्धशतक पूरा किया, जब मैंने अपना शतक पूरा किया, तो मैंने जश्न नहीं मनाया, क्योंकि उस समय मैंने अपने होटल की ओर देखा और खुद से कहा: कल सुबह मुझे किस बात से ज्यादा खुशी होगी? क्या ये अर्धशतक है? क्या शतक है? नहीं, भारत की जीत से। और मैं इस मुस्कान के साथ सोना चाहती हूँ कि हम फाइनल खेल रहे हैं, और मैं फाइनल के लिए तैयार हूँ।’

तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगी भारतीय टीम

भारतीय टीम तीसरी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। पूर्व में भारतीय टीम 2005 और 2007 में वनडे विश्व कप का फाइनल खेल चुकी है। हालांकि, दोनों मौकों पर भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। 2005 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए वनडे विश्व कप में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से था। ऑस्ट्रेलिया ने 215 रन बनाए थे। 216 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी भारतीय टीम 46 ओवर में 117 रन पर सिमट गई थी और 98 रन से हारकर खिताब जीतने से चूक गई थी।

वहीं, 2017 का वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला गया था। भारत का फाइनल में मुकाबला इंग्लैंड से ही था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए थे। 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 48.4 ओवर में 219 रन पर सिमट गई और 9 रन के मामूली अंतर से विश्व कप जीतने का मौका चूक गई।

भारतीय टीम दो फाइनल खेल चुकी है। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका पहली बार वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है।

बताते चलें कि सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फोएबे लिचफिल्ड की 119 रन की पारी के दम पर 338 रन बनाए थे। भारतीय टीम ने जेमिमा रोड्रिग्स के नाबाद 127 और कप्तान हरमनप्रीत कौर के 89 रन की पारी की बदौलत 48.3 ओवर में 5 विकेट पर 341 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने महिला वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा टार्गेट चेज करने का भी रिकॉर्ड कायम किया।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version