Home मनोरंजन क्यों खास है क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘The Odyssey’?, भारत में रिकॉर्ड...

क्यों खास है क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘The Odyssey’?, भारत में रिकॉर्ड ओपनिंग के साथ ‘इंडिया कनेक्शन’ भी चर्चा में

ग्रीक महाकाव्य पर आधारित यह फिल्म ट्रोजन युद्ध के बाद अपने घर लौटने के लिए ओडीसियस की 10 साल लंबी संघर्षपूर्ण यात्रा की कहानी दिखाती है, जिसमें उसे समुद्री राक्षसों, प्रतिशोधी देवताओं और कई रहस्यमयी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

0
The Odyssey
The Odyssey (X/AI)

क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म ‘द ओडिसी’ (The Odyssey) की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। भारत में भी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतर प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पहले ही दिन करीब 17.40 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई करते हुए नोलन के करियर की भारत में सबसे बड़ी ओपनर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘ओपेनहाइमर’ (14.58 करोड़ रुपये) के नाम था।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि शानदार वर्ड ऑफ माउथ के चलते वीकेंड में फिल्म की कमाई में और तेजी आने की उम्मीद है। लेकिन बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ एक और वजह से यह फिल्म भारतीय दर्शकों के बीच खासे चर्चा में है। वह हैं भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता हिमेश पटेल, जिन्हें नोलन ने इस फिल्म में अहम भूमिका दी है। दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब नोलन की किसी फिल्म में भारत की झलक दिखाई दी हो।

‘द ओडिसी’ में हिमेश पटेल ने निभाया अहम किरदार

‘द ओडिसी’ में हिमेश पटेल ने यूरिलोकस (Eurylochus) का किरदार निभाया है, जो ओडीसियस (मैट डेमन) का सबसे भरोसेमंद सहयोगी और रिश्ते में उसका साला भी है। फिल्म देखने के बाद दर्शक और समीक्षक दोनों उनके अभिनय की सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भारतीय समुदाय के लोग उनके क्लिप को साझा कर गर्व जता रहे हैं।

इंग्लैंड के कैम्ब्रिजशायर में जन्मे हिमेश पटेल भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता हैं। उनके माता-पिता गुजराती मूल के हैं, जो पूर्वी अफ्रीका से ब्रिटेन जाकर बस गए थे। छात्र जीवन में हिमेश अपने माता-पिता की न्यूज एजेंसी की दुकान पर काम करते थे और अखबार भी बांटते थे। बचपन से ही अभिनय में रुचि रखने वाले हिमेश एक स्थानीय थिएटर ग्रुप से जुड़े और महज 16 साल की उम्र में बीबीसी के लोकप्रिय टीवी शो ‘ईस्टएंडर्स’ में तमवार मसूद का किरदार निभाने का मौका मिला। 2007 से 2016 तक इस शो का हिस्सा रहने के बाद उन्होंने बड़े पर्दे का रुख किया।

साल 2019 में डैनी बॉयल की चर्चित फिल्म ‘यस्टरडे’ से उन्होंने फिल्मी दुनिया में मुख्य अभिनेता के रूप में पहचान बनाई। इसमें उन्होंने एक ऐसे संघर्षरत संगीतकार का किरदार निभाया था, जिसे दुनिया में अकेले ‘द बीटल्स’ के गाने याद रहते हैं। इसके बाद वह ‘डोंट लुक अप’, ‘एनोला होम्स’ फ्रेंचाइजी, ‘स्टेशन इलेवन’, ‘द वंडरफुल स्टोरी ऑफ हेनरी शुगर’, ‘द असेसमेंट’, ‘ग्रीडी पीपल’ और एचबीओ की ‘द फ्रेंचाइज’ जैसी चर्चित फिल्मों और सीरीज में नजर आए।

क्रिस्टोफर नोलन के साथ उनका पहला प्रोजेक्ट 2020 की साइंस-फिक्शन थ्रिलर ‘टेनेट’ था। इसमें उन्होंने माहिर का किरदार निभाया था। ‘द ओडिसी’ नोलन के साथ उनकी दूसरी फिल्म है और इसमें निभाया गया उनका किरदार दर्शकों और समीक्षकों दोनों की खूब तारीफ बटोर रहा है।

Side-by-side: modern man with a beard wearing a black jacket and white shirt on the left; ancient Spartan warrior with a helmet and brown cloak on the right.
हिमेश पटेल

नोलन की फिल्मों में बार-बार नजर आता है भारत

क्रिस्टोफर नोलन का भारत से जुड़ाव नया नहीं है। उनकी कई फिल्मों में भारत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से दिखाई देता रहा है। साल 2020 में रिलीज हुई ‘टेनेट’ की शूटिंग के लिए नोलन अपनी टीम के साथ मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने दक्षिण मुंबई के कई जानेमाने स्थानों जैसे कोलाबा कॉजवे, कैफे मोंडेगर, ब्रीच कैंडी अस्पताल और ताज होटल के आसपास महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए थे। इसी फिल्म में उन्होंने भारतीय अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया को हथियार कारोबारी ‘प्रिया’ की दमदार भूमिका में कास्ट किया था। डिंपल के अभिनय को भारत समेत दुनिया भर में काफी सराहना मिली थी।

‘ओपेनहाइमर’ में भी था भारतीय अध्यात्म का प्रभाव

नोलन की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘ओपेनहाइमर’ में भी भारत की गहरी छाप दिखाई दी। फिल्म में परमाणु वैज्ञानिक जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर के भगवद्गीता के प्रति आकर्षण को प्रमुखता से दिखाया गया। अभिनेता सिलियन मर्फी द्वारा संस्कृत का प्रसिद्ध श्लोक बोलने वाला दृश्य दुनियाभर में चर्चा का विषय बना। हालांकि भारत में फिल्म का एक दृश्य विवादों में भी रहा, जिसमें भगवद्गीता के श्लोक का इस्तेमाल एक अंतरंग दृश्य के दौरान किए जाने पर आपत्ति जताई गई थी।

नोलन की भारत यात्रा सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रही। ‘द डार्क नाइट राइजेज’ की शूटिंग के लिए उन्होंने राजस्थान के ऐतिहासिक मेहरानगढ़ किले को चुना था। फिल्म में ब्रूस वेन (बैटमैन) की कैद और वहां से बाहर निकलने वाले महत्वपूर्ण दृश्य इसी किले की पृष्ठभूमि में फिल्माए गए थे। जोधपुर का किला और रेगिस्तानी परिदृश्य फिल्म की सबसे यादगार लोकेशनों में गिने जाते हैं।

क्या है ‘द ओडिसी’ की कहानी?

फिल्म ग्रीक महाकाव्य ‘ओडिसी’ पर आधारित है। इसमें ट्रॉय युद्ध के बाद अपने घर लौटने की कोशिश कर रहे राजा ओडीसियस (मैट डेमन) की 10 साल लंबी और खतरनाक यात्रा दिखाई गई है। इस दौरान उसे समुद्री राक्षसों, देवताओं और कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। दूसरी ओर उसकी पत्नी पेनेलोप (ऐनी हैथवे) और बेटा टेलीमेकस (टॉम हॉलैंड) उसके लौटने का इंतजार करते हैं।

फिल्म में मैट डेमन के अलावा टॉम हॉलैंड, ज़ेंडाया, रॉबर्ट पैटिनसन, ऐनी हैथवे, लुपिता न्योंगो, शार्लीज़ थेरॉन, जॉन बर्नथल, जॉन लेगुइज़ामो और ट्रैविस स्कॉट जैसे बड़े सितारे हैं। फिल्म को 70 मिमी आईमैक्स कैमरों से शूट किया गया है, जिसकी भव्य विजुअल प्रस्तुति दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है।

भारत में भी ‘द ओडिसी’ को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 17.40 करोड़ रुपये नेट और 20.76 करोड़ रुपये ग्रॉस का कारोबार किया।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version