Home विश्व वेनेजुएला में भूकंप का कहर, 164 की मौत; 900 से ज्यादा घायल

वेनेजुएला में भूकंप का कहर, 164 की मौत; 900 से ज्यादा घायल

भूकंप के झटके वेनेजुएला की राजधानी काराकस से लगभग 1,700 किलोमीटर (1,050 मील) दूर ब्राजील के अमेजन जैसे इलाकों में भी इमारतों को खाली कराया गया।

venezuela-earthquake-causes-more-tha-150-deaths-hundreds-injured-acting-president-delcy-rodriguez-said, वेनेजुएला
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

काराकास: वेनेजुएला में बुधवार रात (24 जून) स्थानीय समयानुसार को दो भीषण भूकंप के झटकों से पूरे देश में तबाही का मंजर देखा गया। भूकंप के दो झटकों में कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई और 971 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार (25 जून) को इसकी जानकारी दी।

बुधवार शाम को 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले भूकंप के तेज झटके आए। ये झटके इतने तेज थे कि पूरे इलाके में इन्हें महसूस किया गया। भूकंप के झटके बीते सौ से ज्यादा सालों में आए सबसे तेज झटकों में से एक थे। भूकंप के झटके वेनेजुएला की राजधानी काराकस से लगभग 1,700 किलोमीटर (1,050 मील) दूर ब्राजील के अमेजन जैसे इलाकों में भी इमारतों को खाली कराया गया।

वेनेजुएला में पहले जारी आंकड़ों में संख्या कुछ और थी

ये नए आंकड़े पहले बताए गए 32 मृतकों और 700 घायलों की संख्या से काफी ज्यादा हैं। अधिकारियों के मुताबिक राहत और बचाव कार्य जारी है। इससे लग रहा है कि मृतकों और घायलों की संख्या और बढ़ सकती है।

रोड्रिगेज ने कहा कि अधिकारी देश के दूसरे हिस्सों से बचाव टीमों को सबसे ज्यादा प्रभावित ला गुएरा इलाके में भेज रहे हैं जो राजधानी काराकस के उत्तर में है। उन्होंने कहा कि ” वहां दर्जनों इमारतें गिर गई हैं… और हम अभी जान बचाने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चला रहे हैं। “

यह भी पढ़ें – वेनेजुएला में 1901 के बाद सबसे बड़ा भूकंप, इमरजेंसी घोषित; भारी तबाही की आशंका, जापान में भी हिली धरती

वेनेजुएला के सरकारी प्रसारक को दिए एक इंटरव्यू में कार्यवाहक राष्ट्रपति ने कहा कि वह बचाव दल भेजने के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ समन्वय कर रही हैं। उन्होंने बताया कि देश के पुनर्निर्माण के लिए शुरुआती 20 करोड़ डॉलर (200 मिलियन डॉलर) का कोष बनाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ भी बातचीत चल रही है। रोड्रिगेज ने कहा कि भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जुटाया जा रहा है।

भारत समेत अन्य देशों ने मदद का बढ़ाया हाथ

इस बीच दुनिया के तमाम देशों ने वेनेजुएला को हरसंभव सहायता पहुंचाने का भरोसा दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस आपदा को लेकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए संवेदना व्यक्त करते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। रोड्रिगेज ने जवाब में पीएम मोदी का आभार जताया।

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने इस बीच चेतावनी दी है कि इस आपदा में मृतकों की संख्या काफी बढ़ सकती है। इसके 10 हजार से एक लाख तक भी पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों में काराकस की सड़कों पर कई घर भरभरा कर गिरे देखे जा सकते हैं।

बुधवार को एक के बाद एक दो भूकंप के झटकों से देश दहल गया था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर पहले की तीव्रता 7.2 और दूसरे की 7.5 मापी गई। वेनेजुएला में एक सदी से भी ज्यादा समय में आए ये सबसे शक्तिशाली भूकंप के झटके थे।

यूएसजीएस ने बुधवार रात 10 बजे (जीएमटी) के करीब पहले और इसके ठीक एक मिनट बाद दूसरे भूकंप की खबर दी। दोनों झटके काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में समुद्र किनारे के शहर मोरोन के पास आए। भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर थे।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version