Home विश्व यूक्रेन ने रूस पर किए ताबड़तोड़ ड्रोन हमले, एक भारतीय नागरिक समेत...

यूक्रेन ने रूस पर किए ताबड़तोड़ ड्रोन हमले, एक भारतीय नागरिक समेत 4 की मौत

यूक्रेन ने रूस पर बड़े पैमाने पर ड्रोन से हमले किए हैं। इन हमलों में एक भारतीय समेत चार नागरिकों की मौत हो गई है।

ukraine massive drone attack on russia killed 4 including an indian, यूक्रेन, रूस
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

मॉस्कोः यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। यूक्रेन द्वारा किए गए इन हमलों में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोगों की मौत हो गई।

रूस स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार (17 मई) को इसकी जानकारी दी है। भारतीय दूतावास ने इस संबंध में एक बयान जारी किया। इसमें कहा कि मास्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की जान चली गई और तीन अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात की है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यूक्रेन ने रूस पर किए ड्रोन हमले

रूसी रक्षा मंत्रालय और राज्य द्वारा संचालित एजेंसी तास के मुताबिक, रूसी वायु रक्षा बलों ने रात भर में एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में 556 ड्रोन मार गिराए। इनमें से 81 मॉस्को की ओर जा रहे थे। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने राजधानी के पास कम से कम 74 ड्रोनों को रोका।

रूसी अधिकारियों के मुताबिक रातभर चले हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है और 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि हमले के दौरान शहर की तेल रिफाइनरी सुरक्षित रहीं। हालांकि कुछ रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

ड्रोन हमलों में महिला और दो अन्य की भी मौत

मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित खिमकी में एक ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई। वहीं राजधानी से लगभग 10 किलोमीटर उत्तर में स्थित पोगोरेलकी गांव में दो पुरुषों की जान चली गई। यह जानकारी मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्येव ने दी। यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के बेलगोरोड क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में एक लॉरी के टकराने से एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।

वोरोब्येव ने कहा कि हमलों में बुनियादी ढांचागत सुविधाएं और कई आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। मॉस्को में कम से कम 12 लोग घायल हुए, जिनमें से अधिकांश शहर की तेल रिफाइनरी के प्रवेश द्वार के पास थे। सोब्यानिन ने कहा कि रिफाइनरी की “प्रौद्योगिकी” को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने मास्को क्षेत्र पर हमले को रूस की सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपने शहरों पर हो रहे हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहा है और रूस को युद्ध समाप्त करना चाहिए।

सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा कि रूस द्वारा युद्ध को लंबा खींचने और हमारे शहरों पर हमलों के जवाब में हमारी कार्रवाई पूरी तरह जायज है। इस बार यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन मास्को क्षेत्र तक पहुंच गए। हम रूसियों से साफ कह रहे हैं कि ये जंग खत्म करो।

यह भी पढ़ें – ‘तूफान से पहले की शांति’, ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी; क्या फिर से है हमले की तैयारी?

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version