HomeरोजगारUGC NET जून सर्किल के लिए आवेदन शुरू, जानें कब होंगे एग्जाम

UGC NET जून सर्किल के लिए आवेदन शुरू, जानें कब होंगे एग्जाम

UGC NET परीक्षा के लिए आवेदन 29 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं और आवेदन करने की आखिरी तारीख 20 मई है।

UGC NET June 2026 Online Form: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET) परीक्षा के लिए आवेदन शुरू किए हैं। इसके लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 20 मई तय की गई है। वहीं, परीक्षा 22-30 जून के बीच आयोजित की जाएगी।

इस परीक्षा के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एग्जाम कंडक्ट कराएगी। इसके लिए कुल 87 विषयों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इससे पहले यह परीक्षा 85 विषयों में आयोजित की जाती थी। बुधवार (29 अप्रैल) को जारी अधिसूचना के मुताबिक, इसमें दो विषय फॉरेस्ट्री और स्टैटिस्टिक्स जोड़े गए हैं।

साल में दो बार आयोजित होती है UGC NET परीक्षा

गौरतलब है कि यह परीक्षा साल में दो बार आयोजित कराई जाती है। इस परीक्षा के जरिए केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य कॉलेजों में पीएचडी के दाखिले, असिस्टेंट प्रोफेसर या फिर जूनियर रिसर्च फेलोशिप मिलती है।

परीक्षा में अंकों के हिसाब से अभ्यर्थियों को तीन श्रेणी में चयनित किया जाता है। पीएचडी में दाखिले के लिए अलग कटऑफ बनती है। इस कटऑफ में आने वाले अभ्यर्थी सिर्फ पीएचडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, दूसरी कैटेगरी असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता को पूरी करती है। इस कटऑफ में आने वाले अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती हेतु आवेदन करने के लिये योग्य होते हैं। तीसरी कैटेगरी जूनियर रिसर्च फेलोशिप की होती है। जेआरएफ के लिए क्वालिफाइड अभ्यर्थी को पीएचडी में दाखिले के बाद मासिक स्टाइपेंड दिया जाता है।

यूजीसी नेट परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं

यूजीसी नेट परीक्षा का पेपर दो भागों में होता है। पहले भाग में 50 प्रश्न पूछे जाते हैं और ये सामान्य योग्यता, शिक्षण अभिरुचि से संबंधित होते हैं। यह भाग सभी विषयों के लिए होता है। वहीं, दूसरे भाग में मूल विषय से 100 प्रश्न पूछे जाते हैं जिसके लिए अभ्यर्थी ने आवेदन किया है। प्रत्येक प्रश्न के लिए 2 अंक निर्धारित हैं। इसके लिए टाइमिंग 3 घंटे होती है।

यह भी पढ़ें – UPSSSC ने प्लाटून कमांडर और ब्लॉक ऑर्गनाइजर के पदों पर निकाली भर्ती, जल्दी करें आवेदन

इस परीक्षा के लिए नेगेटिव मार्किंग नहीं होती है। ऐसे में विभिन्न विषयों में इसकी कटऑफ काफी ज्यादा रहती है। इस परीक्षा हेतु अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए मास्टर्स डिग्री में कम से कम 55 फीसदी अंक अनिवार्य हैं। ओबीसी नॉन क्रीमी लेयर, एससी, एसटी और शारीरिक रूप से विकलांग लोगों के लिए मास्टर्स में अपीयरिंग छात्र भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।

यूजीसी परीक्षा हेतु आवेदन करने के लिए आयु की कोई सीमा नहीं है। हालांकि, जेआरएफ के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है। वहीं, ओबीसी, एससी, एसटी, विकलांग, महिला और थर्ड जेंडर अभ्यर्थियों के लिए 5 वर्ष की छूट है।

क्या है आवेदन शुल्क?

इस परीक्षा हेतु आवेदन शुल्क विभिन्न श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग है। अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1,150 रुपये रखा गया है। वहीं, ओबीसी नॉन क्रीमी लेयर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है। एससी, एसटी और विकलांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 325 रुपये है।

असिस्टेंट प्रोफेसर, पीएचडी में दाखिला लेने के इच्छुक अभ्यर्थी इस परीक्षा हेतु आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://examinationservices.nic.in/ExaminationServices/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें – UPSSSC ने एएसओ के पदों पर निकाली भर्ती, जानें क्या मांगी गई है योग्यता?

अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here