कोलकाता: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के ऋतब्रत बनर्जी वाले बागी गुट ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को टीएमसी के प्रमुख पद से हटा दिया है। यह घटनाक्रम सोमवार (22 जून) को हुआ। पार्टी के इस धड़े ने वरिष्ठ नेता और विधायक अरूप रॉय को ‘असली टीएमसी’ का प्रमुख चुना है।
ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने पार्टी के पार्षदों के एक गुट के साथ कोलकाता के निजी होटल में बैठक की। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि बैठक के बाद दस सदस्यीय राष्ट्रीय कार्य समिति का गठन किया गया।
बागी गुट ने बुलाया TMC का विशेष सत्र
सोमवार को शाम करीब 4 बजे कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन समेत कई नगर पालिकाओं के बागी विधायकों और पार्षदों के एक गुट ने ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ का एक विशेष सत्र बुलाया। इस बैठक में कोलकाता, बहरामपुर, उत्तरपाड़ा, श्रीरामपुर और दमदम के करीब 40 पार्षदों को हिस्सा लेते देखा गया।
ऐसे में इस निर्णय के बाद, बागियों के गुट ने दावा किया कि उन्होंने टीएमसी प्रमुख को हटा दिया है जबकि ममता के वफादारों ने कहा कि वह पार्टी की प्रमुख हैं। बैठक के बाद 30 सदस्यों वाली एक राष्ट्रीय कार्य समिति का गठन किया गया जिसमें चार उपाध्यक्ष और चार महासचिव शामिल थे।
यह भी पढ़ें – अल नीनो ने डराया, 126 साल में दूसरा सबसे सूखा जून; क्या भारत बड़े सूखे की ओर बढ़ रहा है?
ऋतब्रत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कहा कि “ हमने आज (सोमवार को) एक विशेष सत्र आयोजित किया और प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय कार्य समिति का चुनाव किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना गया है। वे शुरू से ही पार्टी के साथ रहे हैं समिति में 29 अन्य सदस्यों को भी चुना गया है। ”
ममता बनें हमारी मुख्य सलाहकार: ऋतब्रत बनर्जी
ममता बनर्जी की भूमिका पर उन्होंने कहा कि ” हम चाहते हैं कि दीदी (ममता बनर्जी) हमारी मुख्य सलाहकार बनें। ” उन्होंने कहा कि ” हमने यह सब नियमों और पार्टी के संविधान के अनुसार किया है। हम अपने फैसले के बारे में चुनाव आयोग को सूचित करेंगे। हम तृणमूल कांग्रेस हैं। हम जल्द ही राज्य समिति, जिला समितियां, प्रवक्ता और फ्रंटल संगठन बनाएंगे।”
ममता की अगुवाई वाली वर्किंग कमिटी के बारे में ऋतब्रत ने कहा कि “ जिसे (ममता के वफादारों द्वारा) नेशनल वर्किंग कमिटी के तौर पर दिखाया जा रहा था, वह साफ नहीं है। जिन लोगों के नामों का ऐलान किया गया था, उन्होंने अगले ही दिन इस्तीफा दे दिया। हमने सभी नियमों और कायदों का पालन किया है। ”
डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि “ उनके नाम का न तो जिक्र हुआ और न ही उस पर कोई चर्चा हुई। ” मीडिया से बात करते हुए अरूप रॉय ने कहा “ हम सब मिलकर काम करेंगे। पार्टी के लिए यह मुश्किल समय है और हमें अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने की जरूरत है। ”
रॉय की नियुक्ति को हालांकि चुनौती भी मिली। मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री मदन मित्रा ने कहा कि ” पार्टी का एक संविधान है और ममता बनर्जी पार्टी की चेयरपर्सन हैं। ऐसा (पार्टी का नया ढांचा) बिल्कुल नहीं किया जा सकता। वे (बागी गुट) ऐसा नहीं कर सकते। “



