पटना: तेज प्रताप यादव ने खान सर (फैजल खान) के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की हत्या के पीछे उन्हीं का हाथ है। नेपाल में मशहूर टीचर रौशन आनंद के भाई की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्रिंस की मौत ऐसे समय में हुई है जब पटना में कथित तौर पर हुई तोड़-फोड़ के एक मामले में रौशन आनंद न्यायिक हिरासत में थे और सोमवार (15 जून) को उन्हें जमानत मिली। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि मौत के समय प्रिंस नशे में थे। नेपाल पुलिस ने उनके पांच दोस्तों को हिरासत में लिया है और मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा।
तेज प्रताप यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा “यह बड़ी दुखद घटना है। इस तरह की घटना नहीं होना चाहिए था। और ये पूरा दोषी, अगर किसी को ब्लेम लगाएंगे हम तो खान सर को लगाएंगे। … जो आदमी अपने ऊपर गोली चलवा दे, अपना ही आदमी से , वह आदमी सोचिए कि हत्या क्यों नहीं करवा सकता है?”
तेज प्रताप यादव ने खान सर के ऊपर लगाए गंभीर आरोप
तेज प्रताप यादव ने कहा कि “प्रिंस यादव को न्याय मिलना चाहिए और उनके पूरे परिवार को न्याय मिलना चाहिए। … प्रिंस हैं जो जिनकी हत्या हुई है, वो हमसे मिलते-जुलते भी थे।”
रौशन सर के भाई प्रिंस यादव की मौत 14 जून को नेपाल में हुई थी। इस घटना के बाद नेपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ऐसे में तेज प्रताप यादव द्वारा लगाए गए आरोपों ने मामले में नया मोड़ सामने ला दिया है।
इस बीच सोमवार (15 जून) को रौशन आनंद जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर निकले। समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, रौशन आनंद ने जेल से बाहर निकलने के बाद ही चर्चित शिक्षक खान सर पर कई आरोप लगा दिए। उन्होंने जेल से बाहर निकलते ही खान सर उर्फ फैजल खान के अलावा एक कोल्ड स्टोरेज के मालिक का नाम लेते हुए कहा कि षड़यंत्र रचकर हमारे भाई की हत्या करवाई गई है। उन्होंने कहा, “जब मैं बाहर था तो क्यों मेरे भाई के साथ कुछ नहीं हुआ। जब मैं जेल गया तो मेरे भाई प्रिंस की हत्या कर दी गई। ये साजिश है।”
यह भी पढ़ें – खान सर कोचिंग विवाद में रोशन आनंद को जमानत, भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से गहराया मामला
जेल से निकलने के बाद भावुक रौशन आनंद ने कहा, “फैजल खान ने कितना झूठ बोला है कि क्या बताएं। जो फैजल खान सब कुछ किया वो बाहर रह गया और हम जेल चले गए। हम निर्दोष थे और हमको फंसाया गया। मेरा भाई खत्म हो गया। सब कुछ खत्म हो गया।”
खान इंस्टीय्टू के बाहर कथित तौर पर हुआ था हमला
बताते चलें कि खान इंस्टीट्यूट के बाहर हुए कथित हमले और फायरिंग मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक रौशन आनंद को बड़ी राहत मिली है। इस मामले को लेकर सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई जिसमें दोनों पक्षों के वकीलों ने अपनी-अपनी दलीलें पेश कीं। सुनवाई के बाद कोर्ट ने रौशन आनंद को जमानत दे दी है।
बता दें कि यह मामला चर्चित शिक्षक फैजल खान के कोचिंग संस्थान के बाहर कथित फायरिंग और झड़प से जुड़ा हुआ है। इसी घटना के बाद रौशन आनंद को आरोपी बनाया गया था और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वे पिछले कुछ समय से न्यायिक हिरासत में थे। इस बीच, रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पुलिस ने रविवार (14 जून) को उसका शव बरामद किया।
यह भी पढ़ें – राम मंदिर दान कोष मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका, एफआईआर और कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
खबरों के मुताबिक, प्रिंस यादव कम से कम छह दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई और जांचकर्ताओं ने इन हालात को संदिग्ध बताया है। मौत की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय प्रिंस के साथ मौजूद सभी युवकों को नेपाल पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और उनकी मौत से जुड़ी घटनाओं का क्रम समझने के लिए विस्तृत जांच कर रहे हैं।



