Home मनोरंजन अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या, ‘छावा’ फिल्म में आई थीं नजर,...

अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या, ‘छावा’ फिल्म में आई थीं नजर, परिवार ने क्या कहा?

आचोले पुलिस स्टेशन के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विनोद बाघ के अनुसार, यह घटना 14 जून की शाम करीब 7 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

0
संचिता उगले
टीवी और फिल्म अभिनेत्री संचिता उगले। फोटोः इंस्टाग्राम

मुंबई। अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज 22 वर्ष की उम्र में उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के अनुसार यह घटना 14 जून की शाम महाराष्ट्र के नालासोपारा ईस्ट स्थित आचोले गांव की साईं संतोषी बिल्डिंग में उनके घर पर हुई। संचिता विक्की कौशल की फिल्म छावा में नजर आई थीं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संचिता ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था और साड़ी के सहारे सीलिंग फैन से फांसी लगा ली। घटना का पता चलने के बाद परिवार के सदस्य और पड़ोसी उन्हें तुरंत वसई-विरार म्युनिसिपल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आचोले पुलिस स्टेशन के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विनोद बाघ के अनुसार, यह घटना शाम करीब 7 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता मछिंदा उगले की शिकायत के आधार पर 15 जून को आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, संचिता के पिता ने किसी भी तरह की साजिश या किसी व्यक्ति पर संदेह जताने से इनकार किया है और उन्होंने किसी को भी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

कुमकुम भाग्य’ से हुईं थीं लोकप्रिय

संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री में तेजी से अपनी पहचान बना रही थीं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता जी टीवी के चर्चित धारावाहिक ‘कुमकुम भाग्य’ में दिया टंडन की भूमिका से मिली थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि इस शो में मिला किरदार उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और इसी ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई।

‘कुमकुम भाग्य’ के अलावा उन्होंने ‘वागले की दुनिया: नई पीढ़ी, नए किस्से’ में रुचिता जेटली का किरदार निभाया था। बाद में वह दंगल टीवी के धारावाहिक ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ में अभिनेता सोराब बेदी के साथ मुख्य भूमिका ‘सुकून’ के रूप में नजर आईं।

इन फिल्मों/सीरीज का भी रहीं हिस्सा

टेलीविजन के साथ-साथ संचिता ने फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काम किया था। उन्होंने विक्की कौशल अभिनीत ऐतिहासिक फिल्म ‘छावा’ में तारा रानी के युवा भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह मनोज बाजपेयी स्टारर क्राइम-थ्रिलर ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी दिखाई दी थीं। विक्रांस मेस्सी के साथ क्राइम आजकल सीरीज में भी नजर आई थीं।

कम उम्र में मिली सफलता और लगातार आगे बढ़ते करियर के बीच संचिता उगले के अचानक निधन ने उनके प्रशंसकों और मनोरंजन उद्योग को स्तब्ध कर दिया है। गौरतलब है कि साल 2020 में 14 जून को ही अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने भी आत्महत्या कर ली थी। फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है और घटना से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version