चेन्नई: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय एक्शन मोड में दिखे। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं से जुड़े पहले आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इनमें राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, नशे के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स के गठन और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘सिंगापेन’ स्पेशल टास्क फोर्स बनाने के फैसले शामिल हैं।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय ने ‘सी. जोसेफ विजय’ के नाम से शपथ ली। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद हजारों समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और फिल्म प्रशंसकों ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
शपथ लेते ही तीन बड़े फैसले, विजय ने क्या कहा?
शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद विजय ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों की मौजूदगी में पहली सरकारी फाइलों पर दस्तखत किए। इसे टीवीके सरकार के कल्याणकारी और सख्त प्रशासनिक एजेंडे की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री विजय ने अपने संबोधन में कहा, “तमिलनाडु पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने के बाद ही चुनौतियों का असली अंदाजा होता है। लेकिन मैं ईमानदारी और मजबूत इरादों के साथ राज्य को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा, “मैं तमिलनाडु की हर महिला को भरोसा दिलाता हूं कि उनकी सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होगी। महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।”
ड्रग्स के खिलाफ सख्त रुख दिखाते हुए विजय ने कहा कि उनकी सरकार नशे के कारोबार में शामिल लोगों को बख्शेगी नहीं। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों के पुनर्वास के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि राज्य में स्वस्थ सामाजिक माहौल बनाया जा सके।
ये भी पढ़ेंः कांग्रेस परजीवी पार्टी, कर्नाटक में बोले पीएम मोदी- सत्ता बदलते ही DMK की पीठ में छुरा घोंपा
‘मैं किसी राजघराने से नहीं आया’
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय भावुक दिखे। उन्होने कहा, “मुझे नहीं पता कि इस भावुक पल में कहां से शुरुआत करूं। मैं किसी राजकुमार या राजनीतिक परिवार से नहीं आया हूं। मैं आप लोगों के बीच से, आपके परिवार के सदस्य और भाई की तरह यहां तक पहुंचा हूं। आपने मुझे प्यार दिया, सिनेमा में पहचान दी और अब राज्य की सेवा का अवसर भी दिया है।”
गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हालांकि वह बहुमत के आंकड़े 118 से 10 सीट पीछे रह गई। इसके बाद कांग्रेस ने पार्टी को समर्थन दिया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम), विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के समर्थन से गठबंधन की ताकत बढ़कर 120 विधायकों तक पहुंच गई, जिसके बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इन मंत्रियों ने भी ली शपथ
विजय के साथ एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोत्तैयन, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। नई कैबिनेट को युवा नेतृत्व, प्रशासनिक अनुभव और सामाजिक संतुलन का मिश्रण माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए चेन्नई में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्टेडियम के भीतर केवल करीब 6,000 लोगों को वीआईपी पास के जरिए प्रवेश दिया गया।
चेन्नई पुलिस कमिश्नर की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई, जिसमें पांच अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और 12 संयुक्त आयुक्त तैनात किए गए थे। समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, गठबंधन दलों के वरिष्ठ नेता, विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर, परिवार के सदस्य, करीबी मित्र और तमिल फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।



