Home खेलकूद T20 World Cup Final: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में...

T20 World Cup Final: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अपने नाम किए ये 5 रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में संजू सैमसन ने 89 रनों की पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी बार है जब सैमसन 50 रनों से ज्यादा की पारी खेली है।

0
Ahmedabad: India's Sanju Samson celebrates his half-century during the ICC Men's T20 World Cup 2026 final match between India and New Zealand at the Narendra Modi Stadium in Ahmedabad on Sunday, March 08, 2026. (Photo: IANS)

अहमदाबाद: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में संजू सैमसन का बल्ला एक बार फिर चला। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सिर्फ 46 गेंदों में 89 रन बनाए और शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। अपनी इस पारी के दौरान संजू ने 5 चौके और 8 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने कुछ दिलचस्प रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

टी20 वर्ल्ड: फाइनल में संजू सैमसन के 5 रिकॉर्ड

  1. सैमसन ने किसी एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज किया। सैमसन ने इस टूर्नामेंट में 24 छक्के जड़े, जिससे उन्होंने न्यूजीलैंड के फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले एलन ने पिछले वर्ल्ड कप में 20 छक्के लगाए थे।
  2. फाइनल में 31 साल के संजू सैमसन की 89 रनों की पारी टी20 विश्व कप फाइनल में किसी एक बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाए जाने का भी रिकॉर्ड है। भारतीय स्टार ने 2016 में मार्लन सैमुअल्स द्वारा बनाए गए 85 रन नाबाद और 2021 में केन विलियमसन द्वारा बनाए गए 85 रन के पिछले सर्वश्रेष्ठ स्कोर को पीछे छोड़ दिया।
  3. सैमसन इस वर्ल्ड कप में जबर्दस्त फॉर्म में दिखे हैं। खासकर नॉकआउट मुकाबलों में उनका प्रदर्शन दमदार रहा। उन्होंने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ियों की विशिष्ट सूची में भी अपना नाम दर्ज कराया है। इससे पहले केवल शाहिद अफरीदी ने 2009 में और विराट कोहली ने 2014 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
  4. भारतीय बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में लगातार पचास से अधिक रन बनाने का एक और विशेष रिकॉर्ड भी बराबर कर लिया है। सैमसन ने अब टी20 विश्व कप में लगातार तीन बार 50 या उससे अधिक रन बनाए हैं, जिससे वे इस प्रारूप के कुछ सबसे अच्छे और लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की श्रेणी में आ गए हैं।

इस सूची में महेला जयवर्धने (जिन्होंने 2010 में यह उपलब्धि हासिल की), विराट कोहली (जिन्होंने 2016 से 2021 के बीच ऐसा किया), बाबर आजम (2021 में), केएल राहुल (2021 में) और 2026 के वर्ल्ड कप में दो अन्य खिलाड़ी, कुसल मेंडिस और साहिबजादा फरहान शामिल हैं।

  1. संजू सैमसन ने आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बनने का भी रिकॉर्ड बनाया। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले 5 मुकाबलों में 199 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए कुल 321 रन बनाए। उन्होंने विराट कोहली के 319 रनों के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो उन्होंने 2014 के टूर्नामेंट के दौरान बनाया था।

सैमसन की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वे टूर्नामेंट की शुरुआत में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने भारत के लिए केवल पांच मैचों में खेले।

बताते चलें कि संजू सैमसन ने फाइनल में अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारतीय टीम को तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े। संजू-अभिषेक की विस्फोटक बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम ने 50 रनों का आंकड़ा सिर्फ 4 ओवर में ही पार कर लिया। इसके साथ ही 6 ओवर के पावरप्ले में भारतीय टीम ने 92 रन बनाए, जो एक नया रिकॉर्ड भी है। टी20 विश्व कप के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय टीम के नाम हो गया है।

टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड भी टीम इंडिया के नाम हो गया है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बनाए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 253 रन बनाए थे।

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version