Home भारत हीटवेव की चेतावनी! राजस्थान सहित दिल्ली और यूपी में बढ़ने वाला है...

हीटवेव की चेतावनी! राजस्थान सहित दिल्ली और यूपी में बढ़ने वाला है पारा, 19 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

मध्य भारत में भी लू चलने की आशंका है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में 19 मई तक लू चलने की संभावना है।

heatwave, imd, centre advisery,
एआई जेनरेटेड इमेज।

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से, विशेषकर राजस्थान में 19 मई तक भीषण लू चलने की संभावना है। आईएमडी ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश में भी शुक्रवार तक हीटवेव चलने का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 17 मई तक और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 से 19 मई के बीच लू जारी रहने की आशंका है।

मध्य भारत में भी लू चलने की आशंका है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में 19 मई तक लू चलने की संभावना है, जबकि गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में गुरुवार तक भीषण गर्मी पड़ सकती है।

मौसम विभाग ने कहा, ‘अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी और यह 19 मई तक 46-48 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।’ मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र में हवा का दबाव बना हुआ है। दिन के दौरान एकत्रित गर्म हवा वहीं फंसी रह जाती है, जिससे रातें सामान्य से अधिक गर्म हो जाती हैं।

हीटवेव…दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम पिछले कुछ दिनों से सुहावना बना हुआ है। हालांकि, इसमें जल्द बदलाव आने वाला है। विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इसके बाद 15 मई से मौसम एक बार फिर करवट बदलने लगेगा। 15 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम साफ रहेगा और गर्मी बढ़ने लगेगी। 16 मई को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं, 17 मई को पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहेगा।

18 मई को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई से 18 मई तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों में बादलों और हल्की बारिश का असर खत्म होने लगेगा, जिसके बाद तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

बाड़मेर में भीषण गर्मी

इससे पहले मंगलवार को पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे यह देश का सबसे गर्म स्थान बन गया। शहर का अब तक का मई का उच्चतम तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस 27 मई, 2024 को दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में लू तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहता है। 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर होने पर ‘गंभीर’ लू की परिस्थिति घोषित की जाती है।

समय से पहले आ रहा दक्षिण-पश्चिम मानसून

इससे पहले मौसम विभाग यह भी कह चुका है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 16 मई के आसपास अंडमान सागर और दक्षिणी बंगाल की खाड़ी में प्रवेश करने की संभावना है। यह इसके सामान्य आगमन की तिथि 21 मई से लगभग छह दिन पहले है।

मौसम विभाग ने कहा, ‘दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हो रही हैं।’

इस बीच, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र बुधवार को एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में भी परिवर्तित हो गया।

यह भी पढ़ें- प्रतीक यादव की मौत पर कई सवाल, जिम पार्टनर ने कहा- रात के वक्त बेडरूम में…

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version