CBSE Class 12 Result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर 12वीं कक्षा का इस बार का परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्र अपने लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग करके ऑनलाइन अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इस बार कुल पास प्रतिशत 85.20% रहा, जो पिछले वर्ष के 88.39% से कम है।
इस बार 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। देश भर के लाखों छात्र और अभिभावक बेसब्री से नतीजे की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ, छात्र डिजिलॉकर (DigiLocker) और उमंग (UMANG) ऐप से भी अपनी डिजिटल मार्कशीट देख सकते हैं।
CBSE Class 12 Result: लड़कियों ने मारी बाजी
इस साल 17,68,482 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 17,04,367 परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 15,40,934 स्टूडेंट ने 12वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की है। लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। उनका पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13% है। वहीं, ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों का पास प्रतिशत 100% है।
बोर्ड ने यह भी बताया कि 94,028 स्टूडेंट ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जिनमें 17,113 ऐसे भी हैं जिन्होंने 95% से अधिक अंक प्राप्त किया है। लगभग 1,63,800 छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है। ये एक या दो विषयों में पास नहीं हो सके हैं। ऐसे में इन्हें इन विषयों की फिर से परीक्षा देनी होगी।
CBSE Class 12 Result: किस क्षेत्र का प्रदर्शन अच्छा?
त्रिवेंद्रम, चेन्नई और बेंगलुरु में क्रमशः 95.62%, 93.84% और 93.19% के साथ सबसे बेहतर पास प्रतिशत है। वहीं, स्कूलों में केंद्रीय विद्यालयों का प्रदर्शन सबसे उम्दा रहा है। केंद्रीय विद्यालयों से 98.55% स्टूडेंट पास हुए हैं। इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालयों का स्थान है, जिनका पास प्रतिशत 98.47% है। दिल्ली क्षेत्र में कुल पास प्रतिशत लगभग 92% रहा, जबकि सीबीएसई से संबद्ध विदेशी विद्यालयों का पास प्रतिशत 90.50% रहा।
CBSE Class 12 Result: कहां और कैसे चेक करें रिजल्ट
स्टूडेंट अपने स्कोर सीबीएसई के आधिकारिक पोर्टल पर देख सकते हैं। ये हैं-
cbse.gov.in
results.cbse.nic.in
digilocker.gov.in
UMANG App
छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और डेट ऑफ बर्थ आदि डालकर रिजल्ट देख सकते हैं। वहीं, डिजिलॉकर के माध्यम से भी अपनी डिजिटल मार्कशीट फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म आधिकारिक शैक्षणिक दस्तावेजों को डिजिटल रूप में संग्रहीत करता है और छात्रों को इन्हें कभी भी एक्सेस करने की सुविधा देता है। इसी प्रकार, UMANG App के जरिए भी नतीजे चेक किए जा सकते हैं।
CBSE Class 12 Result: सप्लीमेंट्री एग्जाम कब है?
बोर्ड की ओर से बताया गया है कि कक्षा 12 की पूरक परीक्षाएं 15 जुलाई, 2026 को आयोजित की जाएंगी। 12वीं बोर्ड परीक्षा में कंपार्टमेंट श्रेणी में आने वाले छात्र इस परीक्षा में बैठने के पात्र होंगे। कंपार्टमेंट श्रेणी के उम्मीदवारों के अलावा, वे छात्र-छात्राएं जिन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण की है लेकिन किसी एक विषय में अपना नंबर सुधारना चाहते हैं, उन्हें भी परीक्षा देने की अनुमति होगी।
सीबीएसई के अनुसार सप्लीमेंट्री परीक्षाओं के लिए उम्मीदवारों की सूची (LOC) जमा करने की प्रक्रिया 2 जून, 2026 से ऑनलाइन मोड में शुरू होगी। बोर्ड ने स्कूलों और छात्रों को समय-सारणी और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है और कहा है कि अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु: विवाद के बाद झुकी विजय सरकार, ज्योतिषी वेट्रिवेल को OSD पद से हटाया



