Home भारत प्रतीक यादव की मौत पर कई सवाल, जिम पार्टनर ने कहा- रात...

प्रतीक यादव की मौत पर कई सवाल, जिम पार्टनर ने कहा- रात के वक्त बेडरूम में…

सपा प्रमुख और प्रतीक के बड़े भाई अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रतीक के ड्राइवर से अकेले में बातचीत की। बाहर आकर उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार जो तय करेगा, हम उसी बात को मानेंगे”।

0
Man sits at a poker table concentrating, wearing a dark green shirt and headphones, with poker chips stacked in front of him (red, green, black).
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे।

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव (Prateek Yadav) की मौत को लेकर अब भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसी बीच, उनके जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि प्रतीक यादव रात में अपने बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी।

स्वप्नेश पांडेय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उन्हें सुबह करीब 4-5 बजे प्रतीक यादव के निधन की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि जिम से ही हमारी पहचान हुई थी। वे छोटे-बड़े सभी लोगों का सम्मान करते थे। उनका स्वभाव बेहद अच्छा था।

‘रात में तबीयत बिगड़ी, फिर बेडरूम में गिर गए’

स्वप्नेश के मुताबिक, प्रतीक यादव काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज जारी था। मंगलवार देर रात उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें करीब 11-12 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, कुछ राहत मिलने के बाद वह वापस घर लौट आए थे।

स्वप्नेश ने बताया कि मुझे यह सुनने में आया कि घर पहुंचने के बाद वे बेडरूम में गिर गए थे। पैर फिसलने से उनके सिर में चोट लग गई थी।” स्वप्नेश ने दोहराया कि प्रतीक लंबे समय से इलाज करा रहे थे और रात में हालत बिगड़ने के बाद यह हादसा हुआ।

अस्पताल पहुंचने तक रुक चुकी थी धड़कन

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी और हार्ट भी काम करना बंद कर चुका था।

फिलहाल, मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव को गंभीर हालत में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। डॉक्टरों के अनुसार, वे फेफड़ों की गंभीर बीमारी ‘पल्मोनरी एम्बोलिज्म’ से जूझ रहे थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है।

अपर्णा असम में थीं, सोशल मीडिया से मिली खबर

घटना के समय अपर्णा यादव असम में हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गई थीं। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हुईं।

अपर्णा यादव के भाई मुकेश सिंह ने कहा कि उन्हें भी सुबह सोशल मीडिया के जरिए ही इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा, “यह हमारे परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण है। पोस्टमार्टम हो चुका है और अब पार्थिव शरीर घर ले जाया जाएगा।”

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और छोटे भाई के पार्थिव शरीर को देखा। बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा, “यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार जो कहेगा, हम उसी को मानेंगे।”

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और राजनीति से दूरी बनाए रखी थी। वे रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस से जुड़े थे तथा लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम चलाते थे।

प्रतीक और अपर्णा यादव ने करीब 14 साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं। इसी साल जनवरी में दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आई थीं, जब प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर तलाक की बात कही थी। हालांकि, कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी और प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, “All is Good।”

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version