Home खेलकूद IPL 2026: RCB ने टॉस जीतकर किया गेंदबाजी का फैसला, दूसरी ट्रॉफी...

IPL 2026: RCB ने टॉस जीतकर किया गेंदबाजी का फैसला, दूसरी ट्रॉफी जीतने उतरेंगी दोनों टीम

rcb won the toss and elected bowl first
फोटो: आईएएनएस

अहमदाबाद: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार (31 मई) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के खिताबी मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। आरसीबी जहां डिफेंडिंग चैंपियन है तो वहीं जीटी भी दूसरी बार खिताब उठाने की चाहत में मैदान में उतरेगी।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोई भी बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक काफी अच्छा विकेट है। मुझे नहीं लगता कि इसमें ज्यादा बदलाव आएगा। पिछले साल की बहुत सारी यादें जुड़ी हैं। इस मैच को जीतने के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। वर्तमान में रहना बहुत जरूरी है। जो चीजें हमारे नियंत्रण में हैं हम उन पर ही ध्यान देंगे। मुझे इस स्टेडियम में खेलना हमेशा पसंद आता है। हमारी टीम वही है।”

गुजरात टाइटंस में हुआ ये बदलाव

वहीं गुजरात टाइटंस की टीम में एक बदलाव किया गया है। जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि ” टॉस जीतकर हम पहले बल्लेबाजी ही करते। यह एक आम विकेट है। हम यहां अपना तीसरा मैच खेल रहे हैं। पहले तीन ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। यह दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में से एक है। हमने टीम में एक बदलाव किया है। साईं (किशोर) की जगह अरशद (खान) टीम में आए हैं।”

गौरतलब है कि इस सीजन में आरसीबी और जीटी के बीच 3 मैच खेले जा चुके हैं। 24 अप्रैल को आरसीबी ने जीटी के विरुद्ध 5 विकेट से जीत हासिल की थी जिसके बाद 30 अप्रैल को उसे 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। बतातें चलें कि क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने जीटी को 92 रन से रौंदा था।

गुजरात टाइटंस ने 2022 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2025 में 18 साल के लंबे इंतजार के बाद पहली बार ट्रॉफी जीतने में सफल रही थी।

क्या है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम डार।

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन में साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अरशद खान और मोहम्मद सिराज शामिल हैं।

यह भी पढ़ें – ईरान नहीं बनाएगा परमाणु हथियार, डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी, कहा – बातचीत सफल न होने पर खुला है सैन्य कार्रवाई का विकल्प

बतातें चलें कि आरसीबी और जीटी दोनों ही टीमों का प्रदर्शन इस सीजन शानदार रहा है। लीग मैचों में दोनों ही टीमों ने 9-9 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं 5-5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version