पटनाः पटना में चर्चित शिक्षक फैजल खान यानी खान सर के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज‘ पर मंगलवार रात हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पड़ोसी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के निदेशक रौशन आनंद के अलावा उनके दो सहयोगी अभिषेक और गौरव शामिल हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लमपुर हाट में स्थित कोचिंग सेंटर पर पुलिस को हमले की खबर मंगलवार रात करीब 10:10 बजे मिली थी। पथराव, तोड़फोड़ और मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में सामने आया कि करीब 15 से 20 लोगों ने संस्थान पर हमला किया था।
पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान कोचिंग संस्थान के सुरक्षा गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर खान ग्लोबल स्टडीज के एक कर्मचारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ेंः TMC में टूट? ऋतब्रत बनर्जी विधानसभा पहुंचे, 50 से ज्यादा विधायकों के समर्थन का दावा
फायरिंग के दावे को पुलिस ने किया खंडन
हमले के बाद खान सर ने शुरुआती प्रतिक्रिया में 8 से 10 राउंड गोली चलने का दावा किया था। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था और अफरा-तफरी में उन्हें स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग पाया।
खान सर की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं है। वहीं, पटना पुलिस ने भी सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच के आधार पर स्पष्ट किया है कि घटना में फायरिंग नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फुटेज में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं दिखाई दे रही हैं, लेकिन गोली चलने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
क्या बातें सामने आई हैं?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग एक-दूसरे के समीप स्थित हैं। हाल ही में बिहार पुलिस में चयनित 12 हजार अभ्यर्थियों के सम्मान समारोह से संबंधित एक पोस्टर लगाया गया था। आरोप है कि यह पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर लगाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और बाद में मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया।
हमले के बाद खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में खान सर के छात्र सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान खान सर ने छात्रों से शांत रहने और सड़क खाली करने की अपील की। उन्होंने कहा, “हम यहां किसी से लड़ने या हमला करने के लिए नहीं बैठे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता घायल गार्ड का इलाज है। उसका सिर फोड़ दिया गया है और वह अस्पताल में भर्ती है।”
खान सर ने कहा कि उनका संस्थान गरीब और जरूरतमंद छात्रों को कम खर्च में शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास करता है, जिससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है। कोर्ट में पेशी के लिए ले जाए जाने के दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें फंसाने और उनके कोचिंग संस्थान को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
रौशन आनंद ने दावा किया कि घटना के दौरान कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और उनके संस्थान के लोगों पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
सरकार ने की नई कोचिंग नीति लाने की घोषणा
इस घटना के बाद बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति लाने की घोषणा की है। विभाग के अनुसार, अगले तीन महीने के भीतर एक व्यापक कोचिंग नीति तैयार की जाएगी। इसके तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ लागू किया जाएगा, ताकि प्रतिस्पर्धा और विवाद के कारण इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। अगर कोई संस्थान नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। रिपोर्टों के अनुसार आने वाले कुछ ही दिनों में इसे लेकर एक गाइडलाइन जारी हो सकती है।
यह पहली बार नहीं है जब खान सर के संस्थान को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 10 मई 2019 को मुसल्लहपुर हाट स्थित उनके कोचिंग सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने दो देसी बम फेंके थे। उस घटना में भी इलाके में दहशत फैल गई थी।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में शामिल अन्य चार से पांच संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



