पटना: बिहार की राजधानी पटना में लोकप्रिय शिक्षक खान सर (फैजल खान) के कोचिंग सेंटर के बाहर कथित गोलीबारी और मारपीट की घटना से अफरातफरी मच गई। घटना मंगलवार देर शाम की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह गोलीबारी पटना के मुसल्लाहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना का संबंध इसी इलाके में कोचिंग संस्थानों के संचालकों के बीच कथित प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग देर शाम खान सर के इस कोचिंग सेंटर में घुस गए और गार्ड पर हमला कर दिया। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
खान सर ने घटना को लेकर क्या बताया?
घटना की सूचना मिलने पर खान सर देर रात करीब 11:30 बजे अपने कोचिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व कोचिंग सेंटर में घुस आए और गार्ड पर हमला किया। हमले में कोचिंग सेंटर के अंदर की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।
खान सर ने बताया कि उनके कोचिंग सेंटर के कई छात्र हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित हुए हैं। सफल छात्रों के लिए एक समारोह रविवार को आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि समारोह के बाद कुछ लोग कोचिंग सेंटर पहुंचे और धमकी दी कि दो दिनों के भीतर इसे ‘उड़ा दिया जाएगा।’
खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ अन्य कोचिंग संचालक उनके कोचिंग सेंटर का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि यहां कम पैसे में शिक्षा दी जाती है।
क्या कोचिंग सेंटर के बाहर गोलीबारी भी हुई?
इसे लेकर संशय है। खान सर ने पहले पत्रकारों के सामने दावा किया था कि 8 से 10 राउंड गोलियां चली। हालांकि बाद में वे इस दावे से पीछे हटते नजर आए। कथित गोलीबारी के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए खान ने बाद में कहा कि वह हंगामे के बीच जो कुछ हुआ उसे स्पष्ट रूप से समझ नहीं पाए और उन्होंने केवल वही दोहराया जो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बताया था। खान सर ने कहा, ‘उस समय इतनी अफरातफरी मची हुई थी कि मैं कुछ समझ नहीं पाया। मैंने वही कहा जो गार्ड ने मुझे बताया था।’
वहीं, सेंट्रल एसपी दीक्षा ने मीडिया को बताया, ‘हमें अभी तक गोलीबारी का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।’
इस बीच, घायल गार्ड ने कुछ आरोपियों की पहचान करने का दावा किया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि हमले और पोस्टर फाड़ने में कुछ छात्र शामिल थे।
बहरहाल, देर रात की घटना के बाद बुधवार सुबह कई छात्रों के हमले के विरोध में कोचिंग सेंटर के बाहर जमा होने की भी खबरें आई हैं। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसमें यह संभावना भी शामिल है कि यह घटना इलाके में चल रहे कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा से जुड़ी हो सकती है।
खान सर के कोचिंक की ओर से सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मुहैया कराई गई है। बता दें कि पटना का मुसल्लाहपुर हाट में कई कोचिंग सेंटर हैं और यहां बिहार और पड़ोसी राज्यों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्र हर साल आते हैं।
यह भी पढ़ें- फेमा उल्लंघन मामला: वेदांता ग्रुप के खिलाफ ईडी की कार्रवाई, देशभर के कई ठिकानों पर मारे छापे



