Home खेलकूद T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबले का किया...

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबले का किया बहिष्कार

पाकिस्तान सरकार ने रविवार (1 फरवरी) को घोषणा की कि टीम भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में नहीं खेलेगी। यह मुकाबला 15 फरवरी को होना था।

pak government declared not to play against india in t20 world cup
फोटोः आईएएनएस

T20 World Cup 2026: आगामी टी20 विश्व कप से पहले गहमागहमी बढ़ती जा रही है। बांग्लादेश जहां पहले ही भारत में खेलने से मना कर चुका है जिसके चलते वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। इस बीच खबर है कि पाकिस्तान ने भी भारत के साथ खेलने से मना किया है। दरअसल पाकिस्तान सरकार ने रविवार, 1 फरवरी को घोषणा की कि वे टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेंगे। यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है।

पाकिस्तान सरकार ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया जिसमें लिखा कि देश की क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दी गई है। हालांकि, पाकिस्तान टीम भारत के साथ मुकाबला नहीं खेलेगी।

पाकिस्तान सरकार ने क्या कहा?

पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।”

इस हफ्ते की शुरुआत में, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी और तभी उन्होंने घोषणा की थी कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी को लिया जाएगा।

पाकिस्तान सरकार के बयान में इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया गया है लेकिन माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा।

सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए के साथ ग्रुप-ए में शामिल है। पाकिस्तानी टीम 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

बांग्लादेश हो चुका है टूर्नामेंट से बाहर

गौरतलब है कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इंकार कर दिया था। टीम ने भारत से बाहर मुकाबले कराने की मांग की थी। हालांकि आईसीसी ने इस मांग को नहीं स्वीकार किया था। ऐसे में बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर हो गई और उसके स्थान पर स्कॉटलैंड को विश्व कप खेलने का मौका मिलेगा।

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान की तरफ से यह घोषणा ऐसे समय में हुई जब रविवार को जूनियर विश्व कप में भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेल रही थीं।

यह भी पढ़ें – टी20 विश्व कप 2026: टीम ऐलान के बाद भी पाकिस्तान के खेलने पर संशय, क्या बातें सामने आ रहीं?

भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला न खेले जाने से एक तो दोनों देशों के बीच फैंस के बीच निराशा है क्योंकि यह मुकाबला बेहद रोचक होता है। इसके अलावा दुनियाभर की नजरें भी इस मुकाबले पर रहती हैं। वहीं, स्पांशर्स को भी इस फैसले से निराशा हाथ लगी है क्योंकि इस मुकाबले से काफी रेवेन्यू जेनरेट होता है और टिकट के दाम भी अन्य मुकाबलों की तुलना में काफी अधिक होते हैं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version