Home भारत कोटा के पास राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, AC और SLR कोच...

कोटा के पास राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, AC और SLR कोच जलकर खाक, बाल-बाल बचे 68 यात्री

12431 राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम से रवाना हुई थी और इसे रविवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना था। हादसे के समय ट्रेन करीब 2600 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुकी थी…

0
train fire, rajdhani express fire, kota,
कोटा के पास राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, एसी कोच से उठीं धुएं की लपटें। आईएएनएस

कोटा: राजस्थान के कोटा में रविवार तड़के तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में भीषण आग लग गई। हादसा कोटा के विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

आग ट्रेन के बी-1 एसी कोच में लगी, जिसमें उस समय 68 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोच से देखते ही देखते काला धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रेन के अलग किए गए डिब्बे से आसमान तक धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। आग की चपेट में रेलवे ट्रैक के किनारे कुछ पेड़ भी आ गए।

15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), ट्रेन स्टाफ और रेलवे अधिकारियों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की बोगियों से भी यात्रियों को बाहर निकाला गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग फैलने के बाद प्रभावित कोच को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई (ओएचई) भी बंद कर दी गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। कोटा मंडल की राहत और बचाव टीमें सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया।

यात्रियों को दूसरी बोगियों में भेजा गया

रेलवे ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को यात्रा जारी रखने के लिए दूसरी बोगियों में स्थानांतरित किया गया है। ट्रेन की पूरी क्षमता बहाल करने के लिए कोटा स्टेशन पर एक अतिरिक्त कोच जोड़े जाने की भी तैयारी की गई। कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

12431 राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम से रवाना हुई थी और इसे रविवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना था। हादसे के समय ट्रेन करीब 2600 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुकी थी और राष्ट्रीय राजधानी से लगभग 450 किलोमीटर दूर थी।

ये भी पढ़ेंः सुप्रीम कोर्ट में बढ़ेंगे जज, राष्ट्रपति मुर्मू ने 33 से बढ़ाकर 37 करने की दी मंजूरी

कैसे लगी आग?

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे सेक्शन के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

  • कोटा पूछताछ: 6375898943
  • घटनास्थल संपर्क: 09256099269

यह घटना ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले ही हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस की दो एसी बोगियों में आग लग गई थी। हालांकि उस समय ट्रेन खाली थी और कोई यात्री मौजूद नहीं था। रेलवे ने तब भी प्रभावित डिब्बों को अलग कर आग पर काबू पा लिया था।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version