पटना: बिहार के लोकप्रिय शिक्षक फैजल खान (खान सर) की मुसीबत बढ़ सकती है। पटना पुलिस ने उनके कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) के बाहर हुई मारपीट मामले में अब खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। यह एफआईआर गोलीबारी की घटना को लेकर हुई है। खान सर के खिलाफ पटना के कदमकुआं पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए खान सर के गार्ड्स से पूछताछ के दौरान मिले सबूतों के आधार पर मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार खान सर के गार्ड्स ने पुलिस को बयान दिया है कि उन्होंने (खान सर) ने उन्हें गोली चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि तुम गोली चलाओ बाकी हम देख लेंगे। खान सर के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत ये केस दर्ज हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 2 जून की रात पटना के मुसल्लाहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मारपीट की घटना हुई थी। इसमें खान सर के एक गार्ड को बुरी तरह पीटे जाने की बात सामने आई थी। इस दौरान पहले खान सर की ओर से हमला करने वालों के खिलाफ गोलीबारी का दावा किया गया था। उन्होंने दावा किया था कि 8 से 10 राउंड गोलीबारी हुई। बाद में वे इससे मुकर गए थे।
हमले का आरोप पड़ोस के ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर पर लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने अगले ही दिन ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया था। तब रौशन आनंद ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि ये खान सर की साजिश और उन्हें फंसाया गया है।
इस बीच हालांकि, फिर एक और वीडियो सामने आया जिसमें खान सर के गार्ड ही गोलीबारी करते दिखे। इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया था और फिर खान सर से भी पूछताछ हुई थी। जांचकर्ताओं ने बताया कि गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हिंसा से संबंधित घटनाक्रम की जांच कर रही है।
खान सर की क्या सफाई आई है?
फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद खान सर ने सफाई देते हुए कहा कि वो सेल्फ डिफेंस में की गई थी। बच्चों को पढ़ाते हुए एक वीडियो में खान सर पूरे घटनाक्रम को लेकर सफाई देते नजर आ रहे हैं। इसमें वे कहते हैं कि मारपीट हो रही थी। पुलिस को पहुंचने में समय लगेगा, ये पता था। पुलिस वहां उड़कर तो नहीं पहुंचती, इसलिए गार्ड्स ने सेल्फ डिफेंस में फायरिंग की। खान सर आगे कहते हैं गार्ड क्यों रखते हैं ताकि समय पड़े तो लोगों को बचा सकें।
इस बीच दोनों कोचिंग संस्थानों के बच्चे भी आमने-सामने नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को खान सर के खिलाफ एफआईआर की खबर आने के बाद उनकी कोचिंग के बाहर सैकड़ों की संख्या में छात्रों की भीड़ जुट गई है। ये छात्र खान सर के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर ज्ञान बिंदु कोचिंग के रौशन सर के छात्र-छात्राओं का कहना है कि रौशन सर को फंसाया जा रहा है।



