Home विश्व ‘ईरान एकजुट हो दुश्मन को दे जवाब’, अमेरिका के साथ जारी तनाव...

‘ईरान एकजुट हो दुश्मन को दे जवाब’, अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच सुप्रीम लीडर खामेनेई की अपील

ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्ला अली खामेनेई ने देशवासियों से एक अपील की। इस अपील में उन्होंने एकजुटता के साथ दुश्मन को जवाब देने के लिए कहा।

0
iran supreme leader khamenei to countrymen to fight with unity against enemy amid tension with us, ईरान
फोटोः आईएएनएस

तेहरानः अमेरिका से बढ़ते तनाव और बातचीत के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने ईरानियों से खास अपील की। 1979 की इस्लामिक क्रांति की 47वीं सालगिरह से पहले एकजुटता दिखाने और “दुश्मन को निराश करने” की अपील की।

टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में, खामेनेई ने कहा कि राष्ट्रीय शक्ति मिसाइलों और विमानों जैसे मिलिट्री हार्डवेयर के बजाय “दृढ़ संकल्प और मुंह तोड़ जवाब देने” पर ज्यादा निर्भर करती है। उनकी यह टिप्पणी तब आई है जब ईरान इस्लामिक क्रांति की जीत का जश्न मनाने के लिए बुधवार को देश भर में रैलियां आयोजित करने की तैयारी कर रहा है।

सुप्रीम लीडर खामेनेई की अपील

खामेनेई ने कहा, “जब तक दुश्मन निराश नहीं होता, एक राष्ट्र उत्पीड़न का शिकार होता है।”

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने ईरानी सुप्रीम लीडर के हवाले से बताया कि “दुश्मन को निराश होना ही होगा।” उन्होंने सालाना मार्च को सम्मान का प्रदर्शन बताया जो विदेशी शक्तियों को ईरानी मामलों में दखल देने की महत्वाकांक्षाओं से “पीछे हटने” के लिए मजबूर करता है।

मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य जमावड़े और तेहरान के खिलाफ लगातार धमकियों के बीच खामेनेई के ये शब्द यूएस के साथ बढ़े तनाव को दर्शाते हैं।

शुक्रवार को ओमान के मस्कट में ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता के बावजूद तल्खी बरकरार है, जिससे समझौते की संभावना अनिश्चित बनी हुई है।

खामेनेई ने उम्मीद जताई कि इस साल की वर्षगांठ “अन्य राष्ट्रों, सरकारों और शक्तियों को ईरानी लोगों के प्रति विनम्रता और सम्मान दिखाने” के लिए मजबूर करेगी।

ईरान और अमेरिका के बीच 1980 में टूटे राजनयिक संबंध

1979 की इस्लामिक क्रांति एक महत्वपूर्ण क्षण था जिसने ईरान को पश्चिमी समर्थक राजशाही से एक इस्लामी गणराज्य में बदल दिया था। अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी के नेतृत्व में, मौलवियों, छात्रों और धर्मनिरपेक्ष कार्यकर्ताओं के एक विविध गठबंधन ने यूएसए समर्थित शाह मोहम्मद रजा पहलवी को उखाड़ फेंका था।

ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका ने 1980 में राजनयिक संबंध तोड़ दिए, जब ईरानियों ने तेहरान में अमेरिकी दूतावास पर कब्जा कर लिया था।

इस बीच, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) से जुड़े नूर न्यूज के अनुसार, एसएनएससी सचिव अली लारीजानी मंगलवार को ओमान की राजधानी मस्कट में एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

न्यूज आउटलेट ने सोमवार को बताया कि लारीजानी क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने के लिए ओमान के उच्च पदस्थ अधिकारियों से मिलने वाले हैं।

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि यह यात्रा ओमान द्वारा शुक्रवार को ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता के एक दौर की मेजबानी और मध्यस्थता के बाद हुई है। दोनों देशों के बीच बढ़े हुए तनाव के बीच, ओमान को भविष्य की बातचीत के लिए एक संभावित स्थान माना जाता है।

रविवार को तेहरान में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि परमाणु वार्ता के अगले दौर की तारीख और स्थान ओमान के साथ परामर्श से तय किया जाएगा।

ईरानी राष्ट्रपति ने क्या कहा?

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने रविवार को अमेरिका के साथ हाल ही में हुई अप्रत्यक्ष परमाणु बातचीत को “एक कदम आगे” बताया, जबकि वाशिंगटन ने नए प्रतिबंधों और टैरिफ की धमकियों के साथ तेहरान पर आर्थिक शिकंजा कसने की कोशिश की।

ओमान की मध्यस्थता से हुई ये बातचीत जून 2025 में इजरायल-ईरान संघर्ष के बाद दोनों दुश्मनों के बीच पहली उच्च-स्तरीय वार्ता है; इस दौरान अमेरिका ने ईरान के प्रमुख परमाणु केंद्रों पर हमला किया था।

जिसे पेजेशकियन ने इस बातचीत को शांतिपूर्ण समाधान के लिए तेहरान की “लगातार रणनीति” का परिणाम बताया था, वहीं विश्लेषकों ने कहा कि यह कूटनीतिक पहल किसी वास्तविक सुलह के बजाय सतर्क संकट प्रबंधन को दर्शाती है।

एक्स अकाउंट पर पेजेशकियन ने कहा कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाएं परमाणु अप्रसार संधि द्वारा गारंटीकृत “स्पष्ट अधिकारों” के दायरे में ही हैं। उन्होंने लिखा, “ईरानी राष्ट्र ने हमेशा सम्मान का जवाब सम्मान से दिया है, लेकिन वह जोर जबरदस्ती की भाषा बर्दाश्त नहीं करता।”

(यह खबर समाचार एजेंसी आईएएनएस की फीड से प्रकाशित की गई है। इसका शीर्षक बोले भारत डेस्क द्वारा दिया गया है।)

author avatar
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version