Home भारत पंजाबः लॉ कॉलेज में शख्स ने क्लासरूम में छात्रा को मारी गोली...

पंजाबः लॉ कॉलेज में शख्स ने क्लासरूम में छात्रा को मारी गोली फिर खुद पर चलाई; पीड़ित परिवार ने क्या आरोप लगाया?

पंजाब में एक लॉ स्टूडेंट ने अपनी क्लासमेट की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली मार ली।

PUNJAB LAW STUDENT SHOT CLASSMATE THEN SHOOT HIMSELF, पंजाब
फोटोः आईएएनएस

पंजाब के तरन तारन जिले में एक लॉ स्टूडेंट ने पहले अपनी क्लासमेट की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर उसी बंदूक से खुद को भी गोली मार दी। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें इस दौरान उनके बाकी क्लासमेट्स को घबराए हुए देखा जा सकता है। पीड़िता के परिवार वालों का आरोप है कि बार-बार आए शादी के प्रपोजल को ठुकराए जाने के बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है।

यह घटना उस्मा गांव के माई भागो लॉ कॉलेज में सोमवार, 9 फरवरी को कक्षाएं शुरू होने से पहले घटी। पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्रा की पहचानी नौशेहरा पन्नुआं की रहने वाली संदीप कौर के रूप में हुई है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आरोपी प्रिंस राज का पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है। वो मलियान गांव का रहने वाला है। राज और संदीप लॉ, फर्स्ट ईयर कानून के स्टूडेंट थे और उनकी आयु लगभग 19-20 साल के आसपास थी।

CCTV में क्या दिखा?

क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज में प्रिंस राज, संदीप कौर और एक अन्य छात्र एक साथ बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। देखा जा सकता है कि अचानक प्रिंस खड़ा होता है, संदीप के सिर पर गोली चलाता है और फिर खुद को गोली मार लेता है। इस दौरान गोलियों की आवाज सुनकर अन्य छात्र घबराकर कमरे से भाग रहे हैं।

मृतक छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि उन्हें कॉलेज अधिकारियों का फोन आया और तुरंत कॉलेज पहुंचने के लिए कहा गया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मुझे यह नहीं बताया गया था कि उसे (संदीप को) गोली लगी है।” उन्होंने आगे बताया कि जब वह कॉलेज पहुंचीं तो उन्होंने अपनी बेटी को मृत पाया।

वहीं मृतक छात्रा की बहन मनप्रीत कौर ने इंडिया टुडे को बताया कि प्रिंस राज कई महीनों से संदीप को परेशान कर रहा था। वो शादी का प्रस्ताव लेकर दो-तीन बार उनके घर आया था। परिवार ने बताया कि संदीप ने बार-बार यह कहकर राजकुमार राज को मना कर दिया था कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती है। कुछ महीने पहले संदीप की किसी और से सगाई भी हो चुकी थी। कथित तौर पर इससे प्रिंस राज बहुत परेशान था।

पुलिस ने क्या बताया?

वहीं मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुरेंद्र लांबा का भी बयान आया है। न्यू इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, SSP ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के बीच ‘दोस्ती’ का एंगल पता चला है।

उन्होंने कहा, “हमने दोनों छात्रों के मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिए हैं। ताकि उनके बीच कैसे संबंध थे, इसका पता चल सके। सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर लिया गया है और स्टाफ और छात्रों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।”

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version