Home खेलकूद IPL Auction: कैमरुन ग्रीन सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी, अनकैप्ड प्रशांत वीर-कार्तिक शर्मा...

IPL Auction: कैमरुन ग्रीन सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी, अनकैप्ड प्रशांत वीर-कार्तिक शर्मा पर बरसे पैसे, IPL नीलामी की बड़ी बातें

प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे ‘अनकैप्ड खिलाड़ी’ बन गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इन दोनों युवा खिलाड़ियों को 14.2-14.2 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है।

0
New Delhi: Australian all-rounder Cameron Green is sold to Kolkata Knight Riders for Rs 25.20 crore during the IPL 2026 auction, becoming the costliest overseas player in IPL history, in New Delhi on Tuesday, December 16, 2025. Green broke the previous record held by Mitchell Starc, who was bought for Rs 24.75 crore in the IPL 2024 auction. (File Photo: IANS)

अबू धाबी: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)-2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन आईपीएल के इतिहास सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें आगामी सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25 करोड़ 20 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा है। इस मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये था। इसके अलावा प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा भी चर्चा में हैं। दोनो अनकैप्ड खिलाड़ी हैं और चेन्नई सुपरकिंग्स ने दोनों युवा खिलाड़ी को 14.2-14.2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।

IPL Auction: आईपीएल नीलामी की 10 बड़ी बातें

  1. अबू धाबी के एतिहाद एरिना में आयोजित इस मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25 करोड़ में खरीदा। ग्रीन को खरीदने में सबसे पहले मुंबई इंडियंस (एमआई) ने दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (आरआर) इस बिड वॉर में कूद गया। इस बीच केकेआर ने 2.80 करोड़ रुपये की बोली लगाई। राजस्थान रॉयल्स ने 13.40 करोड़ रुपए तक कैमरून ग्रीन को खरीदने की चाहत रखी। सीएसके ने 13.80 करोड़ रुपये की बोली लगाकर इस बिड वॉर में एंट्री मारी। यहां से केकेआर और सीएसके के बीच अंत तक कैमरून ग्रीन को खरीदने की होड़ मची रही। आखिरकार, केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर इस खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ने में कामयाबी हासिल की।
  2. प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे ‘अनकैप्ड खिलाड़ी’ बन गए हैं। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इन दोनों युवा खिलाड़ियों को 14.2-14.2 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है।
  3. इससे पहले आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे ‘अनकैप्ड खिलाड़ी’ का रिकॉर्ड आवेश खान के नाम पर था, जिन्हें आईपीएल 2022 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल 2021 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने कृष्णप्पा गौतम पर 9.25 करोड़ रुपये खर्च किए थे। शाहरुख खान (पंजाब किंग्स) और राहुल तेवतिया (गुजरात टाइटंस) आईपीएल 2022 की नीलामी में 9-9 करोड़ रुपए में खरीदे गए थे।
  4. अनकैप्ड खिलाड़ी आकिब जावेद पर भी पैसों की बरसात हुई है। वह आईपीएल में जम्मू-कश्मीर के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने आकिब नबी डार के लिए तिजोरी खोल दी और इस ऑलराउंडर को 8.40 करोड़ में अपने साथ जोड़ा। 30 लाख की बेस प्राइस वाले डार के लिए दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आरसीबी और एसआरएच ने भी इस जंग में एंट्री की, लेकिन अंत में बाजी दिल्ली कैपिटल्स के हाथ लगी। 8.40 करोड़ में डीसी ने इस ऑलराउंडर को अपने साथ जोड़ा।
  5. ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर आईपीएल 2026 में आरसीबी के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। वेंकटेश अय्यर की बेस प्राइस 2 करोड़ थी। आरसीबी ने उन्हें 7 करोड़ में खरीदा। हालांकि वेंकटेश अय्यर को 16.75 करोड़ का घाटा लगा है। पिछली नीलामी में केकेआर ने अय्यर को 23.75 करोड़ में खरीदा था।
  6. श्रीलंका के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मथिशा पाथिराना को केकेआर ने 18 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत देकर अपने साथ जोड़ा है। सीएसके के द्वारा रिटेन नहीं किए जाने के बाद मथिशा पाथिराना 2 करोड़ की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे थे। इसके अलावा क्विंटन डि कॉक को एमआई ने 1 करोड़ में, बेन डकेट को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ में, फिन एलेन को केकेआर ने 2 करोड़ में, जैकब डफी को आरसीबी ने 2 करोड़ में, एनरिक नॉर्किया को एलएसजी ने 2 करोड़ में, रवि बिश्नोई को आरआर ने 7.20 करोड़ में खरीदा।
  7. बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा है। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर को गुजरात टाइटंस ने खरीदा। उन्हें खरीदने के लिए सीएसके और गुजरात के बीच काफी जद्दोजहद रही। सीएसके ने ऑस्ट्रेलिया के मैट शॉर्ट को 1.5 करोड़ में खरीदा।
  8. श्रीलंका के ओपनर और हाल में शानदार फॉर्म में रहे प्रथम निशांका को दिल्ली कैपिटल्स ने 4 करोड़ रुपये में खरीदा है। KKR ने भी उन्हें खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन फ्रांचाइजी आखिर में पीछे हट गयी। इसके बाद KKR ने अपने पुराने खिलाड़ी राहुल त्रिपाठी को 75 लाख रुपये की बेस प्राइस पर वापस खरीद लिया।
  9. जिन खिलाड़ियों को शुरुआती बोली में खरीदार नहीं मिले, उनमें कुछ बड़े और चर्चित नाम हैं- सीन एबॉट, डेरिल मिशेल, एडम मिल्ने, लुंगी एंगिडी, महीश तीक्षणा, मुजीब रहमान, मैट हेनरी, पृथ्वी शॉ, लियाम लिविंगस्टोन, रचिन रवींद्र, राहुल चहर, सरफराज खान, दीपक हुड्डा, शिवम मावी।
  10. शानदार फॉर्म में चल रहे विकेट-कीपर बल्लेबाज़ सलिल अरोड़ा, जिन्होंने मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हाफ-सेंचुरी लगाई, उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा है। मुंबई इंडियंस भी बोली लगाने की होड़ में शामिल हुई थी, लेकिन उनके पास पैसे खत्म हो गए। SRH ने अनकैप्ड तेज गेंदबाज साकिब हुसैन और ओंकार तरमाले को भी उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा! इसके बाद मुंबई इंडियंस ने मोहम्मद इजहार को 30 लाख रुपये में खरीदा।
author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version