Home विश्व ‘मुस्लिम हो?’, अमेरिका में भारतीय युवक से धर्म पूछकर 15 बार चाकू...

‘मुस्लिम हो?’, अमेरिका में भारतीय युवक से धर्म पूछकर 15 बार चाकू से किया हमला

सोहेल मॉल में एक ज्वेलरी ब्रांड के कियोस्क पर काम करता था। आरोप है कि लार्सन ने पहले उससे पानी की बोतल मांगी और फिर उस पर हमला कर दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक जब सोहेल बोतल लेने के लिए मुड़ा तो संदिग्ध ने उस पर हमला कर दिया।

Indian man in America asked about his religion and stabbed 15 times, अमेरिका
फोटोः गोफंडमी वेबसाइट

यूटा: अमेरिका के यूटा राज्य में एक मॉल के अंदर भारत के एक मुस्लिम व्यक्ति पर चौंकाने वाला हमला हुआ। युवक पर 15 बार चाकू से हमला किया गया। हमले से पहले युवक से उसके धर्म के बारे में पूछा गया था। पुलिस के हलफनामे के अनुसार, पीड़ित के शरीर पर कई जगह चाकू के घाव थे और उसका “बहुत ज्यादा खून बह रहा था।”

जिस युवक पर हमला किया गया, उसकी पहचान सोहेल के तौर पर हुई। यह घटना यूटा के वेस्ट वैली सिटी में वैली फेयर मॉल के अंदर हुई। जेल रिकॉर्ड के मुताबिक, संदिग्ध 48 वर्षीय पीटर माइकल लार्सन पर हत्या की कोशिश और खतरनाक हथियार के गैर-कानूनी इस्तेमाल का आरोप लगाया गया और उसे साल्ट लेक काउंटी जेल भेज दिया गया।

अमेरिका में भारतीय व्यक्ति पर धर्म पूछकर हमला

सोहेल मॉल में एक ज्वेलरी ब्रांड के कियोस्क पर काम करता था। आरोप है कि लार्सन ने पहले उससे पानी की बोतल मांगी और फिर उस पर हमला कर दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक जब सोहेल बोतल लेने के लिए मुड़ा तो संदिग्ध ने उस पर हमला कर दिया।

पीड़ित के साथियों के मुताबिक हमले से पहले लार्सन ने सोहेल से उसकी पहचान के बारे में भी सवाल किए। इसमें यह भी शामिल था कि वह कहां से है और उसका धर्म क्या है?

सोहेल की साथी और दोस्त लूना नुनेज जो बाद में अस्पताल में उनसे मिलने गए थे, ने बताया कि पीड़ित ने उन्हें क्या बताया था। नुनेज ने ABC4 को बताया कि ” उन्होंने कहा कि (लार्सन) ने पूछा ‘आप कहां से हैं?’ और उन्होंने जवाब दिया कि ‘मैं भारत से हूं, मेरा नाम सोहेल है।’

लार्सन ने पूछा कि ” ‘क्या तुम मुस्लिम हो?’ और सोहेल ने हां कहा जिसके बाद उसने उन पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। “

अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं और हमले के पीछे की वजह की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। सोहेल ‘मागा इनकॉरपोरेटेड डायमंड्स’ की एक ज्वेलरी की दुकान पर अपनी रोज की शिफ्ट में काम कर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ।

सोहेल पीछे छोड़ गया दो बच्चे

अदनान मोहम्मद जिनकी उस दुकान की मालिकी है जहां सोहेल काम करता था, ने कहा कि ” वह बस काम कर रहा था जैसे हर रोज करता था।” ABC4 की खबर के मुताबिक उन्होंने बताया कि ” वह (सोहेल) एक पिता है, उसके दो बच्चे हैं। उसके बच्चे घर पर अपने पिता का इंतजार कर रहे थे। वह बस काम कर रहा था अपने परिवार का पेट पाल रहा था। काश मैं उसे बचाने के लिए वहां होता। मैं उसे बचाने के लिए अपनी जान भी दे देता।”

अदनान ने उन लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने आगे आकर सोहेल की जान बचाने में मदद की। उन्होंने कहा कि उनके इस काम से पता चलता है कि इंसानियत अभी भी जिंदा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस हमले ने स्थानीय समुदाय को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है।

उन्होंने कहा कि ” यह बहुत भयानक है। मैंने पहले कभी ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया। ” उन्होंने आगे कहा कि दुनिया को नफरत की राह नहीं अपनानी चाहिए। ” मेहनत करो, अच्छे बनो और प्यार फैलाओ। नफरत के लिए कोई जगह नहीं है। मैं सिर्फ एक ही धर्म में विश्वास करता हूं और वह है इंसानियत। पहले इंसानियत फिर बाकी सब कुछ। “

सोहेल के दोस्त नुनेज ने उसके लिए एक ‘GoFundMe’ पेज बनाया है ताकि जानलेवा चोटों से उबरने के दौरान उसे आर्थिक मदद मिल सके।

यह भी पढ़ें – ब्रिटेन में हिंदू मंदिर वाले कॉम्प्लेक्स को इस्लामिक ग्रुप को बेचा गया, अस्तित्व के खतरे से जूझ रहा 40 साल पुराना मंदिर

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version