लंदन: ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में एक 40 साल पुराना हिंदू मंदिर है जिसे युगांडा से निकाले गए भारतीय शरणार्थियों ने शुरू किया था। अब यह मंदिर अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है क्योंकि जिस कॉम्प्लेक्स में यह स्थित था, उसे एक इस्लामिक समूह को बेच दिया गया है और वे उस जगह पर मस्जिद बनाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि भारत हिंदू समाज (BHS) का यह मंदिर 1986 से न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स से चल रहा है। इस मंदिर की स्थापना उन परिवारों ने की थी जिन्हें 1972 में तानाशाह ईदी अमीन ने युगांडा से निकाल दिया था।
खदीजा मस्जिद को बेचा मंदिर वाला कॉम्प्लेक्स
ब्रितानी अखबार ‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबर पार्टी की अगुवाई वाली पीटरबरो सिटी काउंसिल ने अपना लगभग 500 मिलियन पाउंड (लगभग 64 अरब 69 करोड़ रुपये) का कर्ज चुकाने की योजना के तहत उस कॉम्प्लेक्स को यूनाइटेड किंगडम इस्लामिक मिशन की खदीजा मस्जिद को बेच दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह बिक्री तब हुई जब मंदिर के ट्रस्टियों ने 1.3 मिलियन पाउंड (लगभग 16 करोड़ 82 लाख रुपये) की पेशकश की थी। उनका कहना है कि महीनों तक इस पेशकश को नजरअंदाज किया गया।
इंडिया टुडे ने ट्रस्टी गौरी चौधरी के हवाले से लिखा ” पीटरबरो सिटी काउंसिल ने हमें मार्च 2025 में बताया था कि हम प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं और हमने 1.3 मिलियन पाउंड की पेशकश की। हमें सितंबर 2025 तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। हमें बस इतना पता चला कि मामला ‘बेस्ट एंड फाइनल ऑफर’ (सबसे अच्छी और आखिरी बोली) के चरण में जा रहा है और अब हमें बोली लगानी थी।”
यूनिटी सेंटर बनाने के लिए खरीदा कॉम्प्लेक्स
टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, खदीजा मस्जिद ने यह कॉम्प्लेक्स इसलिए खरीदा था ताकि वहां एक “यूनिटी सेंटर” बनाया जा सके जिसमें प्रार्थना की जगह क्लासरूम और खेल-कूद व मनोरंजन की गतिविधियां शामिल हों।
विरोध के बावजूद जब यह मामला काउंसिल की कैबिनेट के पास दोबारा भेजा गया तो इस साल फरवरी में हुई बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। ‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके जवाब में ट्रस्टियों ने स्थानीय प्रशासन को उस जगह को बेचने से रोकने के लिए एक कानूनी रोक (इंजंक्शन) हासिल कर ली और ‘गोफंडमी’ (GoFundMe) कैंपेन के जरिए दुनिया भर से मिले दान से तेजी से 86,000 पाउंड जुटा लिए।
बता दें कि UK हाई कोर्ट अब इस मामले की सुनवाई कर रहा है। याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट से कहा है कि पूर्वी इंग्लैंड में “हिंदुओं के मुख्य पूजा स्थल” वाली जगह को एक इस्लामिक संगठन को बेचने का सिटी काउंसिल का फैसला गैर-कानूनी था और इसे रद्द किया जाना चाहिए।
पीटरबरो शहर की आबादी 2 लाख से ज्यादा
पीटरबरो शहर की आबादी लगभग 2,25,000 है और यहां कम से कम नौ मस्जिदें हैं। इनमें से एक खदीजा मस्जिद भी है। 2021 की UK जनगणना के मुताबिक, शहर की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 12.2% है जो एक दशक पहले 9.4% थी। वहीं हिंदुओं की हिस्सेदारी 1.8% है जबकि 2011 में यह 1.5% थी।
खदीजा मस्जिद का कहना है कि अब उनकी मौजूदा जगह (जहां वे लगभग 40 सालों से हैं) छोटी पड़ रही है। इसलिए वे एक नए ” यूनिटी सेंटर ” की योजना को पूरा करने के लिए ‘न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स’ खरीदना चाहते हैं। यह सेंटर सभी को साथ लेकर चलने वाली (इनक्लूसिव) सुविधा होगी जिसमें प्रार्थना के लिए जगह क्लासरूम और खेल-कूद व मनोरंजन की गतिविधियां शामिल होंगी।
यह भी पढ़ें – वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में ICC ने क्या बड़े बदलाव किए हैं, जानिए पूरी डिटेल



