Home खेलकूद बांग्लादेश को ICC से एक और दिन की मोहलत, वर्ल्ड कप के...

बांग्लादेश को ICC से एक और दिन की मोहलत, वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं पहुंचे तो स्कॉटलैंड को मौका

0
bangladesh main accused of deepu das lynching arrested what did police say, बांग्लादेश
फोटोः आईएएनएस

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीस) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को बांग्लादेश सरकार से बात करने और यह तय करने के लिए एक और दिन दिया है कि उनकी टीम 2026 T20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत पहुंचेगी या नहीं। बांग्लादेश अगर सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से मना करता रहता है, तो आईसीसी बोर्ड ने टीम रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला किया है।

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिइंफो की रिपोर्ट के अनुसार यह फैसला बुधवार को ICC बोर्ड की मीटिंग में लिया गया, जहां ज्यादातर डायरेक्टरों ने इस बात के पक्ष में वोट दिया कि अगर बांग्लादेश अब भी भारत में न खेलने के अपने रुख पर कायम रहता है, तो उसकी जगह किसी और टीम को मौका दिया जाए।

रिपोर्ट के अनुसार ऐसा समझा जाता है कि मौजूद 15 डायरेक्टरों में से केवल पाकिस्तान ने बीसीबी का साथ दिया। यह मीटिंग पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मंगलवार को ICC और दूसरे बोर्ड को लिखी गई चिट्ठी के बाद बुलाई गई थी, जिसमें कहा गया था कि वह श्रीलंका में खेलने की बीसीबी की स्थिति का समर्थन करता है, जो टूर्नामेंट का सह-मेजबान है। बोर्ड मीटिंग में सभी फुल मेंबर देशों के डायरेक्टरों ने हिस्सा लिया था।

रिपोर्ट के अनुसार एक इंडिपेंडेंट सिक्योरिटी एजेंसी द्वारा तैयार टी20 वर्ल्ड कप की रिस्क असेसमेंट रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में खेलने वाली टीमों को खतरा मीडियम-हाई लेवल का है, लेकिन ‘ऐसी कोई जानकारी नहीं है जो हिस्सा लेने वाली टीमों के खिलाफ सीधे खतरे का संकेत दे।’

वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं..पता नहीं: लिटन दास

दूसरी ओर बांग्लादेश के टी20 कप्तान लिटन दास का भी बयान मंगलवार को आया था। एक बीपीएल मैच के बाद उन्होंने कहा, विश्व कप अभी दूर है। हमें अभी यह भी ठीक से पता नहीं है कि हम वर्ल्ड कप में जाएंगे या नहीं।’ उन्होंने आगे कहा कि उन्हें इस मामले में बीसीबी से कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की तरह वे भी अभी सस्पेंस में हैं।

बता दें कि इससे पहले आईसीसी ने पिछले हफ्ते बांग्लादेश को फैसला लेने के लिए 21 जनवरी की डेडलाइन दी थी। वहीं, बांग्लादेश अभी तक अपनी मांग पर कायम है। उसने पिछली बैठक में अपने मैच को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग फिर से मजबूती से दहराई थी। इसके अलावा उसने ग्रुप बदलने का भी विकल्प आईसीसी के सामने रखा था।

आईसीसी पहले ही बीसीबी के आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने के विचार को भी खारिज कर चुका है, जिसे अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच श्रीलंका में खेलने हैं।

वर्ल्ड कप के मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश को अपने ग्रुप स्टेज के तीन मैच कोलकाता में और चौथा मैच मुंबई में खेलना है। वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। पहले ही दिन बांग्लादेश का भी मैच खेला जाना है।

IPL से मुस्तफिजुर रहमान को हटाने के बाद से जारी है विवाद

बताते चलें कि बीसीबी ने भारत में सुरक्षा की चिंता का विषय तब उठाना शुरू किया जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 की टीम से रिलीज करने के निर्देश दिए।

रहमान को दिसंबर में हुई नीलामी में केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। बाद में भारत में कुछ संगठनों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का हवाला देकर बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में खिलाने को लेकर विरोध जताना शुरू किया। बढ़ते विवाद और दबाव के बीच बीसीसीआई ने रहमान को रिलीज करने का निर्देश केकेआर को दे दिया।

BCCI और केकेआर ने अपने कदम का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया था लेकिन भारत में बढ़ते बांग्लादेश विरोधी भावना की ओर इशारा किया गया। इस पूरे प्रकरण के बाद बीसीबी ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की यात्रा नहीं करने का फैसला किया और इसे सुरक्षा चिंताओं से जोड़ा।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version