Home भारत दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री...

दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले ही दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में कथित एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक इमारत ढह गई थी। उस घटना में 10 लोग घायल हुए थे।

0
delhi fire, fir accident
दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। IANS

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक होटल में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। दिल्ली पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा ने कई दमकल वाहनों, दो वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन और अन्य आपातकालीन संसाधनों को मौके पर रवाना किया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के जनसंपर्क अधिकारी एके मलिक ने बताया कि सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी और एक मिनट के भीतर दमकल वाहनों को रवाना कर दिया गया। शुरुआत में सात दमकल गाड़ियों को भेजा गया था, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में वाहनों और कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई।

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग बुझाने और बचाव कार्य को एक साथ अंजाम दिया। सबसे पहले बेसमेंट से छह लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया गया। कुल मिलाकर 37 लोगों को इमारत से जीवित बचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय इमारत में कितने लोग मौजूद थे, इसका सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।

लोगों ने गद्दे बिछाकर बचाई जान

मालवीय नगर के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई और सभी संबंधित विभागों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक आशंका रेस्टोरेंट से जुड़े किसी कारण की ओर इशारा करती है।

एसडीएम के अनुसार, कुछ लोग जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूद गए। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। समय रहते बीएसईएस द्वारा बिजली आपूर्ति काट दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और रेस्टोरेंट के लाइसेंस तथा सुरक्षा मानकों की भी जांच कराई जाएगी।

कई विदेशी नागरिकों के हताहत होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस होटल में आग लगी, वहां बांग्लादेश और अफ्रीकी देशों के कई नागरिक भी ठहरे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मालवीय नगर और साकेत क्षेत्र में कई निजी अस्पताल स्थित हैं, जहां इलाज के लिए बड़ी संख्या में विदेशी मरीज और उनके परिजन आते हैं। ऐसे लोग आमतौर पर आसपास के होटलों और गेस्ट हाउसों में ठहरते हैं। माना जा रहा है कि आग से प्रभावित होटल में भी कई विदेशी नागरिक इसी उद्देश्य से ठहरे हुए थे।

होटल के संचालन पर उठे सवाल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठान को दिल्ली सरकार की ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ योजना के तहत केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति मिली थी। हालांकि, सूत्रों का दावा है कि परिसर में कथित तौर पर 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे, जिनमें कुछ बेसमेंट में भी बनाए गए थे। इस खुलासे के बाद लाइसेंसिंग नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि होटल की अनुमति, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जांच की जाएगी।

हादसे के बाद सामने आए दृश्यों में इमारत का बाहरी हिस्सा पूरी तरह झुलसा हुआ दिखाई दिया। कई मंजिलों की खिड़कियां काली पड़ गईं और भवन के विभिन्न हिस्सों में आग से भारी नुकसान के निशान देखे गए।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, शुरुआती प्रतिक्रिया के तहत दो वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन सहित कई दमकल इकाइयों को मौके पर भेजा गया था। दमकलकर्मियों ने धुएं से भरे हिस्सों में प्रवेश कर फंसे लोगों की तलाश की और उन्हें बाहर निकाला।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि मालवीय नगर की आग की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएमओ ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से पीड़ितों को पर्याप्त मुआवजा तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने की अपील की।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी हादसे को दुखद बताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोकाकुल परिजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वो राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में जानमाल के नुकसान से मैं अत्यंत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), सीएटीएस एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन एजेंसियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई के चलते कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवारों को हर संभव चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक सतीश उपाध्याय ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम, जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीएम और एमसीडी अधिकारियों को सक्रिय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने एक्स पर बताया कि हादसा उनके विधानसभा क्षेत्र में हुआ है और मृतकों में कई अफ्रीकी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले ही दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में कथित एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक इमारत ढह गई थी। उस घटना में 10 लोग घायल हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, लगभग 250 वर्ग गज क्षेत्र में फैली एक मंजिला इमारत विस्फोट के बाद पूरी तरह ध्वस्त हो गई थी।

दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग कैसे लगी और क्या इमारत या रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन में कोई लापरवाही हुई थी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि भवन में पर्याप्त सुरक्षा उपकरण मौजूद थे या नहीं।

ये भी पढ़ेंः पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर रात में हमला, गोलीबारी का भी दावा; क्या हुआ था

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version