Home खेलकूद तमीम इकबाल को बीसीबी अधिकारी ने बता दिया ‘इंडियन एजेंट’! भड़के बांग्लादेश...

तमीम इकबाल को बीसीबी अधिकारी ने बता दिया ‘इंडियन एजेंट’! भड़के बांग्लादेश टेस्ट टीम के कप्तान

भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने आईसीसी से टीम के मैचों के लिए जगह बदलने की मांग की है, जिसके बाद बांग्लादेश का वर्ल्ड कप अभियान विवादों से घिर गया है।

0
नजमुल हुसैन शांतो (फाइल फोटो)

ढाका: बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने माना है कि अगले महीने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में उनकी टीम के हिस्सा लेने को लेकर जारी अनिश्चितता खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बना रही है, भले ही खिलाड़ी ऐसा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि ‘सब कुछ ठीक है।’ शांतो ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के डायरेक्टर एम नजमुल इस्लाम की भी आलोचना की, जिन्होंने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ कहा था। तमीम ने चल रहे विवाद को शांतिपूर्ण और व्यावहारिक तरीके से सुलझाने की बात कही थी, इसी पर बीसीबी अधिकारी का ये बयान आया था।

दरअसल, भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बीसीबी ने आईसीसी से टीम के मैचों के लिए जगह बदलने की मांग की है, जिसके बाद बांग्लादेश का वर्ल्ड कप अभियान विवादों से घिर गया है।

बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन ने कहा, ‘सबसे पहले, अगर आप हमारे वर्ल्ड कप के नतीजों को देखें, तो हमने कभी भी लगातार अच्छा क्रिकेट नहीं खेला है। पिछले साल, हमने अच्छा खेला था, लेकिन और भी बेहतर मौके थे, और हम उनका फायदा नहीं उठा पाए। लेकिन आप देखेंगे कि हर वर्ल्ड कप से पहले कुछ न कुछ होता ही है। मैं तीन वर्ल्ड कप के अपने अनुभव से यह कह सकता हूं – इसका असर होता है।

शांतो ने पत्रकारों से कहा, ‘अब, हम ऐसा दिखाते हैं जैसे हम पर किसी चीज का असर नहीं होता, कि हम पूरी तरह से प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं। आप लोग भी समझते हैं कि हम एक्टिंग कर रहे हैं। यह आसान नहीं है।’

शांतो ने कहा कि खिलाड़ी ध्यान भटकाने वाली चीजों को नजरअंदाज़ करके अपने प्रदर्शन पर फोकस करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘बेशक, अगर ये चीजें न होतीं तो बेहतर होता, लेकिन यह कुछ हद तक हमारे कंट्रोल से बाहर है।’

7 फरवरी से वर्ल्ड कप, बांग्लादेश के भारत में 4 मैच

बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें बांग्लादेश को भारत में चार मैच खेलने हैं। इसमें तीन कोलकाता में और एक मुंबई में मैच है। बीसीसीआई के निर्देशों पर IPL से तेज गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बीसीबी ने मांग की है कि उसके मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं।

शांतो ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि यह कैसे हुआ, या इसे कैसे कंट्रोल किया जा सकता था। फिर भी, मैं कहूंगा कि ऐसे हालात में भी काम करना मुश्किल है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर हम सही सोच के साथ वर्ल्ड कप में जाएं और कहीं भी खेलें, तो हमें इस बात पर फोकस करना चाहिए कि हम टीम के लिए अपना बेस्ट कैसे दें।’

तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ बताने पर भड़के कप्तान

शांतो ने बीसीबी डायरेक्टर एम नजमुल इस्लाम की तमीम इकबाल के बारे में की गई टिप्पणियों पर भी कड़ी निराशा जताई। शांतो ने कहा, ‘बहुत दुख हुआ, बहुत दुख हुआ क्योंकि एक क्रिकेटर – एक पूर्व कप्तान, और मेरी राय में बांग्लादेश के सबसे सफल क्रिकेटरों में से एक, जिसे हम देखकर बड़े हुए हैं, उसके बारे में ऐसी टिप्पणियां की गईं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘खिलाड़ियों के तौर पर, हम सम्मान की उम्मीद करते हैं – चाहे कोई पूर्व कप्तान हो, रेगुलर खिलाड़ी हो, सफल हो या नहीं। आखिर में, एक क्रिकेटर सम्मान की उम्मीद करता है।’ बीसीबी को ‘गार्जियन’ बताते हुए, शांतो ने कहा कि यह टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, ‘माता-पिता को आपको घर पर सुधारना चाहिए, सबके सामने नहीं। इसलिए, जो हमारा गार्जियन है, उसकी तरफ से ऐसी टिप्पणी स्वीकार करना बहुत मुश्किल है। एक खिलाड़ी के तौर पर मैं इसे पूरी तरह से खारिज करता हूं।’

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version