Home भारत ‘बीजेपी ने पंजाबियों के साथ किया धक्का’, राघव चड्ढा के इस्तीफे के...

‘बीजेपी ने पंजाबियों के साथ किया धक्का’, राघव चड्ढा के इस्तीफे के बाद अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया

आम आदमी पार्टी से राघव चड्ढा और अन्य 6 सांसदों के इस्तीफे के बाद पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है।

arvind kejriwal sanjay singh reaction after raghav chadha ashok mittal and other rs mps resignation from party, अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राघव चड्ढा समेत सात सदस्यों के पार्टी छोड़ने के बाद पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने इसे ‘पंजाबियों के साथ धक्का’ बताया है। इससे पहले दिन में राघव चड्ढा समेत 3 सांसदों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी।

केजरीवाल के अलावा पार्टी नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी निशाना साधा है। उन्होंने इसे पंजाबियों के साथ धोखा बताया है। वहीं सांसद संजय सिंह की भी प्रतिक्रिया आई है।

अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत इन नेताओं की प्रतिक्रिया

अरविंद केजरीवाल ने इस बाबत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट की है। इस पोस्ट में लिखा “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का”

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने एक्स पोस्ट में लिखा, “तीन दिन से गुजरात में हूं, जिस समय गुजरात में हजारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, सारे खतरे और भाजपा की धमकियां झेलकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए खून-पसीना बहा रहे हैं, उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई का सौदा कर लिया।”

सिसोदिया ने आगे कहा, “जो राज्यसभा सदस्य आज भाजपा के सामने झुक गए, अपनी निजी मजबूरियों, डर और लालच के कारण जिन्होंने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की है, उन्हें पता होना चाहिए कि पंजाब गद्दारों को कभी माफ नहीं करता है।”

‘ऑपरेशन लोटस’, घटिया राजनीति का खेलः संजय सिंह

पार्टी की पंजाब इकाई के महासचिव बलतेज पन्नू ने कहा कि केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी को कमजोर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का सुनियोजित तरीके से इस्तेमाल कर रही है और इसके लिए वह पार्टी में दलबदल करवा रही है। उन्होंने अमित शाह के नेतृत्व वाली भाजपा की केंद्रीय लीडरशिप पर इस योजना को अंजाम देने के लिए राघव चड्ढा को एक औजार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘ऑपरेशन लोटस’, घटिया राजनीति का खेल और पंजाब सरकार के अच्छे कामों को रोकने का षड्यंत्र है। आज आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सात सांसद तोड़कर भाजपा में शामिल किए गए। इन सातों नामों को पंजाब की जनता को याद रखना चाहिए। पंजाब की जनता इन लोगों को माफ नहीं करेगी। राघव चड्डा को पार्टी ने विधायक और सांसद बनाया। पंजाब की जनता ने प्यार देकर राज्यसभा में पहुंचाया। अब भाजपा की गोद में जा बैठे।

यह भी पढ़ें – कौन हैं राज्य सभा सांसद अशोक मित्तल? ‘आप’ छोड़ थामा भाजपा का दामन…10 दिन पहले ED ने मारा था छापा

भाजपा ने पंजाबियों के साथ किया विश्वासघातः सीएम मान

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की भी इस मामले में प्रतिक्रिया आई है। चड्ढा और अन्य सांसदों के बयान के तुरंत बाद मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मान ने इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे “निकम्मे नेताओं” की पार्टी बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है और पार्टी पर आम आदमी पार्टी को तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा “चार साल तक उन्होंने भगवंत मान के खिलाफ कुछ न कुछ ढूंढने की कोशिश की; जब उन्हें कुछ नहीं मिला, तो उन्होंने आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की।”

मान ने आगे कहा, “वे पंजाब सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पंजाब की जनता मेरा समर्थन करती है; वे मुझे दिल से प्यार करते हैं। भाजपा जिस भी पार्टी के साथ गठबंधन करती है, उसे खत्म कर देती है।”

आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसद हैं ‘गद्दार’

राघव चड्ढा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसद ‘गद्दार’ हैं। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग देश छोड़कर चले गए हैं, वे पंजाब का हिस्सा नहीं हैं।

भाजपा पर और हमला करते हुए मान ने कहा कि भाजपा ईडी, सीबीआई और एनआईए जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल अपने इशारों पर कर रही है। उन्होंने भाजपा पर सरकार गिराने की कोशिश करके पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करने का भी आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें – भाजपा में शामिल हुए राघव चड्ढा, राज्य सभा में AAP के 10 में 7 सांसद टूटे…ये संख्या क्यों है अहम?

गौरतलब है कि शुक्रवार (24 अप्रैल) को दोपहर राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी। इस दौरान चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी छोड़ने के फैसले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आप अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई हैं। उन्होंने कहा कि जिस आप को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा, वह अपने मार्ग से भटक गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version