Home विश्व अमेरिका के पास सिर्फ दो विकल्प- ‘असंभव’ सैन्य अभियान या तेहरान के...

अमेरिका के पास सिर्फ दो विकल्प- ‘असंभव’ सैन्य अभियान या तेहरान के साथ ‘बुरा समझौता’: ईरान

america-has-only-two-options impossible military operation or bad deal with iran, अमेरिका, ईरान
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

तेहरानः ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार (3 मई) को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के नवीनतम शांति प्रस्ताव की आलोचना करने के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के सामने एक “असंभव” सैन्य अभियान या तेहरान के साथ एक “बुरा समझौता” करने का विकल्प है।

8 अप्रैल को युद्धविराम लागू होने के बाद से दोनों देशों के बीच वार्ता ठप पड़ी है, अब तक केवल एक दौर की सीधी शांति वार्ता ही हो पाई है।

ईरान के 14 सूत्री प्रस्ताव पर ट्रंप ने जताया संदेह

ईरान की समाचार एजेंसियों तसनीम और फार्स ने बताया कि तेहरान ने मध्यस्थ पाकिस्तान को 14 सूत्री प्रस्ताव सौंपा था, लेकिन ट्रंप ने तुरंत इस पर संदेह व्यक्त किया।

ट्रंप ने अपने सोशल प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट की। इस पोस्ट में लिखा “ मैं जल्द ही ईरान द्वारा हमें भेजे गए प्रस्ताव की समीक्षा करूंगा लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह स्वीकार्य होगा क्योंकि उन्होंने पिछले 47 वर्षों में मानवता और दुनिया के साथ जो किया है। उसके लिए उन्हें अभी तक पर्याप्त कीमत नहीं चुकानी पड़ी है।”

अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस ने प्रस्ताव से अवगत दो सूत्रों के हवाले से बताया कि इसमें “होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने, अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को समाप्त करने और ईरान और लेबनान में युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए एक समझौते पर बातचीत के लिए एक महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है।”

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को एक बयान जारी कर डोनाल्ड ट्रंप पर ही सारा दोष मढ़ते हुए कहा कि उन्हें “एक असंभव ऑपरेशन या इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ एक खराब समझौते” में से किसी एक को चुनना होगा।

उन्होंने कहा, “अमेरिका के लिए निर्णय लेने की गुंजाइश सीमित हो गई है।”

यह भी पढ़ें – ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना को बताया समुद्री डाकू, ईरान ने UN से की कार्रवाई की मांग

इससे एक दिन पहले, उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने तेहरान में राजनयिकों से कहा था कि “कूटनीति का मार्ग चुनने या टकरावपूर्ण रवैया जारी रखने का निर्णय अब अमेरिका के हाथ में है।”

उन्होंने कहा कि ईरान “दोनों रास्तों के लिए तैयार है।”

‘अगर वे कुछ गलत करते हैं तो…’:डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (2 मई) को फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में यह बताने से इनकार कर दिया कि किस स्थिति में अमेरिका नई सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

उन्होंने कहा, “अगर वे दुर्व्यवहार करते हैं, अगर वे कुछ गलत करते हैं, लेकिन अभी हम देखेंगे। लेकिन ऐसा होने की संभावना निश्चित रूप से है।”

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के सैन्य सलाहकार मोहसेन रेजाई ने और भी आक्रामक बयानबाजी करते हुए कहा कि ईरानी सेना अमेरिकी जहाजों को डुबो देगी।

उन्होंने एक्स पर टिप्पणी की कि “अमेरिका दुनिया का इकलौता समुद्री लुटेरा है जिसके पास विमानवाहक पोत हैं। समुद्री लुटेरों का सामना करने की हमारी क्षमता युद्धपोतों को डुबाने की हमारी क्षमता से कम नहीं है। अपने विमानवाहक पोतों और सेनाओं के कब्रिस्तान का सामना करने के लिए तैयार हो जाइए।”

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version