Home भारत Elections Results: बंगाल में पहली बार BJP सरकार के आसार, असम में...

Elections Results: बंगाल में पहली बार BJP सरकार के आसार, असम में भी जोरदार वापसी

तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है। इसके साथ ही इन राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणाम भी आज घोषित किए जा रहे हैं।

0
Collage of Indian political figures around a map of India with dramatic golden lighting; a man in an orange scarf speaks into a microphone while others look on.
#image_title

नई दिल्ली: तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में हुए चुनाव के नतीजें आएंगे। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल में भाजपा जीत की तरफ बढ़ती दिख रही है। 147 सीटों के सामने आए रुझानों में भाजपा 92 और टीएमसी 52 सीटों पर आगे चल रही है।

वहीं असम में हिमंत बिस्वा सरमा की वापसी होती दिख रही है। साढ़े 10 बजे के रुझानों में भाजपा यहां 78 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 25 सीटों पर तो बीओपीएफ-एजीपी 10-10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। तमिलनाडु में एक्टर विजय की टीवीके ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। यहां शुरुआती रुझानों में पार्टी ने 103 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं सत्ताधारी पार्टी डीएमके 38 सीटों पर तो एआईडीएमके 67 सीटों पर आगे चल रही हैं।

बता दें कि पांचों राज्यों में करीब 25 करोड़ मतदाताओं ने इन चुनावों में हिस्सा लिया। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह चुनाव सिर्फ राज्यों की सत्ता का फैसला नहीं करेंगे, बल्कि यह भी संकेत देंगे कि मतदाता राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा जता रहे हैं या केंद्र सरकार की नीतियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसलिए इन चुनावों को राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला, जहां रिकॉर्ड 92.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि सोमवार को राज्य की 294 में से 293 सीटों के ही नतीजे घोषित होंगे। दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान 21 मई को होगा और उसका परिणाम 24 मई को आएगा।

तमिलनाडु में 85.1 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में उल्लेखनीय माना जा रहा है। पारंपरिक रूप से यहां मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके के बीच रहता है, लेकिन इस बार अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

केरल

केरल में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहा है, जो राज्य के राजनीतिक इतिहास में पहली बार होगा।

हालांकि शुरुआती रुझानों में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) मजबूत स्थिति में दिख रहा है। यदि यूडीएफ सत्ता में वापसी करता है तो यह कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा राजनीतिक संदेश माना जाएगा।

140 सीटों के रुझानों में एलडीएफ 53 सीटों पर जबकि यूडीएफ 83 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

असम

असम में भाजपा नीत एनडीए मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करता दिख रहा है।

एग्जिट पोल में भी एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया था। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने संयुक्त मोर्चा बनाया है, लेकिन भाजपा की मजबूत संगठनात्मक पकड़ उन्हें कड़ी चुनौती दे रही है।

पुडुचेरी

पुडुचेरी में मुकाबला एनडीए, इंडिया गठबंधन और टीवीके के बीच देखने को मिल रहा है। 30 में से 29 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं।

अब तक के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा नीत गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। 16 सीटों के बहुमत वाले सदन में बीजेपी+ 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस को अब तक सिर्फ 6 सीटों पर बढ़त मिली है।

शुरुआती रुझानों से साफ है कि पांचों राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक संदेश उभर रहे हैं। जहां कुछ राज्यों में सत्ता परिवर्तन के संकेत हैं, वहीं कुछ जगह मौजूदा सरकारें अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए हैं। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version