ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों हॉरर फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। अगर आप भी इस वीकेंड कुछ ऐसा देखना चाहते हैं, जो हर कुछ मिनट में आपको चौंकाए और आखिरी सीन तक बांधे रखे, तो हॉलीवुड की कई शानदार हॉरर फिल्में हिंदी में भी उपलब्ध हैं। इनमें द कॉन्ज्यूरिंग, इनसिडियस, द नन और स्माइल जैसी फिल्में शामिल हैं, जिन्होंने दुनियाभर में करोड़ों दर्शकों को डराया और बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी सफलता हासिल की। खास बात यह है कि इनमें कई फिल्में सच्ची घटनाओं, चर्चित मामलों या लोकप्रिय उपन्यासों से प्रेरित हैं। यहां हम ऐसी ही 12 फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें आप अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
1. ‘द कॉन्ज्यूरिंग'(2013)
तो पहली फिल्म है ‘द कॉन्ज्यूरिंग’ (The Conjuring)। जेम्स वान के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आधुनिक दौर की सबसे बेहतरीन हॉरर फिल्मों में गिना जाता है। यह अमेरिका के प्रसिद्ध पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर्स एड और लॉरेन वॉरेन के चर्चित ‘पेरोन फैमिली’ केस से प्रेरित है। वेरा फार्मिगा और पैट्रिक विल्सन की जोड़ी ने फिल्म को यादगार बना दिया। करीब 20 मिलियन डॉलर के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 319 मिलियन डॉलर से ज्यादा का कारोबार किया। इसके बाद द कॉन्ज्यूरिंग यूनिवर्स की शुरुआत हुई, जिसमें कई सफल फिल्में बनीं। आईएमडीबी पर इसकी 7.5 रेटिंग है।
2. ‘द कॉन्ज्यूरिंग 2′ (2016)
यह फिल्म इंग्लैंड के चर्चित एनफील्ड पोल्टरगाइस्ट मामले पर आधारित है। एड और लॉरेन वॉरेन एक ऐसे घर की जांच करते हैं, जहां एक परिवार कथित रूप से अलौकिक शक्तियों से जूझ रहा होता है। फिल्म का सस्पेंस, डरावना माहौल और ‘द नन’ जैसे किरदार की पहली झलक इसे खास बनाती है। आईएमडीबी पर 7.3 रेटिंग है।
3. ऐनाबेले (2014)
द कॉन्ज्यूरिंग यूनिवर्स की यह फिल्म उस डरावनी गुड़िया की कहानी बताती है, जिसकी झलक पहली बार द कॉन्ज्यूरिंग में दिखाई गई थी। इसके बाद ऐनाबेले: क्रिएशन और ऐनाबेले कम्स होम जैसी फिल्में भी आईं। यह फ्रेंचाइजी हॉलीवुड की सबसे सफल हॉरर सीरीज में शामिल है।
4.ईट (2017)
स्टीफन किंग के मशहूर उपन्यास पर आधारित इस फिल्म में ‘पेनीवाइज’ नाम का खौफनाक जोकर बच्चों को अपना शिकार बनाता है। बिल स्कार्सगार्ड के अभिनय को काफी सराहा गया। फिल्म ने दुनिया भर में 700 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की और यह अब तक की सबसे सफल हॉरर फिल्मों में शामिल है।
5. एविल डेड राइज (2023)
ली क्रोनिन निर्देशित यह फिल्म एविल डेड फ्रेंचाइजी की पांचवीं कड़ी है। एक रहस्यमयी किताब मिलने के बाद एक परिवार पर दुष्ट शक्तियों का साया मंडराने लगता है। फिल्म अपने मेकअप इफेक्ट्स, डरावने दृश्यों और तेज रफ्तार कहानी के लिए चर्चा में रही।
6. स्माइल (2022)
एक मनोचिकित्सक के सामने एक अजीब घटना घटती है, जिसके बाद उसकी जिंदगी डरावने अनुभवों से भर जाती है। पार्कर फिन निर्देशित इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका मनोवैज्ञानिक डर और अनोखा कॉन्सेप्ट है। इसकी सफलता के बाद स्माइल 2 भी बनाई गई।
7. टॉक टू मी (2023)
ऑस्ट्रेलियाई निर्देशक डैनी और माइकल फिलिपू की यह फिल्म रिलीज के बाद समीक्षकों और दर्शकों दोनों की पसंद बनी। कहानी एक रहस्यमयी हाथ के जरिए आत्माओं से संपर्क करने वाले युवाओं की है, जो धीरे-धीरे भयावह रूप ले लेती है। इसे हाल के वर्षों की सबसे बेहतरीन हॉरर फिल्मों में गिना जाता है। कई प्लेटफॉर्म पर हिंदी ऑडियो उपलब्ध है।
8. द नन (2018)
द कॉन्ज्यूरिंग यूनिवर्स की यह फिल्म दानवी नन ‘वैलाक’ की कहानी पर केंद्रित है। डरावने माहौल, पुराने मठ और रहस्यमयी घटनाओं के कारण यह फ्रेंचाइजी की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। इसके बाद द नन 2 भी रिलीज हुई।
9. द एक्सॉर्सिस्ट: बिलीवर (2023)
1973 की क्लासिक द एक्सॉर्सिस्ट का सीक्वल मानी जाने वाली इस फिल्म में दो लड़कियां रहस्यमयी शक्तियों के प्रभाव में आ जाती हैं। इसके बाद उन्हें बचाने के लिए एक पुराने एक्सॉर्सिस्ट की मदद ली जाती है। फिल्म ने क्लासिक फ्रेंचाइजी को नई पीढ़ी के सामने पेश किया।
10. इनसिडियस (2010)
जेम्स वान की यह फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी है, जिसका बेटा रहस्यमयी कोमा जैसी स्थिति में चला जाता है और उसके बाद घर में अलौकिक घटनाएं शुरू हो जाती हैं। इनसिडियस ने आगे चलकर एक सफल फ्रेंचाइजी का रूप लिया, जिसकी कई कड़ियां रिलीज हो चुकी हैं।
11. सिंस्टर (2012)
एथन हॉक अभिनीत इस फिल्म में एक क्राइम राइटर अपने नए घर में पुराने वीडियो टेप खोजता है, जिनमें कई रहस्यमयी हत्याएं रिकॉर्ड होती हैं। धीरे-धीरे उसका परिवार भी एक खतरनाक दुष्ट शक्ति के निशाने पर आ जाता है। कई सर्वेक्षणों में इसे सबसे डरावनी फिल्मों में भी शामिल किया गया है। हिंदी ऑडियो कुछ प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
12. लाइट्स ऑफ (2016)
डेविड एफ. सैंडबर्ग की यह फिल्म उनके चर्चित शॉर्ट फिल्म पर आधारित है। इसकी कहानी एक ऐसी रहस्यमयी शक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो केवल अंधेरा होने पर दिखाई देती है। कम बजट में बनी इस फिल्म ने अपने अनोखे कॉन्सेप्ट और सस्पेंस के दम पर दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीता।

