नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं और शहर आग बरस रहे हैं। उत्तर, मध्य और पूर्वी हिस्सों में भयंकर लू का प्रकोप देखा जा रहा है। दुनिया के 50 सबसे अधिक गर्म शहरों में सभी शहर भारत के ही हैं।
वायु गुणवत्ता और मौसम पर नजर रखने वाली वेबसाइट AQI.in के मुताबिक, भारतीय समयानुसार सुबह 10:50 बजे तक दुनिया के शीर्ष 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में भारतीय शहर ही शामिल थे। इनमें ओडिशा का बालांगीर 45 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, उत्तर प्रदेश का प्रयागराज और महाराष्ट्र का चंद्रपुर का तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़, बिहार, तेलंगाना, हरियाणा और मध्य प्रदेश के भी कुछ शहरों का तापमान इतना ही रहा।
सबसे गर्म शहरों में सर्वाधिक उत्तर प्रदेश से
इस रैंकिंग से मौजूदा भीषण गर्मी की भयावहता का चौंकाने वाला दृश्य सामने आया। इस सूची में शामिल आधे से अधिक शहर अकेले उत्तर प्रदेश से हैं। इनमें वाराणसी, बांदा, बरेली और अयोध्या जैसे स्थानों पर दोपहर से पहले ही तापमान 42°C से 43°C के बीच दर्ज किया गया। इसके अलावा बंदायूं, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, अकबरपुर धनबाद आदि में भी सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ने पहले ही चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में पूरे सप्ताह लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।
शाम के समय में सबसे गर्म शहरों में सूडान का खारटोम शहर पहले स्थान पर रहा। जहां का तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। 50 सबसे अधिक गर्म शहरों में मथुरा, रायपुर, ग्वालियर, हाथरस, भरतपुर, आगरा, फिरोजाबाद, नागपुर, भिलाई खम्मम आदि हैं। ईरान शहर का भी तापमान 42 डिग्री है। वहीं, चाड देश का फाया शहर भी सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल है।
उत्तर-पश्चिमी दिशा से लगातार चलने वाली शुष्क हवाओं, साफ आसमान और भारत-गंगा के मैदानी इलाकों के बड़े हिस्से में मानसून से पहले मिलने वाली राहत में देरी के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है।
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से बेहाल लोग
राष्ट्रीय राजधानी और इससे सटे एनसीआर के इलाकों में भी भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। जहां तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ऐसे में लोगों को गर्मी के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है कि यहां आने वाले दिनों में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
महाराष्ट्र के विदर्भ में तापमान इसी हफ्ते 46 डिग्री तक पहुंच गया। कई राज्यों के अस्पतालों में भीषण गर्मी के चलते इन दिनों पानी की कमी, अत्यधिक गर्मी से थकावट और लू लगने के बढ़ते मामले देखे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें – गलत मार्किंग, ब्लर स्कैन कॉपी और पोर्टल पर अचानक से बढ़ रही फीस, CBSE की OSM प्रणाली फिर सवालों के घेरे में
नौतपा खगोलीय और मौसमी घटना है जो 9 दिनों तक रहता है। इन दिनों में भीषण गर्मी और तापमान अधिक देखने को मिलता है। इस साल नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक रहेगा। ऐसे में नौतपा से पहले जब गर्मी और बढ़ते तापमान का ये असर है तो आने वाले दिनों यह और भी भयंकर होगा। ऐसे में सावधान रहने की आवश्यकता है।
गर्मी और लू से बचाव के लिए पानी पीते रहें। इसके साथ ही मौसमी फलों का भी सेवन करें जिससे शरीर में डिहाइड्रेशन न हो और एनर्जी बनी रहे।



