Home भारत दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 मिनट तक क्यों रुके रहे पीएम मोदी? नीट...

दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 मिनट तक क्यों रुके रहे पीएम मोदी? नीट री-एग्जाम से जुड़ा है मामला

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण के मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करने के बाद पीएम मोदी कोलकाता से दिल्ली लौटे।

why-pm-modi-wait igi airport on neet re exam day, पीएम मोदी, दिल्ली एयरपोर्ट
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (21 जून) को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक रुके रहे। नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने एयरपोर्ट पर इंतजार किया और परीक्षा शुरू होने के बाद ही अपने आधिकारिक आवास के लिए रवाना हुए।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण के मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करने के बाद पीएम मोदी कोलकाता से दिल्ली लौटे। उनका विमान करीब 1 बजकर 15 मिनट पर पहुंचा। उन्हें वहां से सीधे अपने सरकारी आवास जाना था। वह दो बजे तक एयरपोर्ट पर रुके रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली एयरपोर्ट पर क्यों रुके रहे?

नीट-यूजी 2026 की परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होने वाली थी। ऐसे में प्रधानमंत्री ने निर्णय लिया कि वे हवाई अड्डे पर ही रुकेंगे ताकि उनके काफिले की आवाजाही के कारण परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे छात्रों को यातायात संबंधी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

पीएम मोदी का यह फैसला शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भी लिया गया। परीक्षा शुरू होने के बाद दोपहर 2 बजे के पश्चात ही वह अपने आवास के लिए रवाना हुए। इस बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देश और विदेश में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी नीट-यूजी री-एग्जाम में शामिल हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें – तमिलनाडु: तिरुवल्लूर में अमोनिया लीक के चलते भीषण दुर्घटना, कम से कम छह की मौत

3 मई को पेपर लीक के बाद 21 जून को दोबारा हुआ पेपर

इससे पहले राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद कुछ अभ्यर्थियों ने आईएएनएस से बातचीत में कहा था कि 3 मई को कथित पेपर लीक की घटना के बाद उनकी तैयारी और परीक्षा को लेकर मन में संशय बना हुआ है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार (20 जून) को अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे बिना किसी डर और चिंता के परीक्षा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि सीबीएसई कक्षा 12वीं के अंकों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने वाले 15 लाख से अधिक छात्रों के परिणाम तैयार हैं और जल्द ही जारी किए जाएंगे।

मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि “ आज पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है। मुझे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), सभी राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, भारत की शिक्षा व्यवस्था और विशेष रूप से छात्रों पर पूरा भरोसा है। ”

यह भी पढ़ें – मासूम से लेकर दंगल तक…पिता और बच्चों के रिश्तों की सबसे यादगार कहानियां कहतीं ये 20+ फिल्में

उन्होंने कहा कि “ करीब 22 लाख छात्र जल्द ही नीट परीक्षा में शामिल होंगे। बिना किसी भय और चिंता के परीक्षा दें। आप निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। सभी छात्रों को मेरी शुभकामनाएं। छात्रों का भारत की व्यवस्था पर विश्वास है और मुझे उम्मीद है कि यह भरोसा आगे भी कायम रहेगा। ”

शिक्षा मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version