Home भारत कौन हैं राधन पंडित वेट्रिवेल? तमिलनाडु के CM विजय ने अपने ज्योतिषी...

कौन हैं राधन पंडित वेट्रिवेल? तमिलनाडु के CM विजय ने अपने ज्योतिषी को नियुक्त किया ओएसडी

Vijay and Radhan Pandit Vetrivel
रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री के ‘ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (पॉलिटिकल)’ के तौर पर नियुक्त किया गया था।

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनीति में उतरे विजय इन दिनों चर्चा में है। विजय के साथ एक और नाम भी तमिलनाडु की राजनीति में अभी सबकी जुबान पर है। ये नाम है राधन पंडित वेट्रिवेल। विजय के निजी ज्योतिष राधन पंडित को मुख्यमंत्री का विशेष अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है। वैसे, तमिलनाडु के राजनीतिक हलकों में यह नाम नया भी नहीं है। तमिलनाडु के इरोड में जन्मे वेट्रिवेल दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता के लिए भी बतौर ज्योतिष काम कर चुके हैं।

हालांकि, कहा जाता है उनकी एक बेहद अहम भविष्यवाणी के बुरी तरह फेल साबित होने के बाद उनके रिश्ते में खटास आ गई। खबरों के मुताबिक, वेट्रिवेल ने जयललिता को आश्वासन दिया था कि उन्हें आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल नहीं जाना पड़ेगा। लेकिन सितंबर 2014 में फैसले के बाद उन्हें जेल हो गई। इससे दोनों के बीच संबंध टूट गए। सूत्रों के अनुसार, इसके तुरंत बाद जयललिता ने उनसे सलाह लेना बंद कर दिया था और वेट्रिवेल सिंगापुर चले गए।

इसी दौर में वेट्रिवेल ने अपना नाम बदला। उन्होंने उत्तर भारतीय प्रभाव लिए नाम ‘राधन पंडित वेट्रिवेल’ का इस्तेमाल करना शुरू किया। बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्षों उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय के बीच अपनी पहचान और लोकप्रियता बढ़ाने का प्रयास किया। वेट्रिवेल के पास चेन्नई में एक अपार्टमेंट है। वैसे, उन्होंने सिंगापुर और बाद में दिल्ली में भी कुछ समय बिताया है।

विजय से कैसे जुड़े राधन पंडित?

सूत्रों के अनुसार दिल्ली से लौटने के बाद ही वेट्रिवेल की एक पहचान के शख्स के जरिए विजय से मुलाकात हुई। धीरे-धीरे विजय के राजनीतिक सर्किल में वेट्रिवेल का आना-जान शुरू हो गया। यह भी बताया जा रहा है कि वेट्रिवेल ही वह ज्योतिषी थे जिन्होंने विजय को ‘V’ अक्षर से शुरू होने वाले निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की सलाह दी थी।

चुनाव के दौरान उन्होंने कई यूट्यूब इंटरव्यू में विजय और टीवीके के लिए राजनीतिक सफलता की भविष्यवाणी भी की। वैसे, तमिलनाडु की राजनीति का ज्योतिष और अंकशास्त्र से लंबे समय से संबंध रहा है। इसमें विभिन्न दलों के नेता अक्सर निजी तौर पर ज्योतिषियों से सलाह लेते रहे हैं। हालांकि, वेट्रिवेल की बतौर ओएसडी नियुक्ति शायद ही पहले हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार राधन पंडित को वैदिक ज्योतिष, अंक ज्योतिष और ध्यान आधारित मार्गदर्शन में करीब चार दशकों का अनुभव है। उनको देश के हाई-प्रोफाइल ज्योतिषियों में गिना जाता है। राजनेताओं सहित मशहूर हस्तियों, कॉर्पोरेट जगत के लोगों और वरिष्ठ नौकरशाहों को वे सलाह देते रहे हैं।

ज्योतिषी की नियुक्ति पर सवाल भी उठने लगे

इसे लेकर टीवीके को सहयोग देने वाली पार्टियों कांग्रेस, सीपीआई (एम) और विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची (वीसीके) के नेताओं ने सवाल उठाया है और विजय से इस कदम पर फिर से विचार करने का आग्रह किया है। कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने एक्स पर एक पोस्ट में इस नियुक्ति की आलोचना करते हुए कहा, ‘यह मेरी समझ से परे है। एक ज्योतिषी को ओएसडी पद की क्या आवश्यकता होगी? क्या कोई समझा सकता है?’

ऐसे ही सीपीआई(एम) के राज्य सचिव पी. शनमुगम ने कहा कि यह निर्णय तर्कसंगत सोच को बढ़ावा देने की सरकार की जिम्मेदारी के उलट है। उन्होंने लिखा, ‘वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना सरकार का कर्तव्य है। रिक्की राधान पंडित, जिन्हें आज मुख्यमंत्री के राजनीतिक विंग का सचिव नियुक्त किया गया है, मूल रूप से एक ज्योतिषी हैं। ऐसे व्यक्ति को सरकारी खर्च पर अधिकारी नियुक्त करने से लोगों में ज्योतिष पर विश्वास ही बढ़ेगा।’

उन्होंने आगे कहा, ‘सरकार द्वारा की गई यह नियुक्ति अस्वीकार्य है! यह भी अस्वीकार्य है कि यह व्यक्ति राजनीतिक सलाह देगा।’

वहीं, वीसीके के महासचिव डी रविकुमार ने भी इस नियुक्ति पर आपत्ति जताते हुए कहा, ‘धर्मनिरपेक्ष सरकार में यह अस्वीकार्य है। माननीय मुख्यमंत्री को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।’

यह भी पढ़ें- मुस्लिम स्कूल में को-एड के लिए स्थानीय प्रशासन की मंजूरी जरूरी नहीं, केरल HC का पिछले आदेश पर रोक लगाने से इनकार

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version