Home भारत पश्चिम बंगाल: संदेशखाली में TMC नेता के तालाब से भारी मात्रा में...

पश्चिम बंगाल: संदेशखाली में TMC नेता के तालाब से भारी मात्रा में हथियार बरामद, STF की बड़ी कार्रवाई

यह तालाब तृणमूल कांग्रेस नेता रॉबिन दास का है। इस मामले में उनके भाई गोपाल दास भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी से पहले ही रॉबिन दास और गोपाल दास इलाके से फरार हो गए थे।

STF West Bengal
फोटो- IANS

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में एक तालाब से बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए। सामने आई जानकारी के अनुसार ये तालाब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक नेता से जुड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, ये हथियार कथित तौर पर तालाब में छिपाकर रखे गए थे।

सूचना के आधार पर STF ने शनिवार सुबह संदेशखाली और आसपास के इलाकों में छापेमारी की। अभियान के दौरान जांचकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रॉबिन दास से जुड़े एक तालाब से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। इस मामले में उनके भाई गोपाल दास भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी से पहले ही रॉबिन दास और गोपाल दास इलाके से फरार हो गए थे। पुलिस टीमों ने उनके घर और आसपास के अन्य स्थानों की भी तलाशी ली है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, एसटीएफ के साथ केंद्रीय बलों के जवान भी मौजूद थे और उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों को इलाके में अशांति फैलाने के उद्देश्य से जमा किया गया था। हथियारों की बरामदगी की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। अधिकारियों ने बताया कि व्यापक तलाशी अभियान अभी भी जारी है और फरार दोनों भाइयों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दोनों पर पहले भी स्थानीय निवासियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने सहित हिंसा से जुड़े आरोप लग चुके हैं।

भाजपा का तृणमूल पर हमला

हथियारों की बरामदगी की खबर सामने आने के बाद सत्तारूढ भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला और तेज कर दिया है। भाजपा विधायक सजल घोष ने आरोप लगाया कि इन हथियारों का इस्तेमाल आम लोगों और विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए किया जाने वाला था।

वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए पुलिस की सराहना की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि STF ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर कुमराखाली, बसंती और संदेशखाली क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी की और बड़ी मात्रा में अवैध हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया।

उन्होंने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल पुलिस को इस बड़ी सफलता के लिए बधाई। सटीक खुफिया सूचनाओं के आधार पर स्पेशल टास्क फोर्स ने सरबेरिया बाजार के पास कुमराखाली, बसंती और संदेशखाली के कई इलाकों में व्यापक अभियान चलाया। इन्होंने शांति भंग करने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए अवैध हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा जब्त किया है।’

मुख्यमंत्री अधिकारी ने यह भी दावा किया कि पिछले शासनकाल में ऐसे अवैध हथियारों को जमा किया जाता था और उनका इस्तेमाल आम नागरिकों को आतंकित करने के लिए किया जाता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य से अवैध हथियारों और राजनीतिक हिंसा को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘पिछले शासन के दौरान वर्षों तक ऐसे अवैध हथियार जमा किए गए और आम नागरिकों को डराने-धमकाने के लिए उनका बेरहमी से इस्तेमाल किया गया। इस हिंसा की संस्कृति ने अनेक विपक्षी कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं की जान ली, जिन्होंने अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई थी।’

उन्होंने आगे कहा, ‘वे अंधकार वाले दिन अब बीत चुके हैं। हमारी सरकार कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम पूरे पश्चिम बंगाल में हर अवैध हथियार का पता लगाकर उसे बरामद करने का अभियान जारी रखेंगे। राज्य से आपराधिक गतिविधियों और राजनीतिक आतंकवाद का पूरी तरह सफाया किया जाएगा। यहां शांति, सुरक्षा और लोकतंत्र की जीत होगी।’

यह भी पढ़ें- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version